सर्दियों में बाजार में हरी मेथी खूब मिलती है। इससे पराठे, सब्जी, थेपला और कई तरह की स्वादिष्ट डिश बनाई जाती हैं। लेकिन परेशानी तब होती है जब बाजार से एक साथ ज्यादा मेथी खरीदकर लाने पर कुछ ही दिनों में इसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। कई बार पत्तियों में नमी जमा होने से वे गलने और खराब होने लगती हैं। ऐसे में समझ नहीं आता कि आखिर मेथी को कैसे स्टोर किया जाए, ताकि वह ज्यादा दिनों तक ताजी बनी रहे।

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो फ्रिज में मेथी रखने से पहले एक छोटा-सा काम जरूर करें। सही सफाई, नमी हटाने और स्टोरेज के तरीके से मेथी की ताजगी सामान्य तरीके से रखने के मुकाबले ज्यादा समय तक बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

बाजार से खरीदकर लाए गए मेथी को हफ्ते भर तक ताजा कैसे रखें?

मेथी को जब हम बाजार से खरीदकर लाते हैं उस दिन तो वह ताजी और खिली-खिली रहती है, लेकिन अगले दिन ही वह मुरझा जाती है। ऐसे में अगर इसे तुरंत न बना लिया जाए, तो 1-2 दिन बाद इसे फेंकना पड़ जाता है। इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए आप नीचे बताए गए तरीके से अगर आप मेथी को फ्रिज में रखती हैं, तो वह हफ्तों तक ताजी बनी रहेगी। जानें कैसे?

  • मेथी को लंबे समय तक स्टोर करने के लिए सबसे पहले उसकी सफाई करना जरूरी है।
  • बाजार से लाई गई मेथी को खोलकर एक बड़ी प्लेट में फैलाएं।
  • अब इसमें से पीली, सूखी और खराब पत्तियों को अलग कर दें।
  • मेथी की मोटी डंडियों को हटाकर अच्छी और हरी पत्तियां चुन लें।
  • खराब पत्तियों को साथ रखने से बाकी पत्तियां भी जल्दी खराब हो सकती हैं।

फ्रिज में मेथी को स्टोर करने से पहले कर लें यह 1 काम

मेथी को फ्रिज में रखने से पहले सबसे जरूरी है इसकी एक्स्ट्रा नमी को हटाना है। अगर पत्तियों पर पानी लगा रह जाएगा तो वे जल्दी गल सकती हैं। इसलिए अगर मेथी बहुत गंदी नहीं है, तो उसे बिना धोए साफ करके स्टोर करें और इस्तेमाल करने से ठीक पहले धो लें। अगर मेथी धोना जरूरी है, तो इसे साफ पानी से धोकर छलनी में रखें। इसके बाद साफ सूती कपड़े या किचन टॉवल पर फैलाकर पूरी तरह सुखाएं। पत्तियों पर पानी की बूंदें नहीं रहनी चाहिए।

मेथी को फ्रिज में कैसे स्टोर करें?

मेथी की पत्तियों पर मौजूद नमी को हटाने के बाद अब एक एयरटाइट डिब्बा लें। अब इसके नीचे साफ और सूखा पेपर टॉवल या किचन टिशू बिछाएं। इसके ऊपर मेथी की पत्तियों को हल्के हाथों से फैलाकर रखें। अब ऊपर से एक और सूखा टिश्यू पेपर रखकर डिब्बे का ढक्कन बंद कर दें। टिश्यू पेपर पत्तियों के आसपास बनने वाली अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करता है। अगर टिश्यू गीला हो जाए तो उसे बदल दें।

प्लास्टिक बैग में भी रख सकती हैं मेथी

अगर आपके पास एयरटाइट डिब्बा नहीं है, तो साफ और सूखे फूड-ग्रेड बैग का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके अंदर सूखा पेपर टॉवल रखकर मेथी भर दें। बैग में थोड़ी हवा निकलने की जगह रखें और उसे फ्रिज के वेजिटेबल सेक्शन में रखें।

मेथी कितने दिनों तक ताजी रह सकती है?

सही तरीके से स्टोर करने पर मेथी कई दिनों तक अच्छी रह सकती है। हालांकि, यह उसकी शुरुआती ताजगी, फ्रिज के तापमान और नमी पर निर्भर करता है। कुछ स्थितियों में एक से दो हफ्ते तक भी इसकी गुणवत्ता बनी रह सकती है, लेकिन इसे हफ्तों तक खराब न होने की गारंटी नहीं माना जा सकता। बीच-बीच में मेथी चेक करें। अगर पत्तियां चिपचिपी हो जाएं, इनमें बदबू आए तो इसे इस्तेमाल न करें।

निष्कर्ष

मेथी को फ्रिज में रखने का सही तरीका जानकर आप उसकी बर्बादी कम कर सकती हैं। बस पत्तियों की सफाई करें, अतिरिक्त नमी हटाएं और सूखे टिश्यू पेपर के साथ स्टोर करें। इस छोटी-सी ट्रिक से हरी मेथी ज्यादा दिनों तक इस्तेमाल करने लायक बनी रह सकती है। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।