अकसर बहुत से लोग मुझसे एक सामान्य सवाल करते हैं कि क्या ज्वेलरी खरीद को निवेश की भांति देखना चाहिए। मुझे ज्वेलरी पसंद है। ये बात मैं बेझिझक होकर कहूंगी कि एक अच्छे ज्वेलरी पीस का वजन, स्टोन्स के कट्स और चमक, कारीगरी और उसे पीढ़ियों के लिए सहेजने का भाव सदा आकर्षित करता है। हालांकि किसी चीज को पसंद करना और निवेश में अंतर होता है, उसे लेकर थोड़ा भी असमंजस रहा तो वित्तीय प्रभाव पड़ सकता है।
यदि आप मुझसे एक डायमंड नेकलेस और 15 साल की एसआइपी के बीच चयन करने को कहें तो मैं एसआइपी का चयन करूंगी। ऐसा हर बार होगा।

यहां कोई विरोधाभास नहीं है। यहां एक स्पष्ट अंतर है। यद्यपि आम भारतीय घरों में अकसर लोगों को कहते सुना जाता है कि सोना (गोल्ड) तो निवेश है। मन में सवाल आता है कि क्या वाकई ऐसा है। यहां मैं कहूंगी कि नि:संदेह सोना निवेश है। हालांकि सोना और सोने के आभूषण खरीदने में अंतर होता हैं। जिसके वित्तीय परिणाम भी अलग होते हैं, पर सामान्यत: अधिकांश भारतीय परिवार इसका ठीक प्रकार से आकलन नहीं करते हैं।

दोनों के मध्य क्या है अंतर?

जब आप सोने के आभूषण खरीदते हैं तो सिर्फ सोने का दाम अदा नहीं करते, बल्कि उसका मेकिंग चार्ज भी अदा करते हैं। आभूषण बनाने में लगे श्रम व कारीगरी की ये कीमत होती है। ये मेकिंग चार्ज मशीन निर्मित पीस पर आठ प्रतिशत से लेकर सघन हाथ की कारीगरी वाली डिजाइन पर 35 प्रतिशत या अधिक होता है। जब आप उस आभूषण को बेचते हैं तो आपको सिर्फ सोने का मूल्य मिलता है। मेकिंग चार्ज आपको वापस नहीं मिल पाता, ये तो उसी समय खत्म हो जाता है जब आभूषण लेकर आप दुकान से बाहर निकलते हैं।

इस प्रकार भले ही सोने के मूल्य में कोई अंतर न आया हो तो भी उसकी खरीद और बेचने के मूल्य में बड़ा फर्क होगा। मूल्य में ये गिरावट मेकिंग चार्ज की वजह से आती है। जब सोने का मूल्य इतना बढ़ जाए कि मेकिंग चार्ज की कीमत भी निकल आए, तब थोड़ी राहत रहती है। हालांकि हम ज्वेलरी की खरीद के विरोध में बहस नहीं कर रहे हैं। ज्वेलरी का जो मूल्य है वही म्यूचुअल फंड का कभी नहीं हो सकता। ज्वेलरी को पहना जा सकता है, उसे पीढ़ियों को सौंपा जा सकता है। उसके साथ मां की शादी की कोई याद, दादी मां का आशीर्वाद या दीवाली पर बेटी के लिए पहले उपहार की कोई सुंदर याद जुड़ी हो सकती है। कोई स्प्रैडशीट इन भावों को दर्ज नहीं कर सकती।

हम स्वयं ही उसे निवेश कहने या समझने की गलती कर जाते हैं जबकि वास्तविक आशय भावनाओं में लिपटी संपदा होता है। दोनों समान नहीं हैं। उन्हें लेकर असमंजस रहता है और परिवारों को लगता है कि ज्वेलरी की वजह से वे आर्थिक रूप से सुरक्षित हैं, पर वास्तव में वह ऐसी संपदा होती है, जिसके साथ तरलता (लिक्विडिटी) नहीं होती। सोने के दाम बढ़ने के बावजूद उसे बेचने पर कम मूल्य मिलता है, उसे बड़ी हिफाजत से रखना पड़ता है।

तो सोने को वित्तीय परिसंपत्ति के रूप में सहेजने का बेहतरीन तरीका क्या है?

बहुत से निवेशक यहां गोल्ड ईटीएफ खरीदने की सलाह देंगे। इसकी ठोस वजहें भी हैं। गोल्ड ईटीएफ वह फंड होता है, जिसमें आपकी ओर से भौतिक गोल्ड को एक विनियमित तिजोरी में रखा जाता है और शेयर बाजार में शेयरों की भांति उसका व्यापार किया जाता है। यहां एक यूनिट से आशय सामान्यत: 99.5 प्रतिशत शुद्ध एक ग्राम सोने से होता है। आप सोने के तात्कालिक मूल्य के अनुसार उसकी खरीद व बिकवाली करते हैं। इसमें कोई मेकिंग चार्ज शामिल नहीं होता। उसे सुरक्षित रखने की भी चिंता से मुक्त होते हैं। तिजोरी के लिए किराया नहीं देना पड़ता और ये आशंका भी खत्म हो जाती है कि जब उसे बेचेंगे तो शुद्धता पर सवाल उठेंगे। भारत में सामान्यत: गोल्ड ईटीएफ का खर्च 0.5 प्रतिशत सालाना होता है जोकि ज्वेलरी खरीद के मेकिंग चार्ज की तुलना में लगभग नगण्य होता है।

भारत में निप्पन इंडिया ईटीएफ, एसबीआइ गोल्ड ईटीएफ, एचडीएफसी गोल्ड ईटीएफ और आइसीआइसीआइ प्रुडेंशियल गोल्ड ईटीएफ सर्वाधिक चर्चित हैं। ये सभी बड़े स्थापित फंड्स हैं, जिनकी तरलता सहज है यानी इन्हें कारोबार वाले किसी भी दिवस में आसानी से खरीदा और बेचा जा सकता है।

गोल्ड ईटीएफ खरीदने के लिए आपको डीमैट अकाउंट की आवश्यकता होगी, जिसमें सामान्यत: आप शेयरों को रखते हैं। यदि आपका डीमैट अकाउंट है तो आप न्यूनतम एक यूनिट की खरीद से इसकी शुरुआत कर सकती हैं, जिसका मूल्य वर्तमान में एक ग्राम सोने के मूल्य के बराबर होगा। यहां भी आप एसआइपी की भांति निवेश को अनुशासित कर सकती हैं, उदाहरण के लिए मासिक एक यूनिट की खरीद को ही अपनी एसआइपी बना सकती हैं।

यदि आपका डीमैट अकाउंट नहीं है और अभी आप वह खुलवाने के लिए तैयार नहीं हैं तो एक अन्य तरीका भी है। गोल्ड फंड आफ फंड्स ऐसे म्यूचुअल फंड्स होते हैं, जिनमें डाली जाने वाली धनराशि का निवेश आपकी ओर से गोल्ड ईटीएफ में किया जाता है। आप किसी भी म्यूचुअल फंड प्लेटफार्म के माध्यम से गोल्ड फंड में पांच सौ रुपये जैसी छोटी राशि से एसआइपी शुरू कर सकती हैं। ये ठीक वैसा ही है जैसे आप किसी भी म्यूचुअल फंड की एसआइपी शुरू करती हैं। इसके लिए डीमैट अकाउंट की आवश्यकता नहीं होती। यहां गोल्ड की वर्तमान कीमत के अनुसार रिटर्न मिलता है। यदि पहले से आपकी एसआइपी चल रही हैं, तो उसी की तरह इसकी प्रक्रिया भी सरल है।

अब विचार करें कि क्या गोल्ड अच्छा निवेश है? ये सवाल ईमानदारी से पूछना चाहिए।

गोल्ड से धन का सृजन नहीं होता। उस पर कोई लाभांश नहीं मिलता, ब्याज या किराया भी नहीं मिलता। जब लोग बाजार को लेकर डरे हुए होते हैं, महंगाई बढ़ी होती है और मुद्रा कमजोर होती है तो गोल्ड का दाम बढ़ता है। बहुत लंबे समय तक भारत में मुद्रास्फीति के अनुरूप गोल्ड की कीमतें रही हैं, जिसकी खरीद को सुरक्षा तो माना जा सकता है, पर ये इक्विटी बाजार में निवेश से दशकों में बड़ा धन जोड़ने से काफी अलग बात है। यदि मुझे डायमंड नेकलेस और 15 साल तक विभिन्न इक्विटी फंड्स में एसआइपी निवेश के विकल्पों में से चुनने को कहा जाए तो मैं एसआइपी का चयन करूंगी। हालांकि मैं गोल्ड भी जोड़ने की इच्छा रखूंगी, क्योंकि पोर्टफोलियो में संतुलन की आवश्यकता होती है। इक्विटी और डेट फंड के मुकाबले गोल्ड की चाल अलग होती है।

व्यावहारिक सूझबूझ कहती है कि यदि गोल्ड पसंद है तो खरीद सकती हैं, यदि परिवार की विरासत के तौर पर सौंपा गया है तो उसे सहेजें। आनंद के साथ उसे पहनें, बस आपको मस्तिष्क में एक बात स्पष्ट रखनी है कि ज्वेलरी और निवेश के बीच क्या अंतर है। ज्वेलरी संपदा है, किंतु यदि निवेश के लिहाज से गोल्ड खरीदना चाहती हैं तो इस रूप में चुनें जिसके लिए मेकिंग चार्ज न देना पड़े। शुद्धता को लेकर किसी बहस में पड़े बिना उसे किसी भी समय बेच सकें। इस बार त्योहार पर जब गोल्ड लाएं तो मन भर कर शौक पूरा करें। साथ ही ये भी विचार करें कि वित्तीय सुरक्षा की तैयाारी में गोल्ड कितना और किस रूप में होना चाहिए। लक्ष्मी ये प्रश्न अवश्य करेंगी।
यह स्तंभ मात्र शैक्षिक उद्देश्य से है। परिवार से संबंधित कोई भी वित्तीय निर्णय लेने से पहले किसी वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।
आपका प्रत्येक पत्र हम पढ़ते हैं। पाठक हमें ईमेल कर सकते हैं- iamolaxmi@gmail.com