रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' को लेकर इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। इस फिल्म में रामायण से जुड़े कई ऐसे दृश्य देखने को मिलें, जिसके बाद लोगों के मन में कई सवाल है कि क्या यह सच है या फिर अलग से जोड़ा गया है। इन्हीं में से एक है माता सीता के अपहरण के दौरान जटायु और रावण के बीच हुआ भयानक युद्ध। इसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। इसमें दिखाया गया है कि जटायू जब नीचे गिरता है, तो उस दौरान रावण जटायू का एक नाखून अपने पास रख लेता है। इसे लेकर लोगों के मन में यह प्रश्न है कि क्या सच में रावण ने नाखून अपने पास रखा था? अगर हां, तो क्यों? चलिए नीचे लेख में हनुमानगढ़ी, अयोध्या के महंत राजू दास से जानते हैं कि इसके पीछे की सच्चाई।

जटायु और रावण के बीच क्यों हुआ था युद्ध?

रामायण के अनुसार, जब रावण माता सीता का अपहरण करके उन्हें अपने पुष्पक विमान से लंका ले जा रहा था, तब रास्ते में जटायु ने उसे देख लिया। जटायु राजा दशरथ के मित्र थे। माता सीता को संकट में देखकर उन्होंने रावण को रोकने का फैसला किया।

जटायु ने रावण को समझाया कि किसी दूसरे की पत्नी का अपहरण करना गलत है, लेकिन रावण ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद दोनों के बीच भयंकर युद्ध शुरू हो गया। जटायु ने अपनी चोंच और पंजों से रावण पर हमला किया। उन्होंने रावण को काफी चोट पहुंचाई और उसके रथ को भी नुकसान पहुंचाया।

रावण ने जटायु का नाखून क्यों रखा था अपने पास?

फिल्म में दिखाए गए इस प्रसंग के अनुसार, जटायु ने युद्ध के दौरान रावण को इतनी कड़ी टक्कर दी कि उसका एक सिर तक कट गया। हालांकि, अपनी शक्तियों की मदद से रावण ने दोबारा सिर प्राप्त कर लिया। इसके बाद उसने जटायु पर हमला किया और तलवार से उनके पंख काट दिए।

लेकिन इस युद्ध के बाद रावण जटायु का एक नाखून तोड़कर अपने पास रख लेता है। इसके पीछे एक वजह उसका अहंकार माना जा रहा है। दरअसल, रावण को अपनी शक्ति और पराक्रम पर बहुत घमंड था। उसे इस बात का अपमान महसूस हुआ कि एक बूढ़े पक्षी ने उसे घायल कर दिया। ऐसे में जटायु का नाखून अपने पास रखना उस युद्ध और अपने अपमान की याद को संभालकर रखने जैसा माना जा सकता है।

क्या वाल्मीकि रामायण में भी मिलता है इसका जिक्र?

यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। वाल्मीकि रामायण के अरण्य कांड में जटायु और रावण के बीच युद्ध का विस्तार से वर्णन मिलता है। इसमें बताया गया है कि जटायु ने अपने पंजों और चोंच से रावण पर हमला किया था। आखिर में रावण ने तलवार से जटायु के पंख, पैर और शरीर के हिस्सों पर वार किया।

हालांकि, मूल वाल्मीकि रामायण में रावण द्वारा जटायु का नाखून तोड़कर अपने पास रखने की बात नहीं मिलती। यह फिल्म में जोड़ा गया एक रचनात्मक प्रसंग है। इसलिए इसे मूल रामायण की घटना नहीं, बल्कि फिल्म की अपनी कल्पना के रूप में देखना चाहिए।

जटायु ने हारकर भी जीत लिया सबका दिल

रावण से युद्ध करते हुए जटायु बुरी तरह घायल हो गए थे, लेकिन उन्होंने माता सीता को बचाने की पूरी कोशिश की। जब भगवान राम और लक्ष्मण उन्हें मिले, तब जटायु ने सीता के अपहरण की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए। जटायु का यह बलिदान बताता है कि सच्ची वीरता केवल युद्ध जीतने में नहीं, बल्कि किसी की रक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना खड़े होने में है।

निष्कर्ष

वाल्मीकि रामायण के अरण्य कांड के सर्ग 51 में जटायु-रावण युद्ध का मूल वर्णन मिलता है। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ।

Image Credit-AI