हम सभी जब पानी या कोल्ड ड्रिंक की बोतल खोलते हैं, तो देखते हैं कि ढक्कन के नीचे लगी प्लास्टिक की रिंग लगी होती है। हम में से सभी लोगों ने इसे जरूर देखा होगा, लेकिन इसे नजरअंदाज करके छोड़ देते हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि बोतल के ढक्कन में लगी इस छोटी-सी रिंग का संबंध आपकी सुरक्षा और प्रोडक्ट की प्यूरिटी से जुड़ा है? आज के इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं कि बोतल के नीचे लगी रिंग का असली काम क्या-क्या होता है?
बोतल के ढक्कन के नीचे लगी रिंग को क्या कहते हैं?
बोतल के ढक्कन के नीचे लगी इस प्लास्टिक की रिंग को टैम्पर एविडेंट रिंग या टैम्पर एविडेंट बैंड कहा जाता है। इसका मुख्य काम यह बताना है कि बोतल को पहली बार खोला जा चुका है या नहीं। जब किसी कंपनी में पानी, जूस या कोल्ड ड्रिंक की बोतल पैक की जाती है, तो ढक्कन के साथ यह रिंग भी लगी होती है।
Image Credit-ai
यह रिंग कुछ छोटे-छोटे प्लास्टिक के हिस्सों यानी ब्रिज के जरिए ढक्कन से जुड़ी रहती है। बोतल को पहलीबार खोलने पर ये छोटे हिस्से टूट जाते हैं और रिंग बोतल की गर्दन पर ही रह जाती है। इससे पता चल जाता है कि बोतल का ढक्कन पहले खोला जा चुका है।
इसे भी पढ़ें- होटल रूम में बेड के नीचे बॉटल फेंकने की यह ट्रिक क्या है? इसके पीछे की वजह यहां जानें
ढक्कन खोलते ही कैसे टूट जाती है यह प्लास्टिक रिंग?
इसके पीछे एक छोटी-सी मैकेनिकल तकनीक काम करती है। दरअसल, बोतल की गर्दन पर एक उभरा हुआ हिस्सा बनाया जाता है, जो रिंग को अपनी जगह पर रोके रखता है।
जब आप ढक्कन को घुमाकर खोलती हैं, तो ढक्कन ऊपर की तरफ घूमने लगता है, लेकिन नीचे लगी रिंग बोतल की गर्दन के उभरे हुए हिस्से में फंसी रहती है। ऐसे में ढक्कन और रिंग को जोड़ने वाले छोटे प्लास्टिक के हिस्सों पर दबाव पड़ता है और वे टूट जाते हैं। इसके बाद ढक्कन आसानी से अलग हो जाता है, जबकि रिंग बोतल पर ही रह जाती है। यही टूटना इस बात का संकेत होता है कि बोतल पहली बार खुल चुकी है।
बोतल की प्लास्टिक रिंग आखिर क्यों जरूरी होती है?
इस छोटी-सी रिंग का सबसे बड़ा काम ग्राहकों को यह भरोसा दिलाना है कि उनके हाथ में मौजूद बोतल पहले से खोली हुई नहीं है। मान लीजिए आपने दुकान से पानी की बोतल खरीदी और उसके ढक्कन के नीचे लगी रिंग पहले से टूटी हुई है। ऐसे में यह संकेत हो सकता है कि बोतल पहले खोली गई है या उसके साथ छेड़छाड़ हुई है।
Image Credit-herzindagi
- रिंग टूटने से पता चलता है कि बोतल का ढक्कन खोला जा चुका है।
- बोतल को दोबारा बंद करने के बाद भी टूटी हुई रिंग दिखाई देती है।
- इससे ग्राहक को पैकिंग की सुरक्षा जांचने में मदद मिलती है।
- यह अनधिकृत तरीके से बोतल खोलने या दोबारा पैक करने की कोशिश को पहचानने में मदद करती है।
क्या टूटी हुई रिंग वाली बोतल खरीदना सही है?
अगर आप दुकान से पानी, जूस या कोल्ड ड्रिंक खरीद रही हैं और उसके ढक्कन के नीचे लगी रिंग पहले से टूटी हुई दिखाई देती है, तो ऐसी बोतल खरीदने से बचना बेहतर है। इसके अलावा यह भी देखें कि ढक्कन ठीक से लगा है या नहीं और बोतल में किसी तरह का रिसाव तो नहीं है। ध्यान रखें कि केवल रिंग सही होने से बोतल के पूरी तरह सुरक्षित होने की गारंटी नहीं मिलती। इसलिए पैकिंग की दूसरी चीजों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
निष्कर्ष
अगली बार जब बोतल खरीदें, तो ढक्कन के नीचे लगी प्लास्टिक की छोटी सी रिंग को जरूर चेक करें। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit-magnific
