फिल्म 'हनुमान अंश' का इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जयकारा गूंज रहा है। 2 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अपने बजट से कई गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है। इसके गानों को भी काफी पसंद किया जा रहा है। खासकर भक्ति रस में डूबा इसका भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...' सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हो रहा है। सुनील लोधी के गाए इस भजन में एक भक्त अपनी जिंदगी की नैया पूरी तरह हनुमान जी के भरोसे छोड़ने की बात कर रहा है। यह भजन भक्त और भगवान के अटूट रिश्ते को दिखाता है। इस गाने के बोल बुंदेली भाषा में हैं। गाने की शुरुआत लाइन तो लगभग सभी को समझ आ रही है, लेकिन इसमें कई ऐसे शब्द हैं जिनका मतलब लोगों को नहीं पता है। चलिए आज हम आपको 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...' भजन के हर अंतरे का हिंदी भाषा में मतलब समझाते हैं।
मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान गाने के बोल और उनका हिंदी मतलब
गाने के बोल- मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई
हिंदी मतलब- यहां भक्त पूरे भरोसे से कह रहा है कि हनुमान जी..मैंने आपके ही भरोसे अपने जीवन की नाव को छोड़ दिया है। इस संसार रूपी सागर में हमारी नाव यानी हमारा जीवन आपके ही भरोसे है और हमें पूरी उम्मीद है कि आप इसे पार लगाएंगे।
गाने के बोल- काहे की वा नाव बनाई, काहे की पतवार
हिंदी मतलब- यहां सवाल किया जा रहा है कि यह जीवन की नाव किस चीज से बनाई गई है और इसे चलाने के लिए पतवार क्या है...यानी जीवन की इस यात्रा में हमारा सहारा और रास्ता क्या है?
गाने के बोल- रामा काहे की लगा दई जंजीर, सागर में नैया डार दई
मैने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई...
हिंदी मतलब- इस लाइन का मतलब है कि इस नाव की जंजीर क्या है...यानी इसे स्थिर रखने वाला आधार क्या है? यहां जंजीर का मतलब सहारे से है।
गाने के बोल- राम नाम की नाव बनाई, भक्ति की पतवार
हिंदी मतलब- यहां कहा जा रहा है कि राम का नाम ही नाव है और भक्ति उसकी पतवार है यानी भगवान का नाम ही भक्त को जीवन के संकटों से पार लगाता है और भक्ति उसे सही दिशा में बढ़ने की प्रेरणा देती है।
गाने के बोल- रामा ज्ञान की लगा दई जंजीर, सागर में नैया डार दई
मैने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई...
हिंदी मतलब- यहां ज्ञान को जीवन का मजबूत सहारा बताया गया है। बिना ज्ञान के आप जीवन में आगे नहीं बढ़ सकते हैं और ज्ञान जीवन का असली सहारा है।
Image Courtesy: AI
गाने के बोल- अरे कौन सखी वा में बैठनहारी, कौन आ पार लगाए?
हिंदी मतलब- यहां सखी शब्द जीवात्मा के लिए इस्तेमाल हुआ है। 'वा में बैठनहारी' का मतलब है कि इस संसार रूपी नाव या शरीर रूपी नैया में बैठने वाली वह आत्मा कौन है? आगे भक्त पूछ रहा है कि वह कौन-सा गुरु, ज्ञान या ईश्वर है, जो इस जीवन की नाव को पार लगाएगा?
गाने के बोल- रामा कोहे खेवनहारे, सागर में नैया डार दई। मैने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई...
हिंदी मतलब- यहां भक्त पूछ रहा है कि इस नाव के खेवनहार यानी इसे चलाने वाले मांझी कौन हैं?
गाने के बोल- सीता सखी वा में बैठनहारी, रामा पार लगाए। रामा हनुमत खेवनहार, सागर में नैया डार दई। मैने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई...
हिंदी मतलब- इन पंक्तियों में एक बार फिर भक्त का भगवान पर अटूट विश्वास दिखाया गया है। भक्त अपने आराध्य हनुमान जी पर अटूट विश्वास प्रकट करते हुए कहता है कि उसने अपनी जीवन रूपी नाव को संसार रूपी सागर में उतार दिया है, जिसमें माता सीता विराजमान हैं, श्री राम इसे पार लगाने वाले हैं और हनुमान जी इसके खेवनहार हैं।
Image Courtesy: AI
'मैंने तेरे ही भरोसे...' का भाव क्या है?
इस गाने में भक्त और भगवान के अटूट रिश्ते का वर्णन है। इसके मूल भाव को समझें तो वो कुछ ऐसा है कि अपने जीवन में हमें भगवान का भरोसा रखना चाहिए। भगवान का स्मरण करते हुए जीवन को आगे बढ़ाना चाहिए, क्योंकि अगर हम उन पर सच्चे दिल से विश्वास रखेंगे, तो वो हमारे जीवन की नाव को सही दिशा में आगे बढ़ाएंगे और जीवन की मुश्किलों से हमें पार लगाएंगे।
यह भी पढ़ें- Parvati Song Meaning: 'काय जिद कर रही, काय को मर रही' हनुमान अंश के भजन 'पार्वती' का क्या है हिंदी मतलब?
यहां सुनें यह गाना
यह भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर गूंजा Hanuman Ansh का जयकारा, बंपर कमाई के आगे फीकी बड़ी बाकी फिल्में
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Courtesy: AI
