Salman Khan Prem Character: हिंदी सिनेमा में कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जो कलाकार की पहचान बन जाते हैं। सलमान खान के लिए 'प्रेम' भी ऐसा ही किरदार है। जब भी इस नाम का जिक्र होता है, फैंस के जेहन में भाईजान का चेहरा आ जाता है। सलमान (Salman Khan) को प्रेम के रूप में फेमस बनाने का श्रेय निर्देशक सूरज बड़जात्या (Sooraj Barjatya) को जाता है। दोनों की जोड़ी ने कई यादगार फिल्में दी हैं। अब एक बार फिर सलमान और सूरज के साथ आने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। दरअसल, निर्देशक ने जागरण के साथ एक हालिया इंटरव्यू में सलमान को दोबारा प्रेम बनाने की संभावना पर खुलकर बात की है।
क्या पर्दे पर फिर लौटेगा सलमान खान का प्रेम अवतार?
सलमान खान और सूरज बड़जात्या की जोड़ी ने 'मैंने प्यार किया' से लोगों के बीच खास जगह बनाई थी। इस फिल्म में सलमान प्रेम के किरदार में नजर आए थे। इसके बाद भी दोनों ने साथ काम किया और प्रेम का यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आया।
हाल ही में मुंबई में सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' (Yeh Prem Mol Liya) का ट्रेलर लॉन्च हुआ। इस दौरान दैनिक जागरण के सीनियर पत्रकार अंकित सिंह तोमर ने निर्देशक से पूछा कि क्या वह भविष्य में सलमान खान को एक बार फिर प्रेम के किरदार में पर्दे पर उतारने की तैयारी कर रहे हैं?
image credit- jagran
इस सवाल के जवाब में सूरज बड़जात्या ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' पर है। हालांकि, वह खुद भी चाहते हैं कि सलमान खान को दोबारा प्रेम के रूप में लोगों के सामने लाया जाए।
सलमान के साथ फिल्म बनाने पर क्या बोले सूरज बड़जात्या?
सूरज बड़जात्या ने बातचीत में साफ किया कि अभी सलमान खान के साथ ऐसी किसी फिल्म की योजना तय नहीं हुई है, लेकिन वह इस बात पर विचार जरूर कर रहे हैं कि एक्टर को प्रेम के किरदार में किस तरह वापस लाया जा सकता है।
निर्देशक के मुताबिक, अगर इस दिशा में कोई नई योजना बनती है तो वह इसके बारे में जरूर जानकारी शेयर करेंगे। उनके इस बयान से उन लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं, जो सलमान खान को एक बार फिर उनके पुराने रोमांटिक और पारिवारिक अंदाज में देखना चाहते हैं।
image credit- jagran
इन फिल्मों में सलमान खान बने थे प्रेम
सलमान खान ने सूरज बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम बनकर खूब लोकप्रियता हासिल की। उनकी और निर्देशक की जोड़ी ने कई ऐसी फिल्में दीं, जिन्हें आज भी दर्शक पसंद करते हैं।
मैंने प्यार किया: साल 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म से सलमान खान के प्रेम किरदार को खास पहचान मिली।
हम आपके हैं कौन: इस फिल्म में सलमान और माधुरी दीक्षित की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई।
हम साथ-साथ हैं: पारिवारिक रिश्तों पर आधारित इस फिल्म में भी सलमान प्रेम के किरदार में नजर आए।
प्रेम रतन धन पायो: साल 2015 में आई इस फिल्म के जरिए सलमान ने एक बार फिर प्रेम बनकर बड़े पर्दे पर वापसी की।
यह भी पढ़ें- आखिर क्यों मृणाल ठाकुर के हाथों से फिसली थी ‘सुल्तान’? सलमान खान ने किया नेशनल टीवी पर खुलासा
इसके अलावा 'अंदाज अपना-अपना', 'जुड़वा', 'बीवी नंबर-1', 'पार्टनर' और 'रेडी' जैसी फिल्मों में भी सलमान के किरदार का नाम प्रेम रहा है। ऐसे में अगर सूरज बड़जात्या और सलमान खान की जोड़ी दोबारा साथ आती है, तो यह लोगों के लिए किसी खास तोहफे से कम नहीं होगा।
यह भी पढ़ें- 'बॉलीवुड में ऐसी फिल्मों...', आयुष्मान-शरवरी की 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर देख फैंस ने लुटाया प्यार
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- imdb, rajshrifilms
