राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर केवल अपने भव्य किलों, ऐतिहासिक महलों और विरासतों के लिए ही पूरी दुनिया में मशहूर नहीं है, बल्कि यह पारंपरिक खरीदारी के लिए भी जाना जाता है। शॉपिंग की शौकीन महिलाओं के लिए जयपुर किसी जन्नत से कम नहीं है। खासकर जब बात राजस्थानी पहनावे की हो, तो बंधेज की साड़ियों, लहरिया दुपट्टे और खूबसूरत लाख की चूड़ियों का जिक्र जरूर होता है। ऐसे में आज हम आपको जयपुर के 3 ऐसे खास ऐतिहासिक बाजारों के बारे में बताएंगे, जो असली बंधेज व हस्तनिर्मित लाख की चूड़ियों के लिए काफी प्रसिद्ध हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में -

जयपुर के 3 सबसे प्रसिद्ध बाजार

साड़ी हो या सूट, हाथों में चूड़ियां पहनने से पूरा एथनिक और ट्रेडिशनल लुक निखरकर आता है। ऐसे में आप जयपुर के इन 3 बाजारों को एक्सप्लोर कर सकती हैं...

1. मनिहारों का रास्ता

बंधेज पैटर्न व हस्तनिर्मित लाख की चूड़ियों की खरीदारी के लिए त्रिपोलिया बाजार स्थित 'मनिहारों का रास्ता' बेस्ट है। यह जयपुर की उस ऐतिहासिक गली का नाम है, जो पूरी तरह लाख की चूड़ियों और असली बंधेज सरीयों के निर्माण और बिक्री के लिए जानी जाती है। इस गली में पहुंचते ही आपको लाख पिघलाने और उस पर शीशे जड़ते कारीगरों की कला देखने को मिलेगी। साथ ही असली बंधेज प्रिंट और इसे बनाने का तरीका भी आप इस गली में देख सकती हैं। इस बाजार से आप शादी-ब्याह, तीज-त्योहार या दुल्हन के लिए बंधेज और चूड़े खरीद सकती हैं।  

2. जौहरी बाजार

जयपुर के सबसे पुराने और फेमस बाजारों में जौहरी बाजार का नाम सबसे ऊपर आता है। यह शहर के ऐतिहासिक बाजारों में से एक है, जहां से आप लाख की पारंपरिक चूड़ियों से लेकर असली बंधेज वर्क साड़ी और दुपट्टे बजट में मिल सकते हैं। इस बाजार में आपको जयपुर की प्रसिद्ध चूड़ियों के अलावा अलग-अलग तरह की ज्वेलरी और बंधेज प्रिंट के सूट या थोक के भाव में असली बंधेज कपड़ा भी मिल जाएगा, जिसे आप थोक में खरीद कर कई तरह की ड्रेसेस बनवा सकती हैं। त्योहारों पर खरीदी के लिए भी ये बाजार सही विकल्प रहेगा।

यह भी पढ़ें- Cheapest Clothes Market: सस्ते कपड़ों के लिए फेमस हैं भारत के ये 3 थोक बाजार, दिल्ली से जयपुर तक लगती है भीड़

3. चांदपोल बाजार

पिंक सिटी में एक और बाजार ऐसा है, जो चूड़ियों और हस्तनिर्मित और बंधेज प्रिंट वाले कपड़ों की खरीदी के लिए हमेशा चर्चा में रहता है। हम बात कर रहे हैं चांदपोल बाजार की। इस बाजार में आपको चूड़ियों की कई दुकानें मिल जाएंगी साथ ही यहां से असली बंधेज भी खरीदना आसान है। इस बाजार से आप कम कीमत में यानी अपने बजट के अंदर ही चीजों की खरीदारी कर सकती हैं। यह बाजार शॉपिंग के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों का पसंदीदा ठिकाना माना जाता है। चूड़ियों के अलावा आपको यहां कपड़े, बंधेज सूट्स, जयपुरी मोजड़िया और हस्तशिल्प आइटम्स मिल जाएंगे। 

खरीदारी के समय इन बातों का रखें ध्यान : 

जयपुर के इन बाजारों से खरीदी करते समय कुछ खास बातों का जरूर ध्यान रखें। जैसे - 

  • असली लाख की चूड़ियां थोड़ी भारी होती हैं और हाथ से पकड़ने पर हल्की गर्म महसूस होती हैं। ऐसे में चूड़ियों को परखने के बाद ही खरीदें। 
  • बंधेज खरीदते वक्त ध्यान रहे असली बंधेज में कपड़े पर छोटे-छोटे गांठों के निशान और हल्की सिलवटें होती हैं।
  • अगर चूड़ी बहुत ज्यादा चमकदार प्लास्टिक की तरह दिख रही है, तो उसकी खरीदारी से बचें।
  • बंधेज खरीदने से पहले कपड़े का छोटा सा हिस्सा हाथ से दबाकर चेक करें कि रंग कच्चा तो नहीं है।
  • खरीदारी के समय साइज चेक जरूर करें। छोटी या बड़ी होने पर आप कारीगर से इसे अपने हाथ के हिसाब से सेट करवा सकती हैं।
  • जयपुर के इन बाजारों में खरीदारी के समय मोलभाव जरूर करें। 

यह भी पढ़ें- जयपुर से बेहद पास हैं ये 4 खूबसूरत जगहें, फैम‍िली संग वीकेंड पर करें एक्‍सप्‍लोर

जयपुर के ये पारंपरिक बाजार बंधेज पैटर्न और लाख की चूड़ियों की खरीदारी के लिए बेस्ट हो सकते हैं। ऐसे में आप जब भी जयपुर जाएं, तो इन 3 बाजारों को जरूर एक्सप्लोर करें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से। 

Image Credit :  magnific/shutterstock/AI