बाथरूम घर का एक ऐसा हिस्सा है जिसकी नियमित सफाई न की जाए तो यह बैक्टीरिया और गंदगी का घर बन जाता है। लगातार पानी के इस्तेमाल के कारण यहां नल, टाइल्स और वॉश बेसिन पर जिद्दी पीले दाग, पानी के निशान और फंगस जम जाते हैं। ये जिद्दी दाग साधारण साबुन या सर्फ से आसानी से साफ नहीं होते। अब ऐसे में लोग इन्हें हटाने के लिए बाजार में मिलने वाले महंगे और केमिकल क्लीनर्स खरीदकर लाते हैं।
मगर अब आपको परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आज के इस लेख में हम आपको कुछ आसान, असरदार और घरेलू हैक्स के बारे में बताने जा रहे हैं। इनकी मदद से आप आसानी से बाथरूम की क्लीनिंग कर सकती हैं।
बाथरूम चमकाने के 6 असरदार और आसान घरेलू हैक्स
बाथरूम को साफ करने के लिए आमतौर पर हम लोग बाजार से महंगे क्लीनर खरीदकर लाते हैं। मगर आप घर या किचन में मौजूद चीजों का सही इस्तेमाल करके इस परेशानी से आसानी से छुटकारा पा सकती हैं। नीचे जानें 6 तरीके-
सफेद सिरका और बेकिंग सोडा का कमाल
बाथरूम के जिद्दी दागों को हटाने के लिए सिरका और बेकिंग सोडाका इस्तेमाल कर सकती हैं। ये दोनों चीजें दागों को हटाने का असरदार तरीका है। बस इसके लिए नीचे बताए गए तरीकों को आजमाएं।
- एक कटोरी में बेकिंग सोडा और सफेद सिरका मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
- अब इस पेस्ट को टाइल्स और सिंक के उन हिस्सों पर लगाएं जहां पीले या काले दाग जम गए हैं।
- इसे लगभग 15 से 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि यह केमिकल रिएक्शन से दागों को ढीला कर दे।
- इसके बाद एक स्क्रबर या ब्रश की मदद से हल्के हाथों से रगड़कर साफ पानी से धो लें।
- टाइल्स और फर्श बिल्कुल नए जैसे चमक उठेंगे।
इसे भी पढ़ें- बिना धोए सोफे और पर्दों से धूल होगी गायब, आजमाएं तौलिए और ढक्कन का खास नुस्खा
2. नींबू और नमक से हटाएं नल के दाग
बाथरूम में पानी का इस्तेमाल ज्यादा होता है। अब ऐसे में रोजाना पानी पड़ने की वजह से नल और शावर पर सफेद परत जमा हो जाती है। इसे अगर अच्छे से साफ न किया जाए, तो ये देखने में गंदे लगते हैं। नीचे जानें तरीका-
- नल और शावर पर लगे दागों को हटाने के लिए एक नींबू को बीच से काट लें।
- अब उस पर अच्छी तरह से सादा नमक छिड़क दें।
- इसके बाद नींबू को नलों और स्टील की फिटिंग्स पर रगड़ें।
- नमक एक स्क्रबर का काम करता है और नींबू का एसिड जंग व पानी के निशानों को आसानी से काट देता है।
- 5 मिनट छोड़ने के बाद इसे गुनगुने पानी से धो लें और सूखे कपड़े से पोंछ लें।
- कुछ ही देर में नल नए जैसा चमकने लगेगा।
3. सफेद सिरके का स्प्रे बॉटल हैक
कांच के शीशे और दरवाजों को साफ करने के लिए आप सिरके के घोल का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आप इस तरीके को रोजाना आजमाती हैं, तो आपको डीप क्लीनिंग में कुछ खास मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए दो चीजों की जरूरत पड़ेगी। नीचे जानें-
- इसके लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी मिला लें।
- अब इसमें चाहें तो खुशबू के लिए एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें भी मिला सकती हैं।
- इसके बाद इस घोल को बाथरूम के शीशे, दरवाजों और दीवारों पर स्प्रे करें।
- कुछ मिनट बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें।
- यह स्प्रे न सिर्फ पानी के धब्बों को हटाता है बल्कि शीशों पर जमी भाप और धुंधलेपन को भी दूर करता है।
अमोनिया और पानी का घोल
बाथरूम के फर्श और टाइल्स पर अगर बहुत पुरानी और गहरी गंदगी बैठ गई है, जो साधारण तरीकों से साफ नहीं हो रही है। ऐसे में आप अमोनिया का इस्तेमाल कर सकती हैं। नीचे जानें प्रोसेस-
- इस हैक को आजमाने के लिए एक बाल्टी पानी में थोड़ा सा अमोनिया लिक्विड मिलाएं।
- इस पानी से फर्श पर पोछा लगाएं या जिद्दी हिस्सों पर डालकर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें।
- इसके बाद ब्रश से रगड़कर साफ करें।
- अमोनिया टाइल्स के पोरों में छुपी गंदगी और फंगस को आसानी से बाहर निकाल देता है।
हाइड्रोजन पेरोक्साइड और बेकिंग सोडा पेस्ट
अगर आपके बाथरूम में लगी टाइल्स के कोनों में फंगस जम गई है, तो आप पैसे खर्च करने के बजाय इस तरीके को काम में ला सकती हैं। नीचे जानें क्या है तरीका?
- इसके लिए एक कटोरी में हाइड्रोजन पेरोक्साइड और बेकिंग सोडा को मिलाकर एक पेस्ट बनाएं।
- अब इस पेस्ट को फंगस वाली जगह पर लगाकर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें।
- हाइड्रोजन पेरोक्साइड ब्लीचिंग और एंटी-फंगल एजेंट है जो फंगस को जड़ से खत्म कर देता है।
- इसके बाद में इसे ब्रश से साफ कर पानी से धो लें।
टॉयलेट क्लीनर का इस्तेमाल
बाथरूम में लगी कमोड और टॉयलेट सीट को अगर हफ्ते में 1-2 बार साफ न किया जाए, तो इस पर जिद्दी दाग जम जाते हैं। नीचे जानें प्रोसेस-
- कमोड और टॉयलेट सीट के अंदरूनी हिस्सों के जिद्दी पीले दागों को हटाने के लिए टॉयलेट क्लीनर सबसे असरदार है।
- क्लीनर को कमोड के चारों ओर और दाग वाली जगहों पर डालकर कम से कम 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें।
- इसके बाद टॉयलेट ब्रश की मदद से अच्छी तरह रगड़कर फ्लश कर दें।
- इससे सारे बैक्टीरिया और जिद्दी दाग चुटकियों में गायब हो जाएंगे।
इसे भी पढ़ें- 1000 रुपये बचाएं! लकड़ी का दरवाजा सीलन से फूल गया है?...2 मिनट में खुद ही ठीक करें
बाथरूम की सफाई भले ही एक थकाऊ काम लग सकता है, लेकिन अगर आप सही ट्रिक्स और घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल करें तो यह बेहद आसान हो जाता है। अगर आपको यह लेख पसंद आया है, तो इसे शेयर करें। ऐसे ही आर्टिकल को पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।
Image Credit- Magnific
