सुबह नींद खुलते ही अगर मुंह में कड़वा स्वाद महसूस होता है, तो इसे हर बार रात में खाए गए खाने का असर समझकर नजरअंदाज न करें। PubMed की रिसर्च के मुताबिक, कई बार इसकी वजह पेट में बनने वाला एसिड होता है, जो रात में भोजन नली से होते हुए गले या मुंह तक पहुंच सकता है। वहीं, मुंह में लार की कमी और दांतों से जुड़ी परेशानियां भी इस समस्या का कारण बन सकती हैं। खास बात यह है कि अगर ऐसा बार-बार हो रहा है, तो इसके पीछे की वजह समझना जरूरी है। आइए जानते हैं सुबह मुंह का स्वाद खट्टा होने के कारण और इससे बचने के उपाय।

कड़वा स्वाद आने के कारण

अगर आपके मुंह में भी हर सुबह कड़वा स्वाद आ रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह आपके लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है। आइए जानते हैं कारण।

1. पेट का एसिड ऊपर आना हो सकता है मुख्य कारण

सुबह मुंह में खट्टा स्वाद आने की एक मेन वजह एसिड रिफ्लक्स है। इसमें पेट का एसिड या भोजन के कुछ अंश वापस भोजन नली की ओर आने लगते हैं। अगर यह समस्या बार-बार होती है, तो इसे गैस्ट्रोइसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (जीईआरडी) कहा जा सकता है। इसके साथ सीने में जलन, गले में खट्टा पानी आना और खांसी जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।

image credit-magnific

2. रात में देर से खाना खाने की आदत

रात का खाना खाने के तुरंत बाद लेट जाने से एसिड रिफ्लक्स की समस्या बढ़ सकती है। खासकर भारी, तला-भुना या मसालेदार भोजन खाने के बाद ऐसा होने की आशंका रहती है। इसलिए रात के खाने और सोने के बीच कम से कम तीन घंटे का अंतर रखने की कोशिश करें।

3. मुंह में लार की कमी

सोते समय लार का बनना स्वाभाविक रूप से कम हो जाता है। लार मुंह को नम रखने और भोजन के बचे हुए कणों को साफ करने में मदद करती है। इसकी कमी से सुबह मुंह सूखा रहने, स्वाद बदलने और सांसों में दुर्गंध आने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। पानी की कमी, मुंह से सांस लेने और कुछ दवाओं के कारण भी मुंह सूख सकता है।

4. दांतों और मसूड़ों की परेशानी

अगर सुबह खट्टे स्वाद के साथ सांसों से दुर्गंध आती है या मसूड़ों से खून निकलता है, तो दांतों और मसूड़ों की समस्या भी इसकी वजह हो सकती है। मुंह में बैक्टीरिया और दांतों पर जमा परत स्वाद को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में दांतों की सफाई जरूरी है।

सुबह मुंह का खट्टापन दूर करने के उपाय

अगर आप भी मुंह के खट्टेपन वाले स्वाद से परेशान हो गई हैं, तो नीचे दिए गए इन उपाय को अपनाएं।

  • सुबह उठकर पानी से मुंह साफ करें और पर्याप्त पानी पिएं।
  • सोने से कम से कम तीन घंटे पहले भोजन कर लें।
  • एसिड रिफ्लक्स की समस्या होने पर बाईं करवट सोने और बिस्तर का सिरहाना ऊंचा रखने से मदद मिल सकती है।
  • चाय, कॉफी, मसालेदार और अधिक वसायुक्त भोजन से लक्षण बढ़ते हों, तो इनका सेवन कम करें।
  • दिन में दो बार फ्लोराइड वाले टूथपेस्ट से दांत साफ करें और जीभ की सफाई पर भी ध्यान दें।

image credit-magnific

कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?

अगर सुबह मुंह का स्वाद लगातार खट्टा रहता है या इसके साथ सीने में जलन, बार-बार उल्टी, निगलने में परेशानी या बिना कारण वजन घटने जैसे लक्षण हैं, तो डॉक्टर से सलाह लें। सीने में तेज दर्द या खून की उल्टी होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लें। बार-बार होने वाली समस्या में केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय सही कारण का पता लगाना जरूरी है।

आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 main image credit-ai