कभी किसी लड़की को कहा जाता है, रंग कितना काला है। कभी कहा जाता है, हाइट कितनी छोटी है। कभी कहा जाता है, कितनी मोटी हो, ठीक से चलती भी नहीं हो। ये बातें सुनने में छोटी लगती हैं, लेकिन लड़की के मन पर बहुत गहरा असर डालती हैं। इसको बॉडी शेमिंग भी कहा जाता है।

लड़कियां ने खुद को बनाया मजबूत

अब जमाना बदल रहा है। आज की महिला इन तानों से टूट नहीं रही है, बल्कि और मजबूत हो रही है। वह अब खुद को बदलने के लिए नहीं, बल्कि खुद को अपनाने के लिए खड़ी हो रही है। उसे अब किसी की मंजूरी नहीं चाहिए। आइए एम्स दिल्ली की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, एक्सपर्ट्स और BSF में एमिनेंट फैकल्टी डॉक्‍टर विधि पिलनिया से इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

Photo Credit: Youtube (Prime Video)

पहले क्यों चुप रह जाती थी महिला?

पहले के समय में लड़की को बचपन से ही सिखाया जाता था कि गोरी, पतली और लंबी लड़की ही सुंदर होती है। टीवी, फिल्म और विज्ञापन भी यही दिखाते थे। इसी वजह से जब कोई रिश्तेदार, पड़ोसी या दोस्त उसके रंग, वजन या चाल पर टिप्पणी करता था, तो वह चुप हो जाती थीं। वह अंदर ही अंदर खुद को कम समझने लगती थी। कई लड़कियां तो आईना देखना भी बंद कर देती थीं। समाज ने सुंदरता का एक ही पैमाना बना दिया था और उस पैमाने पर जो फिट नहीं होती थी, उसे अजीब समझा जाता था।

अब क्यों बदल रही है सोच?

आज की महिला पढ़ी-लिखी है, कमाती है और अपने फैसले खुद लेती है। उसे समझ आ गया है कि सुंदरता सिर्फ चेहरे से नहीं होती है। सोशल मीडिया पर अब काली, मोटी, छोटी हाइट वाली महिलाएं भी खुलकर अपनी फोटो डाल रही हैं। वो साड़ी, जींस, लहंगा सब पहन रही हैं और गर्व से कह रही हैं, ये मैं हूं और मुझे खुद पर गर्व है। जब एक महिला बोलती है, तो दूसरी को भी हिम्मत मिलती है। यही वजह है कि अब ताना मारने वालों को जवाब भी मिलने लगा है।

तानों के अनोखे जवाब

- 50 साल की माया जोशी ने कहा कि रंग से लोगों को जज करना बंद करना चाहिए और सोच बदलने की जरूरत है। इसी से समाज में सुधार होगा।

- 29 साल की नेहा रुस्तगी ने जवाब दिया कि इंसान को रंग रूप से जज करना चाहिए बंद करना चाहिए। अगर मन साफ है तो हर किसी को अच्छा पार्टनर मिल सकता है।

- 29 साल की सोनिया नेगी ने जवाब दिया कि रूप तो बदल जाता है, पर मन साफ हो तो इंसान हमेशा अच्छा लगता है।

- 29 साल की स्वाति पांडेय ने जवाब दिया कि मेरा शरीर मेरा है, तुम्हारी राय नहीं मांगी। चलना मुझे आता है, बस तुम्हारी जैसी छोटी सोच वालों के सामने रुकना नहीं आता है।

रंग और वजन से क्यों नहीं तय होता पार्टनर?

लोग अक्सर सोचते हैं कि अच्छा पार्टनर सिर्फ सुंदर दिखने वाले को मिलता है। ये सोच बिल्कुल गलत है। रिश्ता रंग से नहीं, मन से चलता है। जिसका मन साफ होता है, जो इज्जत करना जानता है, जो मुश्किल में साथ खड़ा रहता है, वही अच्छा पार्टनर होता है। गोरी और पतली लड़की भी अगर घमंडी हो तो रिश्ता नहीं चलता है। इसलिए, इंसान को रंग-रूप से जज करना बंद करना चाहिए। हर किसी को अच्छा पार्टनर मिल सकता है, अगर उसका मन अच्छा हो।

Photo Credit: Youtube (Prime Video)

खुद को अपनाना ही है सबसे बड़ी जीत

अपने आप को अपनाना मतलब लापरवाही नहीं है। इसका मतलब है खुद से नफरत न करना। अगर वजन ज्यादा है तो सेहत के लिए मेहनत करो, लेकिन शर्म के लिए नहीं। अगर रंग सांवला है तो उसे छिपाओ मत, उसे अपनी पहचान बनाओ। अगर चाल अलग है तो उसे अपनी स्टाइल बनाओ। जब महिला खुद से प्यार करने लगती है, तो दुनिया की कोई बात उसे तोड़ नहीं सकती। उसका आत्मविश्वास ही उसकी सबसे बड़ी सुंदरता बन जाता है।

समाज को अब क्या समझना चाहिए?

समाज को अब ये समझना होगा कि हर शरीर अलग है, हर रंग अलग है और यही खूबसूरती है। किसी के शरीर पर कमेंट करना मजाक नहीं, बल्कि गलत बात है। माता-पिता, दोस्त और परिवार को चाहिए कि वो लड़की को उसके रंग और वजन के लिए टोकें नहीं, बल्कि उसे हिम्मत दें। एक अच्छी बात किसी लड़की की पूरी जिंदगी बदल सकती है और एक बुरा ताना उसे सालों तक दुखी रख सकता है।

Photo Credit: Youtube (Zee5)

न रंग की परवाह, न वजन का डर, यही आज की महिला की नई पहचान है। वो अब तानों से डरकर नहीं, तानों का जवाब देकर आगे बढ़ रही है। वो जान गई है कि सुंदरता चेहरे में नहीं, सोच और आत्मविश्वास में होती है। जब मन साफ होगा तो हर रूप सुंदर लगेगा। समाज को भी अब सुंदरता की पुरानी परिभाषा को बदलना होगा।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।