रिलेशनशिप में प्यार और नोंकझोक तो आम बात है। मगर आपका पार्टनर हर छोटी-छोटी बात पर बहस करने लगे, तो रिश्ता खराब होने लगता है। बात-बात पर तर्क-वितर्क होना और बात का बतंगड़ बनना न केवल रिश्ते के लिए बुरा होता है बल्कि मानसिक शांति को भी खराब करता है। ऐसे में रिश्ते में खटास आने लगती है और दूरियां बढ़ने लगती हैं। आपके साथ भी ऐसा ही कुछ हो रहा है और आप इस बात से परेशान हैं कि पार्टनर की इस आदत को कैसे सुधारा जाए? नीचे लेख में कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत से जानें कुछ आसान टिप्स, जिनकी मदद से आप इन झगड़ों को आसानी से सुलझा सकती हैं।

रिश्ते में बिना लड़ाई बात को कैसे सुलझाएं?

अगर आपके रिश्ते में रोजाना किसी न किसी बात पर बहस हो रही हैं, तो इसे शांति से सुलझाने की कोशिश करें। ऐसा इसलिए क्योंकि गुस्से में अक्सर लोग एक-दूसरे को ऐसी बातें बोल जाते हैं, जिसका बात में पछतावा होता है। 

इसे भी पढ़ें- क्या आपसे बात करते वक्त फोन चलाता है पार्टनर, जानें रिश्ते पर पड़ता है कैसा असर?

1. तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें

जब आपका पार्टनर किसी छोटी सी बात पर बहस शुरू करे, तो तुरंत जवाब देने या गुस्से में भड़कने से बचें। अक्सर गुस्से में बोली गई बातें स्थिति को और ज्यादा बिगाड़ देती हैं। कुछ देर के लिए शांत रहें और गहरी सांस लें। आपकी यह शांति पार्टनर का गुस्सा और बहस करने की जिद को आधा कर देगी।

2. शांत माहौल में बातचीत करें

बहस जब चल रही हो, तब किसी नतीजे पर पहुंचना मुश्किल होता है। इसलिए, जब माहौल शांत हो और दोनों का मूड ठीक हो, तब प्यार से बैठकर बात करें। पार्टनर को समझाएं कि उनकी इस बात-बात पर बहस करने की आदत से आपको कैसा महसूस होता है।

3. बातों को ध्यान से सुनें

कई बार लोग सिर्फ अपनी बात मनवाने के लिए बहस करते हैं और सामने वाले की बात सुनना ही नहीं चाहते। पार्टनर जब अपनी बात कह रहे हों, तो बीच में टोके बिना उन्हें ध्यान से सुनें। ऐसा करने से पार्टनर को यह एहसास होगा कि आप उनकी भावनाओं की कद्र करती हैं, जिससे आधा झगड़ा वहीं खत्म हो जाता है।

4. अपनी गलती स्वीकार करने में न हिचकिचाएं

रिश्ते में ईगो को बीच में न आने दें। यदि गलती आपकी तरफ से हुई है, तो बिना किसी झिझक के अपनी गलती मान लें। सॉरी बोलने से कोई छोटा नहीं होता, बल्कि इससे रिश्ता मजबूत होता है और पार्टनर का गुस्सा भी तुरंत शांत हो जाता है।

5. बात को ज्यादा खींचने से बचें

पुरानी बातों को बार-बार दोहराना या हर बहस को पुराने मुद्दों से जोड़ना रिश्ते के लिए जहर का काम करता है। वर्तमान मुद्दे पर ही बात करें और बात खत्म होने के बाद उसे वहीं छोड़ दें। पुरानी बातें याद दिलाने से झगड़ा सुलझने के बजाय और बढ़ जाता है।

6. एक-दूसरे को स्पेस दें

लगातार साथ रहने या मानसिक तनाव के कारण भी कई बार लोग छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़े हो जाते हैं। यदि आपको लगे कि बात बहुत ज्यादा बढ़ रही है, तो कुछ समय के लिए एक-दूसरे से थोड़ा स्पेस लें। अलग-अलग रहने से दिमाग शांत होता है और अपनी गलती का अहसास भी आसानी से हो जाता है।

7. प्यार और अपनापन बनाए रखें

रिश्ते में कितनी भी अनबन क्यों न हो, एक-दूसरे के प्रति सम्मान और प्यार कम नहीं होना चाहिए। बहस के दौरान भी मर्यादा न लांघें। दिन के अंत में प्यार भरी एक हल्की सी मुस्कान या गले लगाना बड़े से बड़े झगड़े को चुटकियों में सुलझा सकता है।

इसे भी पढ़ें- काम की भागदौड़ में खो रहा है प्यार? पार्टनर से बॉन्डिंग मजबूत करने के लिए अपनाएं ये 4 आदतें

ऊपर लेख में बताए गए तरीकों से आप अपने रिश्ते में होने वाले बहस से बच सकती हैं। इससे न केवल झगड़े कम होंगे बल्कि रिश्ता भी बेहतर रहेगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit- Magnific