किचन की सफाई करते समय हम गैस चूल्हे, चिमनी, स्लैब और टाइल्स पर तो खूब ध्यान देते हैं, लेकिन अक्सर ऊपर लगे बल्ब और ट्यूबलाइट को भूल जाते हैं। खाना बनाते समय निकलने वाली भाप, तेल के छोटे-छोटे कण और धूल धीरे-धीरे इन पर जमने लगते हैं। कुछ समय बाद इनकी रोशनी भी पहले जैसी साफ नहीं रहती और ये देखने में गंदे लगने लगते हैं। अच्छी बात यह है कि थोड़ी सावधानी और कुछ आसान घरेलू तरीकों से इन्हें साफ किया जा सकता है।
कैसे साफ करें किचन के बल्ब?
क्या आपके किचन की ट्यूबलाइट पर चिकनाई की परत जम गई है? कई बार रोजाना सफाई करने के बावजूद बल्ब और लाइट फिटिंग पर चिपचिपी गंदगी जमा हो जाती है। इसकी वजह खाना पकाते समय हवा में फैलने वाला तेल और धुआं हो सकता है। ऐसे में सिर्फ गीले कपड़े से पोंछना काफी नहीं होता है। आइए जानते हैं किचन के बल्ब और ट्यूबलाइट को साफ करने के कुछ आसान तरीके और जरूरी सावधानियां।
Photo Credit: Pinterest (Castlegate)
सफाई शुरू करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- बल्ब या ट्यूबलाइट साफ करने से पहले सबसे जरूरी है कि बिजली का कनेक्शन बंद कर दें। सिर्फ स्विच बंद करना काफी नहीं है, बेहतर होगा कि मेन पावर भी बंद कर दें।
- इसके बाद बल्ब को पूरी तरह ठंडा होने दें।
- अगर उसे फिटिंग से निकालना संभव और सुरक्षित है, तभी निकालें।
- सफाई के लिए मुलायम सूती या माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि बल्ब, ट्यूबलाइट या उनकी फिटिंग पर सीधे पानी या कोई लिक्विड न डालें।
इन तरीकों से करें साफ
1. बेकिंग सोडा से हटाएं चिकनाई
किचन के बल्ब पर जमी हल्की चिकनाई साफ करने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए दो कप पानी में दो छोटे चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। अब माइक्रोफाइबर कपड़े को इस घोल में हल्का गीला करके अच्छी तरह निचोड़ लें। इससे बल्ब की बाहरी सतह को धीरे-धीरे पोंछें। ध्यान रहे कि कपड़ा ज्यादा गीला न हो और घोल बल्ब के अंदर न जाए।
2. नींबू और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल
अगर बल्ब पर गंदगी की मोटी परत जम गई है, तो नींबू और बेकिंग सोडा का पेस्ट काम आ सकता है। एक कटोरी में नींबू का रस और दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे बल्ब पर सीधे लगाने के बजाय किसी कपड़े पर बहुत थोड़ी मात्रा में लेकर केवल हटाए गए कांच के कवर या ऐसी सतह पर इस्तेमाल करें, जिसे निर्माता के निर्देशों के अनुसार साफ किया जा सकता हो। इसके बाद साफ, हल्के नम कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखाएं। बिजली से जुड़े हिस्सों पर इस पेस्ट का इस्तेमाल न करें।
3. साबुन के पानी से साफ करें चिकनाई
खाना पकाते समय निकलने वाला तेल बल्ब और उसके कवर पर चिपक सकता है। इसे साफ करने के लिए दो कप पानी में थोड़ा लिक्विड साबुन या डिशवॉश मिलाएं। माइक्रोफाइबर कपड़े को इस घोल में डुबोकर अच्छी तरह निचोड़ लें। अब सतह को हल्के हाथ से साफ करें। आखिर में सूखे सूती कपड़े से पोंछ दें।
4. सिरके से हटाएं चिपचिपी गंदगी
अगर बल्ब के कवर पर चिकनाई आसानी से नहीं हट रही है, तो सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। एक कप पानी में थोड़ा सफेद सिरका मिलाएं। कपड़े को इस घोल से हल्का गीला करके निचोड़ लें और हटाए गए कवर की सफाई करें। इसके बाद सूखे कपड़े से पोंछकर उसे पूरी तरह सूखने दें।
यह भी पढ़ें- दीवारों पर लग जाते हैं मकड़ी के जाले? अपनाएं ये 5 मिनट वाले ट्रिक्स, दोबारा नहीं होगी परेशानी
Photo Credit: Magnific
सफाई के बाद बरतें ये सावधानियां
- बल्ब या ट्यूबलाइट को दोबारा लगाने से पहले यह सुनिश्चित करें कि उस पर नमी बिल्कुल न हो।
- गीले हाथों से बिजली के उपकरण न छुएं।
- अगर फिटिंग में चिकनाई या गंदगी जमा है, तो खुद पानी डालकर साफ करने की कोशिश न करें।
- जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रिशियन की मदद लें। नियमित रूप से सूखे कपड़े से धूल हटाते रहने पर गंदगी ज्यादा जमा नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- Easy Kitchen Hacks: ₹1 खर्च किए बिना साफ होंगे गंदे किचन टॉवल, जिद्दी से जिद्दी तेल के दाग भी चुटकियों में होंगे गायब
किचन की चमक सिर्फ स्लैब और टाइल्स से नहीं, बल्कि रोशनी से भी तय होती है। जिस बल्ब पर तेल और धूल की परत जमी हो, वो कितनी भी पावरफुल क्यों न हो, किचन अंधेरा ही लगेगा। बस एक नियम कभी मत भूलिए कि सफाई से पहले मेन स्विच ऑफ और बल्ब पूरी तरह ठंडा। छोटी सी आदत से किचन हमेशा ज्यादा रोशन और साफ दिखेगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1793711541747_m.webp)