Women Property Rights: पिता की संपत्ति में बेटी का हिस्सा होता है, ये सब जानते हैं। क्या बहन अपने भाई की संपत्ति में भी हिस्सा मांग सकती है? ये सवाल हर दूसरे घर में उठता है। खासकर तब, जब भाई को माता-पिता से घर या जमीन मिली हो। लोग समझते हैं कि बहन होने का मतलब हर संपत्ति में हिस्सा है, लेकिन कानून ऐसा नहीं कहता है।
प्रॉपर्टी का कानून क्या कहता है?
जमीन और मकान को लेकर भाई-बहन में झगड़ा अब आम बात हो गई है। शादी के बाद बहन जब हिस्सा मांगती है, तो घर में तकरार बढ़ जाती है। कई बार तो बात कोर्ट तक पहुंच जाती है। इसलिए ये समझना बहुत जरूरी है कि कानून में बहन को भाई की संपत्ति में कब अधिकार मिलता है और कब नहीं? आइए सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट मुफ्ती उसामा नदवी से जानते हैं कि बहनों की हिस्सेदारी को लेकर भारतीय कानून क्या कहता है?
Photo Credit: Pinterest (James G.Dibbini)
सबसे पहले समझें, संपत्ति किस तरह की है?
कानून में बहन का अधिकार इस बात पर तय होता है कि संपत्ति कैसी है। सिर्फ बहन होने से भाई की हर संपत्ति में हिस्सा नहीं मिल जाता है। संपत्ति को दो हिस्सों में समझना होगा।
1. भाई की खुद की खरीदी संपत्ति
अगर भाई ने अपनी कमाई से घर, फ्लैट, प्लॉट या दुकान खरीदा है, तो वो उसकी खुद की संपत्ति है। इसमें बहन सिर्फ रिश्ते के आधार पर हिस्सा नहीं मांग सकती है। भाई चाहे तो अपनी मर्जी से बहन को गिफ्ट दे सकता है। चाहे तो वसीयत में उसका नाम लिख सकता है, लेकिन बहन जबरदस्ती दावा नहीं कर सकती है।
2. वसीयत या गिफ्ट से मिली संपत्ति
अगर माता-पिता ने वसीयत या गिफ्ट डीड से सारी संपत्ति सिर्फ बेटे के नाम कर दी है, तो वो भी आम तौर पर उसकी निजी संपत्ति मानी जाएगी। इसमें भी बहन को अपने आप हिस्सा नहीं मिलेगा, लेकिन यहां एक बात ध्यान रखने वाली है। वसीयत सही है या नहीं, गिफ्ट डीड में कोई गड़बड़ तो नहीं है, ये जांचना जरूरी है। अगर वसीयत में ही कोई कमी है, तो मामला बदल सकता है।
पैतृक संपत्ति में बहन को मिलता है पूरा अधिकार
अगर संपत्ति दादा-परदादा के जमाने की है, यानी खानदानी संपत्ति है, तो वहां नियम एकदम अलग हो जाते हैं। इस तरह की संपत्ति में बेटी को बेटे जितना ही हक मिलता है। 2005 में कानून में बदलाव के बाद से बेटी को पैदा होते ही उस खानदानी संपत्ति में हिस्सेदार मान लिया जाता है। शादी हो जाए तब भी उसका ये हक खत्म नहीं होता है। वो चाहे तो अपने हिस्से के बंटवारे के लिए आवाज उठा सकती है, और जरूरत पड़े तो कोर्ट का दरवाजा भी खटखटा सकती है।
साल 2020 में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस बात को पक्का कर दिया था। कोर्ट ने साफ कहा था कि बेटी का हक जन्म से ही बन जाता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो 2005 से पहले पैदा हुई थी या बाद में। ये भी जरूरी नहीं है कि 2005 में उसके पिता जिंदा हों, लेकिन यहां एक बात समझनी बहुत जरूरी है। सिर्फ घर में किसी संपत्ति को पैतृक बोल देने से वो पैतृक नहीं हो जाती है। देखना ये होगा कि संपत्ति आई कहां से, किसके नाम पर रही, क्या उसका बंटवारा पहले ही हो चुका है। विरासत में मिली हर चीज अपने आप खानदानी संपत्ति नहीं बन जाती। इसलिए पहले पुराने कागज, रजिस्ट्री और मालिकाना हक का पूरा इतिहास चेक करना ही समझदारी है।
Photo Credit: Pinterest
क्या शादी के बाद बहन का अधिकार खत्म हो जाता है?
नहीं, बिल्कुल नहीं। ये सबसे बड़ी गलतफहमी है। हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 6 के तहत विवाहित और अविवाहित बेटी को बराबर अधिकार दिए गए हैं। शादी के बाद भी बेटी का पैतृक संपत्ति में अधिकार बना रहता है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि शादीशुदा बहन भाई की खुद की खरीदी संपत्ति में हिस्सा मांग लेगी।
उसका अधिकार संपत्ति के टाइप पर ही निर्भर करेगा। ऐसे ही भाई को भी सिर्फ इसलिए बहन की संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता कि उसने बहन की शादी में खर्च किया है या उसकी मदद की है। कानून में अधिकार कागज और उत्तराधिकार के नियम से तय होता है, भावनाओं से नहीं।
क्या आपसी समझौते से झगड़ा सुलझ सकता है?
हां, बिल्कुल सुलझ सकता है और यही सबसे अच्छा तरीका भी है। भाई-बहन बातचीत से तय कर सकते हैं कि किसे कितना हिस्सा मिलेगा? संपत्ति की कीमत कितनी है, कोई एक हिस्सा खरीदना चाहता है या नहीं, ये सब आपस में तय हो सकता है। इससे कोर्ट के लंबे चक्कर से बच जाएंगे।
यह भी पढ़ें- क्या दूसरी शादी करने पर Ex-Husband की प्रॉपर्टी पर बना रहता है अधिकार? जानिए क्या कहता है कानून
अगर बहन अपना हिस्सा छोड़ना चाहती है, तो उसे सिर्फ मुंह से कह देना काफी नहीं है। इसके लिए पंजीकृत त्यागपत्र या रिलीज डीड बनवाना जरूरी है। बिना सही कागज के बाद में फिर से झगड़ा हो सकता है। इसलिए, कोई भी फैसला लेने से पहले वकील से सलाह जरूर लें और सारे कागज सही से बनवाएं।
Photo Credit: Pinterest (The Economics Times)
सीधी बात ये है, बहन होने से हर संपत्ति में हक नहीं मिल जाता है। पैतृक संपत्ति में बहन का हक बेटे जितना ही है, लेकिन भाई की अपनी कमाई वाली संपत्ति में नहीं। इसलिए, झगड़ा करने से पहले ये जान लीजिए कि संपत्ति किस तरह की है। कागज सही होंगे तो रिश्ता भी बचा रहेगा और हक भी मिल जाएगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकार से जुड़ी हर अहम बात हम हफ्ते में दो दिन अपनी खास सीरीज निडर नारी के जरिए आपको बताएंगे।
-1794302687446_m.webp)