दिवाली के मौके पर सभी के घरों में तरह-तरह की मिठाइयां और पकवान बनाए जाते हैं। किसी को खीर बनानी होती है, तो कोई सेवइयां, रबड़ी या दूसरी मिठाई बनाने के लिए दूध खरीदता है। त्योहार के दिनों में दूध की ड‍िमांड भी जरूरत से ज्‍यादा बढ़ जाती है। ऐसे में कई बार लोग रोजाना से ज्यादा दूध घर लाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो दूध आप मिठाई बनाने के लिए खरीद रही हैं, वह असली है या उसमें मिलावट है?

दूध में पानी के अलावा स्टार्च, यूरिया और डिटर्जेंट जैसी चीजें भी मिलाई जा सकती हैं। ऐसे में घर पर कुछ आसान टेस्ट करके आप दध की शुद्धता का पता लगा सकती हैं। FSSAI भी दूध में मिलावट पहचानने के तरीके बताता रहता है।

image credit- magnific

म‍िलावटी दूध की पहचान कैसे करें?

हम आपको अपने इस लेख में म‍िलावटी दूध का पता लगाने के तरीकों के बारे में बता रहे हैं।

1. दूध में पानी की मिलावट कैसे पहचानें?

दूध में सबसे आम मिलावट पानी का ही होता है। इसका पता लगाने के ल‍िए आपको किसी मशीन की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद कांच की ट्रे से यह टेस्ट कर सकती हैं। इसके ल‍िए-

  • सबसे पहले कांच की ट्रे दूध की 1 से 2 बूंदें डालें।
  • अब ध्यान से देखें कि दूध किस तरह नीचे की तरफ बह रहा है।
  • अगर दूध बहुत तेजी से बह जाए और पीछे कोई सफेद निशान न छोड़े, तो समझ जाइए क‍ि उसमें पानी म‍िला हो सकता है।
  • क्‍योंक‍ि जो दूध गाढ़ा यानी क‍ि प्‍योर होता है, वह दूध धीरे-धीरे बहता है और पीछे कोई सफेद निशान भी नहीं पड़ता है।
 

2. दूध में स्टार्च का कैसे पता लगाएं?

दूध को गाढ़ा दिखाने के लिए कई बार उसमें स्टार्च मिला द‍िया जा सकता है। इसका पता लगाने के लिए दूध की थोड़ी मात्रा लेकर टेस्ट किया जा सकता है। इसके ल‍िए-

  • करीब 10 मिलीलीटर दूध लें और उसमें थोड़ा पानी मिलाएं।
  • अब चम्मच से इसे अच्छी तरह म‍िक्‍स कर दें।
  • इसके बाद दूध के ऊपर बनने वाली झाग को देखें।
  • अगर झाग की मोटी लेयर दिखती है, तो हो सकता है क‍ि इसमें स्‍टार्च म‍िला है।

3. आयोडीन से पता करें स्टार्च की मिलावट

दूध में स्टार्च की जांच करने का एक और तरीका आयोडीन सॉल्यूशन है। इसके लिए दूध को पहले गर्म करना और फिर ठंडा करना होता है।

  • सबसे पहले 2 से 3 मिलीलीटर दूध लें और उसमें 5 मिलीलीटर पानी मिलाएं।
  • अब इसे उबाल लें और फिर ठंडा होने दें।
  • ठंडा होने के बाद इसे एक अलग बर्तन में डालें।
  • अब इसमें आयोडीन सॉल्यूशन की 2 से 3 बूंदें मिला लें।
  • अगर दूध का रंग नीला हो जाता है या रंग में कोई बदलाव आपको नजर आता है, तो उसमें स्टार्च हो सकता है।
  • अगर रंग में बदलाव नहीं होता, तो यह दूध शुद्ध हो सकता है।
 
image credit- magnific

4. दूध में यूरिया की मिलावट कैसे पकड़ें?

दूध में यूरिया की मिलावट का पता लगाने के लिए सोयाबीन या अरहर दाल के पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए टेस्ट ट्यूब की जरूरत होगी।

  • सबसे पहले एक टेस्ट ट्यूब में एक चम्मच दूध लें।
  • इसमें आधा चम्मच सोयाबीन या अरहर दाल का पाउडर डालें।
  • टेस्ट ट्यूब के मुंह पर अंगूठा रखकर इसे अच्छी तरह शेक करें।
  • अब करीब 5 मिनट तक इसे ऐसे ही रहने दें।
  • इसके बाद रेड लिटमस पेपर को टेस्ट ट्यूब में डालें।
  • करीब 30 सेकंड बाद पेपर बाहर निकालें।
  • अगर रेड लिटमस पेपर नीला हो जाता है, तो इसका मतलब है क‍ि दूध में यूरिया है।

5. डिटर्जेंट की मिलावट का ऐसे लगाएं पता

दूध में डिटर्जेंट की मिलावट भी हो सकती है। इसे पता करने के लिए एक कांच का गिलास और चम्मच काफी है।

  • एक कांच के गिलास में 5 से 10 मिलीलीटर दूध डालें।
  • अब चम्मच से दूध को अच्छी तरह म‍िक्‍स कर दें।
  • अगर दूध में झाग या बुलबुले बनने लगते हैं, तो समझें क‍ि इसमें डिटर्जेंट हो सकता है।

नोट: आयोडीन और लिटमस पेपर वाले टेस्ट में इस्तेमाल किया गया दूध न पिएं और न ही उससे मिठाई बनाएं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific