जहां एक तरफ फिल्म' टॉक्सिक' का पहला गाना 'तबाही' धमाल मचा रहा है, वहीं दूसरी तरफ गाने में बोल्ड सीन्स की वजह से कियारा को ट्रोल भी किया जा रहा है। अगर आपने ये गाना देख लिया है, तो आपको पता होगा कि इसमें कियारा और यश के बीच इंटिमेट सीन्स की भरमार है। 4 मिनट 28 सेकेंड के इस गाने में दोनों की इंटेंस केमिस्ट्री देखकर जहां कई फैंस दिल हारने लगे और कहने लगे कि ये गाना इस साल के सबसे बोल्ड गानों में से एक होगा, वहीं कई लोगों ने ज्ञान की दुकान खोल ली और बिना मांगे ही कियारा आडवाणी को भर-भरके ज्ञान दिया जाने लगा। किसी ने उन्हें शर्म का पाठ पढ़ा दिया, तो किसी ने मर्यादा की दुहाई दी। कुछ लोगों ने एक्ट्रेस को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया, तो कुछ ने सीधा जजमेंट ही पास कर दिया कि कियारा ने शादीशुदा होते हुए ऐसे सीन करके बहुत गलत किया है।
जानते हैं इस सब में सबसे कमाल की बात ये रही कि इस सीन को कई ऑडियंस ने एक ऐसे चश्मे से देखा जिसमें कियारा का बोल्ड सीन करना पाप से कम नहीं है और यश के लिए यह सब नॉर्मल सी बात है। हालांकि, मैं आपको याद दिला हूं कि यश भी शादीशुदा हैं और दो बच्चों के पिता हैं। अब मेरी समझ में यह नहीं आ रहा है कि आखिर सवाल सिर्फ कियारा से ही क्यों पूछे जा रहे हैं?
'तबाही' गाने में कियारा के बोल्ड सीन पर हंगामा क्यों बरपा?
पिछले काफी सालों में बॉलीवुड इंडस्ट्री काफी हद तक बदल गई है। आज फिल्मों में इंटिमेट सीन्स काफी आम हो गए हैं और स्टोरीलाइन भी अब पहले के मुकाबले बोल्ड होने लगी है। 'टॉक्सिक' फिल्म के गाने 'तबाही' में भी ऐसे सीन हैं, जिसे यश और कियारा आडवाणी पर फिल्माया गया है। जैसे ही ये गाना रिलीज हुआ, कुछ ही देर में लोगों ने कियारा को लेकर अजीबोगरीब कमेंट्स शुरू कर दिए।
कई लोगों ने तो इस बीच में सिद्धार्थ मल्होत्रा को भी घसीट लिया और काफी कुछ ऐसा तक कह डाला, जिसे शायद यहां लिख पाना भी मुमकिन नहीं है। कुछ यूजर्स ने कमेंट किए कि इस तरह के सीन करके कियारा अपने डूबते करियर को बचाने की कोशिश कर रही हैं, तो कुछ ने कहा कि आखिर सिद्धार्थ ने इस सब की इजाजत कैसे दे दी?
एक्ट्रेस को मर्यादा का ज्ञान और हीरो को आजादी क्यों?
यह कितना अजीब है न कि लोगों ने कुछ मिनट के सीन्स को एक हीरोइन के लिए मानों नैतिकता की परीक्षा बना दी। दो बच्चों के पिता होने के बावजूद यश का इस तरह के सीन करना किसी को अजीब या गलत नहीं लगा, लेकिन कियारा को लेकर भद्दे कमेंट्स करने में लोगों ने जरा सा भी वक्त नहीं लगाया।
एक्टर्स का काम ही एक्टिंग करना है, अलग-अलग इमोशंस को परदे पर उतारना है, ऐसे में स्क्रिप्ट के हिसाब से कई बार इस तरह के सीन्स किए जाते हैं और आगे भी किए जाएंगे। ये बेशक नॉर्मल है, लेकिन अगर कुछ गलत है, तो वो सोच है, तो महिलाओं को अलग नजर से देखती है। पहली बात को यश और कियारा दोनों ही बतौर एक्टर अपना काम कर रहे हैं और ऐसे में इंटरनेट पर उनसे सवाल करने का कोई हक नहीं है, लेकिन फिर भी अगर आपका मन सवाल किए बिना नहीं मान रहा है, तो सवाल दोनों से पूछिए।
यह भी पढ़ें- क्या आपको पता है बॉलीवुड में कैसे शूट होते हैं इंटिमेट और लिपलॉक सीन? ये सेलेब्स कर चुके हैं खुलासा
कियारा की पसंद पर निर्भर होना चाहिए फैसला
कियारा आडवाणी या और कोई भी एक्ट्रेस शादी या मां बनने के बाद किस तरह के रोल करना चाहती है और किस तरह के नहीं, ये पूरी तरह उनकी च्वॉइस होनी चाहिए। इसे लेकर उन्हें जज या ट्रोल किया जाना बिल्कुल गलत है।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की जिंदगी से जुड़ी ऐसी ही दिलचस्प स्टोरीज पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के एंटरटेंमेंट सेक्शन के साथ।
