बॉक्स ऑफिस पर हर बार बिग बजट, बड़े स्टार्स का स्टारडम या जबरदस्त प्रमोशन ही फिल्म को हिट नहीं करवाता है, असल में कंटेट और एक्टिंग ही असली किंग होती है, यह बात अक्सर कई फिल्मों के जरिए साबित होती आई है। एक बार फिर 2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने 500 करोड़ की 'टॉक्सिक' को टक्कर देकर इस बात पर यकीन दिला दिया है। नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' भले ही शुरुआत में दर्शकों को थियेटर्स तक खींचने में कामयाब नहीं हो पा रही थी, लेकिन अब इसे 'वर्ड ऑफ माउथ' कहिए चमत्कार कहिए या कुछ और, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तीसरे हफ्त में धुआंधार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। फिल्म की कमाई के आंकड़े आपको हैरान कर देंगे। चलिए बताते हैं कि कैसे फिल्म अपने बजट से कई गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है?

'हनुमान अंश' तीसरे हफ्ते से कर रही है धमाकेदार कमाई

नीम करोली बाबा की बायोपिक 'हनुमान अंश' 7 अगस्त को रिलीज हुई थी। यह फिल्म रिलीज के दो हफ्तों तक बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाई नहीं कर पा रही थी। फिल्म को लिमिटेड स्क्रीन मिली थीं और उसमें भी इसके ज्यादातर शोज को ऑडियंस नहीं मिल रही थी, लेकिन तीसरे हफ्ते से फिल्म की कमाई में जोरदार उछाल देखने को मिला है। जहां एक वक्त पर थियेटर्स में इसके शोज कम करने पर विचार किया जा रहा था, वहीं अब इसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ सिनेमाघरों में पहुंच रही है और इसके चलते इसके शोज भी बढ़ा दिए गए हैं। फिल्म 'हनुमान अंश' ने 25 दिनों में भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर 45.63 करोड़ का नेट कलेक्‍शन कर लिया है। ऐसे में इस वीकेंड तक फिल्म का कलेक्शन 60-65 करोड़ तक पहुंचने की पूरी उम्मीद है।

हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
पहला हफ्ता 1.08 करोड़
दूसरा हफ्ता 40 लाख
तीसरा हफ्ता 10.40 करोड़
22वां दिन (शुक्रवार) 6.25 करोड़
23वां दिन (शनिवार) 9.25 करोड़
24वां दिन (रविवार) 12.75 करोड़
25 वां दिन (सोमवार) 5.50 करोड़
कुल कलेक्शन 45.63 करोड़ रुपये

यह भी पढ़ें- Cocktail 2 OTT Release: ओटीटी पर कब और कहां देख सकेंगे शाहिद कपूर की फिल्म? थियेटर्स में कर चुकी है करोड़ों की कमाई

'टॉक्सिक' को दे रही है टक्कर

'हनुमान अंश' ने सुपरस्टार यश की 500 करोड़ी फिल्म 'टॉक्सिक' की टेंशन बढ़ा दी है। 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को रिलीज हुई थी और इसने 5 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 214.10 करोड़ कमा लिए हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि 'टॉक्सिक' और 'हनुमान अंश' की कमाई में तो काफी अंतर है और यह मुकाबला तो पूरी तरह एकतरफा लग रहा है, तो फिर इन दोनों फिल्मों के कलेक्शन की तुलना क्यों की जा रही है? असल में यहां असली खेल बजट का है। बेशक यश की फिल्म 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है, लेकिन फिल्म को अपना बजट निकालने के लिए अभी काफी पापड़ बेलने होंगे। वहीं कम बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' अपने बजट से लगभग 20 गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है और इसके कलेक्शन में असाधारण उछाल देखने को मिल रहा है। ऐसे में मुनाफे के मामले में यह फिल्म कहीं आगे निकलती नजर आ रही है।

यह भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर 'आवारापन 2' की चांदी, 100 करोड़ पार हुई इमरान हाशमी की फिल्म

 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही सेलेब्स, टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।