यामी गौतम की फिल्म 'नई नवेली' आज सिनेमाघरों में लग चुकी है। इस फिल्म को लेकर काफी बज था और फिल्म का ट्रेलर भी काफी प्रॉमिसिंग था। ट्रेलर में हॉरर-कॉमेडी का तड़का और यामी की जबरदस्त एक्टिंग देखकर सभी को उम्मीद थी कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल करेगी। अब फाइनली फिल्म रिलीज हो गई है। इस फिल्म को अगर आप सिर्फ एक हॉरर-कॉमेडी समझ रहे हैं, तो आप गलत हैं क्योंकि फिल्म की कहानी में खुलता है रामायण काल से जुड़ा एक ऐसा रहस्य, जो कहानी को सीधे रावण तक ले जाता है और असल मायने में इसे दशहरा स्पेशल बना देता है। फिल्म की कहानी कैसी है, क्या इस फिल्म ने दिल जीता है या उम्मीदों पर पानी फेरा है, चलिए आपको बताते हैं।

Nayyi Navelli Movie Review: क्या है फिल्म की कहानी?

डायरेक्टर बालाजी मोहन की 'नई नवेली' एक फैमिली एंटरनेटर है। जबसे इस फिल्म का ऐलान हुआ था, तबसे सभी को उम्मीद दी थी कि फिल्म में कुछ तो खास होगा। ट्रेलर से भी पता चल रहा था कि इसकी कहानी लीक से हटकर है। फिल्म की कहानी मेरठ में रहने वाले अवस्थी परिवार के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसमें बड़ी बहू बनकर आती हैं यामी गौतम यानी की मोहिनी। मोहिनी की शादी परिवार के बड़े बेटे राजा अवस्थी (आदिनाथ कोठारे) से होती है।

कहानी की शुरुआत में वह एकदम संस्कारी और सर्वगुण संपन्न बहू नजर आती हैं, लेकिन फिर उसके देवर और राजा के छोटे भाई बंटू अवस्थी को मोहिनी की कुछ हरकतों से शक होता है कि वह डायन हैं। डायन भाभी का पर्दाफाश करने के लिए बंटू हर मुमकिन कोशिश करता है, लेकिन हर बार फेल हो जाता है। आखिरकार जब मोहिनी की सच्चाई घरवालों के सामने आती है, तो कहानी में जबरदस्त ट्विस्ट आता है और कहानी सीधे रामायण काल में पहुंच जाती है। इसके बाद क्या होता है, क्या मोहिनी डायन है या कोई देवी, उसका रामायण काल से क्या संबंध है, यह सब जानने के लिए आपको थियेटर्स का रूख करना होगा।

Nayyi Navelli की कहानी में कितना है रहस्य और सस्पेंस?

इसमें कोई दोराय नहीं है कि यामी गौतम ने इस फिल्म का भार अपने कंधे पर उठाया है और दमदार एक्टिंग की है। फिल्म में कॉमेडी जबरदस्त है, लेकिन फिर भी फिल्म आपको बांधकर नहीं रख पाएगी। फिल्म के फर्स्ट हाफ में कॉमेडी जबरदस्त है। मोहिनी की अवस्थी परिवार में एंट्री, उसकी एंट्री के बाद आने वाले ट्विस्ट, हंसी-मजाक और ड्रामा आपको पसंद आएगा, लेकिन सेकेंड हाफ में फिल्म अपनी पकड़ को देती है। इस कहानी की एक अच्छी बात यह भी है कि कहानी में कई किरदार हैं और सभी को अच्छा स्क्रीनटाइम मिला है और सभी अपनी कॉमेडी से दिल जीत लेते हैं।

मेकर्स ने फिल्म में रामायण काल का तड़का यह सोचकर लगाया है कि आज के वक्त में पौराणिक कथाओं से जुड़ी कहानियां फैंस को काफी पसंद आ रही हैं, लेकिन इस फिल्म में यह एकदम बेमेल लगा है और काफी बचकाना भी। इस ट्विस्ट को बेशक अगर किसी और तरीके से कहानी में डाला जाता, तो शायद यह दर्शकों को हजम भी होता और उन्हें पसंद भी आता। कहानी में कई ट्विस्ट काफी बचकाने लगते हैं और ऐसा लग रहा है कि क्लाइमैक्स को भी जबरदस्ती खींचने की कोशिश की गई है।

Nayyi Navelli में यामी गौतम की एक्टिंग कैसी है?

नई नवेली में यामी गौतम और बाकी सभी सितारों की एक्टिंग जबरदस्त है। यामी गौतम ने खुद को इस किरदार को काफी अच्छे से ढाला है। फिल्म में यामी गौतम के देवर का किरदार निभाने वाले अनुराग ठाकुर यानी बंटू अवस्थी की एक्टिंग भी जबरदस्त है। इसके अलावा, पति के किरदार में आदिनाथ कोठारे और मां के किरदार में सुनीता राजवार ने भी बढ़िया काम किया है।

Nayyi Navelli का स्क्रीनप्ले और निर्देशन कहां पड़ता है कमजोर?

निर्देशक बालाजी मोहन की यह पहली हिंदी फिल्म है। उन्होंने कोशिश अच्छी की है, लेकिन तीर पूरी तरह निशाने पर नहीं लगा है। फिल्म में कई जगह कॉमेडी बिल्कुल बेतुकी लगती है। कभी रावण का आना, कभी यामी का लक्ष्मण और हनुमान से टकराना कहानी में फिट नहीं बैठता है।

फिल्म देखें या नहीं?

इस फिल्म को देखें या नहीं देखें, इसका जवाब यही है कि अगर आप हंसना चाहते हैं, तो आप इस फिल्म को देख सकते हैं, लेकिन फिल्म आपको बांधकर नहीं रख पाएगी और आपको बोर कर सकती है। फिल्म में कई ऐसे सीन हैं, जिन्हें देखते वक्त आपको ऐसा लगेगा कि शायद दिमाग को घर पर रखकर आना चाहिए था।

 

 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।