Yeh Prem Mol Liya Trailer Twitter Reactions: बॉलीवुड में पारिवारिक रिश्तों, प्यार और संस्कारों की कहानियां एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने वाली हैं। एक्टर आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) और शरवरी वाघ (Sharvari Wagh ) की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर 18 नवंबर को रिलीज हो चुका है। फिल्म के निर्देशक सूरज बड़जात्या हैं, जिनकी फिल्मों में परिवार, रिश्तों और भावनाओं को खास जगह मिलती है। ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। शुरुआती प्रतिक्रियाओं में फिल्म को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। कई लोगों को इसकी कहानी और पारिवारिक अंदाज पसंद आया है।
'ये प्रेम मोल लिया' के ट्रेलर पर क्या बोले दर्शक?
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूजर्स ने फिल्म की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि बॉलीवुड में लंबे समय से ऐसी फिल्मों की कमी महसूस हो रही थी। दर्शक परिवार और अच्छे रिश्तों पर आधारित कहानियां देखना चाहते हैं। यूजर ने सूरज बड़जात्या के निर्देशन पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह ऐसी कहानियों को पर्दे पर खूबसूरती से पेश करना जानते हैं।
इसी यूजर ने आयुष्मान और शरवरी की तारीफ करते हुए फिल्म के हिट होने की उम्मीद भी जताई। वहीं, एक दूसरे यूजर ने लिखा कि ट्रेलर ने फिल्म को लेकर अच्छी चर्चा शुरू कर दी है और इसकी कहानी उम्मीद जगाती है।
एक अन्य दर्शक को फिल्म का रोमांटिक अंदाज पसंद आया। उनका कहना था कि प्यार भरे गाने और रोमांटिक धुनें कभी पुराने नहीं होते। फिल्म का ट्रेलर इसी खूबसूरत एहसास की याद दिलाता है।
क्या है फिल्म के ट्रेलर की कहानी?
ट्रेलर की शुरुआत प्रेम मिश्रा (आयुष्मान खुराना) के एक खुलासे से होती है। वह बताता है कि उसके पिता वेद मिश्रा (अनुपम खेर) ने अपनी बहू पूर्वा सोलंकी (शरवरी) के परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके बाद लोगों को सोलंकी निवास की झलक दिखाई जाती है, जहां छह महिलाएं रहती हैं।
पूर्वा पर अपने परिवार और माता-पिता की जिम्मेदारी है। ऐसे में शादी के बाद वह अपने घर और अपनों को छोड़कर नहीं जाना चाहती। इस परिस्थिति को समझते हुए प्रेम एक अलग रास्ता सुझाता है। वह कहता है कि शादी के बाद उसका परिवार पूर्वा के घर आकर रह सकता है।
image credit-imdb
यहीं से कहानी में रिश्तों और पारिवारिक समझदारी का नया पहलू सामने आता है। फिल्म का प्रेम पुरानी परंपराओं पर सवाल उठाने से भी पीछे नहीं हटता। कहानी सिर्फ दो लोगों की शादी तक सीमित नहीं है, बल्कि दो परिवारों के एक-दूसरे को समझने और करीब आने का सफर भी दिखाती है।
कब रिलीज होगी 'ये प्रेम मोल लिया'? (Yeh Prem Mol Liya Release Date)
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी के अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन और स्वानंद किरकिरे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी और राजेश कुमार सहित कई कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।
फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर इसे बनाया है। 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
यह भी पढ़ें- फिर जाग उठा 90s वाला देसी रोमांस, आयुष्मान-शारवरी के प्यार ने सावन में लगाई आग; देख पिघल जाएगा दिल
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- imdb
