रणबीर कपूर की 'रामायण' पर एडवांस बुकिंग में 'धनवर्षा' हो रही है। नितेश तिवारी की इस मेगा बजट फिल्म को लेकर काफी बज है और यह फिल्म एडवांस बुकिंग में जबरदस्त कमाई करती दिख रही है। फिल्म की रिलीज में अभी लगभग एक हफ्ता है, लेकिन फिल्म ने पहले ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 17 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। कुछ दिन पहले लॉस एंजिल्स में हुए फिल्म के प्रीमियर को शानदार रिव्यूज मिले थे और इसके बाद अमेरिका में फिल्म की एडवांस बुकिंग में 27% उछाल देखने को मिला है। भारत में जहां फिल्म के हिंदी वर्जन को सबसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, वहीं विदेशों में भी यह प्री-सेल्स में जोरदार कमाई कर रही है। चलिए आप भी 'रामायण पार्ट 1' की एडवांस बुकिंग के आंकड़ों पर नजर डाल लीजिए।

एडवांस बुकिंग में 'रामायण' ने मचाया धमाल

रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर 'रामायण' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म की एडवांस बुकिंग 20 अक्टूबर दशहरे से शुरू हुई थी और एडवांस बुकिंग में फिल्म छप्परफाड़ कमाई कर रही है। सिनेमाघरों तक पहुंचने से पहले ही फिल्म ने बंपर कलेक्शन कर लिया है। खासकर, LA में हुए प्रीमियर के बाद फिल्म की एडवांस बुकिंग में उछाल आया है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर टिकटों की बिक्री से 17.08 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। फिल्म के लगभग 3 लाख 33 हजार टिकट बिक गए हैं।

हिंदी वर्जन को मिल रहा है अच्छा रिस्पॉन्स

एडवांस बुकिंग की शुरुआत में प्री-सेल कलेक्शन का लगभग पूरा हिस्सा हिंदी वर्जन से आ रहा था, लेकिन पिछले एक हफ्ते में कन्नड़ और तेलुगु भाषाओं के शो भी शुरू हो गए हैं। भारत में फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन का हिस्सा अभी भी 83% है, लेकिन कन्नड़ और तेलुगु वर्जन भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हिंदी वर्जन अब 1,600 से ज्यादा स्क्रीन पर लग चुका है। फिल्म के हिंदी भाषा में शोज की अब तक 14.17 करोड़ रुपये की बुकिंग हो चुकी है।

'रामायण' का फर्स्ट रिव्यू

'रामायण' का वर्ल्ड प्रीमियर 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में हुआ था, जहां फिल्म को पॉजिटिव रिव्यूज मिले थे। विदेशी धरती पर फिल्म ने 'जय श्री राम' का डंका बजाया था और राम के रूप में रणबीर कपूर के अभिनय ने फैंस का दिल जीत लिया था। यश को भी रावण के रोल के लिए काफी तारीफ मिली थी। कई दर्शकों ने तो फिल्म को भव्य बताया था और इसकी तुलना 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' से भी की थी। ऐसे में देखना होगा कि जब 5 नवंबर, 2026 को यह फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, तो इसे क्या रिस्पॉन्स मिलेगा?

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।