How To Make Dhoop Batti At Home: अक्सर हम पूजा के बाद बचे हुए फूलों को फेंक देते हैं, लेकिन क्या आपको पता है इन्हीं मुरझाए हुए फूलों से आप बाजार से भी अच्छी, शुद्ध और बिना केमिकल वाली धूपबत्ती घर पर बना सकती हैं? जी हां, न कोई मशीन चाहिए, न कोई महंगा सामान। बस थोड़े से फूल, थोड़े मसाले और थोड़ा सा घी लेकर आप घर में ही धूपबत्ती बना सकती हैं । चलिए जानते हैं वो आसान तरीका, जिससे आपकी पूजा की खुशबू पूरे घर में फैल जाएगी और फूल भी बर्बाद नहीं होंगे।
फूल से धूपबत्ती बनाने के लिए क्या चाहिए?
घर में ही धूपबत्ती बनाने के लिए आपको बस नीचे बताई गई चीजों की जरूरत पड़ेगी।
| सामान का नाम | क्या-क्या लगेगा? | किस काम आएगा? |
| पूजा के फूल | गेंदा, गुलाब, चमेली, गुड़हल की सूखी पंखुड़ियां | धूप का बेस बनेगा |
| खुशबू वाली चीजें | कपूर, लौंग, दालचीनी, तेज पत्ता, हवन सामग्री | खुशबू बढ़ाने के लिए |
| बाइंडिंग पाउडर | चंदन पाउडर, जोस पाउडर, अरारोट / गोंद पाउडर | धूप को बांधने के लिए |
| गीला करने के लिए | देसी गाय का घी, गुलाब जल, एसेंशियल ऑयल | आटा गूंथने और महक के लिए |
image credit- pinterest (SewaHaat)
घर पर धूपबत्ती बनाने का तरीका
अब बाहर से धूपबत्ती लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नीचे बताए गए आसान तरीकों से आप घर पर ही बना सकती हैं।
- सबसे पहले पूजा के इस्तेमाल हुए फूलों से पंखुड़ियां अलग कर लें। इन्हें किसी ट्रे या कागज पर फैला दें। अब इन्हें 2 से 4 दिन तक धूप में सुखाएं, जब तक ये बिल्कुल कुरकुरी और नमी से फ्री न हो जाएं। अगर धूप नहीं है, तो कढ़ाई में धीमी आंच पर हल्का भून भी सकती हैं।
- सूखी हुई पंखुड़ियों को मिक्सर में डालें। इसमें लौंग, दालचीनी, तेज पत्ता और कपूर भी मिला दें। अब सबको बारीक पीस लें और छलनी से छान लें, ताकि मोटे टुकड़े अलग हो जाएं।
- एक बाउल में छना हुआ फूलों का पाउडर लें। इसमें चंदन पाउडर, थोड़ी सी हवन सामग्री और बाइंडिंग पाउडर यानी जोस पाउडर मिला दें। सबको अच्छे से मिक्स कर लें।
- अब इसमें धीरे-धीरे पिघला हुआ देसी गाय का घी और थोड़ा सा गुलाब जल या पानी डालें। हाथों से धीरे-धीरे गूंथें, जब तक ये चिकना और टाइट आटे जैसा न हो जाए।
- ये इतना सख्त होना चाहिए कि टूटे नहीं और आकार में बना रहे। अगर खुशबू और तेज चाहिए, तो इसमें एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें भी डाल सकती हैं।
- आटे से छोटे-छोटे हिस्से तोड़ें और हथेलियों के बीच रोल करें। अब इन्हें कोन वाले धूप का शेप दें या चिकनी सिलिंडर वाली बत्ती बना लें।
- बनी हुई धूप कोन या बत्तियों को किसी प्लेट या बटर पेपर पर रखें। इन्हें छाया में 2 से 3 दिन तक सूखने दें, जब तक ये पूरी तरह सख्त न हो जाएं। सूखने के बाद इन्हें किसी एयरटाइट डिब्बे में रख लें, ताकि खुशबू बनी रहे।
image credit- pinterest (Aroma Warehouse)
धूपबत्ती बनाते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान
पूजा के बचे फूलों से खुशबूदार धूपबत्ती बनाते समय नीचे दी गई इन 5 बातों का जरूर ध्यान रखें।
- अगर फूलों में थोड़ी भी नमी रह गई, तो धूप में फफूंद लग जाएगी और जलते समय धुआं ज्यादा देगी। इसलिए 2-4 दिन धूप में अच्छे से सुखाना सबसे जरूरी है।
- घी धूप को बांधने के लिए डालते हैं, लेकिन ज्यादा घी डालने से धूप ठीक से जलेगी नहीं और बुझ जाएगी।
- आटा टाइट और चिकना होना चाहिए, गीला नहीं।
- बनी हुई धूप को सीधी धूप में सुखाने से उसकी खुशबू उड़ जाती है। हमेशा छाया में, हवादार जगह पर 2-3 दिन सुखाएं।
- जो फूल पूरी तरह सड़ गए हों या जिनमें बदबू आ रही हो, उनसे धूप न बनाएं।
- सिर्फ सूखे और साफ फूल ही इस्तेमाल करें, वरना धूप की महक खराब हो जाएगी।
- तैयार धूप को हमेशा एयरटाइट डिब्बे में रखें, वरना नमी से खुशबू खत्म हो जाएगी।
पूजा के बचे फूलों को कहां रखें इसकी टेंशन नहीं होगी। ये अब आपके घर की शुद्ध खुशबू बन सकते हैं। ऊपर बताए गए तरीके से बनी धूपबत्ती में कोई केमिकल नहीं होगा और पूजा के बाद का सामान भी काम आ जाएगा। एक बार जरूर ट्राई करें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
