कटहल की सब्जी खाने में जितनी स्वादिष्ट लगती है। इसे काटने और छीलने में उतना ही लोग बचते हैं। खासकर अगर आप पहली बार पूरा कटहल काट रही हैं तो सबसे ज्यादा परेशानी उसके सफेद और चिपचिपे रस से होती है। कटहल को जब हम काटते हैं तो यही रस हमारे हाथ, चाकू और बाकी जगहों पर लगने लगता है। फिर ऐसा होता है कि हाथ धाेने पर भी जल्दी यह चिपचिपाहट नहीं जाती है, लेकिन इसके लिए आपको कटहल काटना छोड़ने की जरूरत नहीं है।
बिना हाथ चिपचिपा किए 5 तरीकों से काटें कटहल
इसके लिए आप जब भी कटहल काटें तो थोड़ी सी तैयारी कर लें और कुछ आसान से ट्रिक्स भी आजमा सकती हैं। इन तरीकों से काम काफी साफ-सुथरा होता है। ताे अगर आप बिगिनर हैं और पहली बार कटहल काटने वाली हैं तो हम आपको 5 तरीके बता रहे हैं। आइए जानते हैं-
1. कटहल काटने से पहले चाकू को ही 'कवच' दे दें
कटहल काटते समय सबसे ज्यादा परेशानी चाकू पर चिपकने वाले दूध जैसे रस से ही होती है। ऐसे में इससे बचने का एक आसान तरीका है कि कटहल को काटने से पहले चाकू के ब्लेड पर थोड़ी-सी कुकिंग ऑयल लगा दें। चाकू के हैंडल पर तेल न लगाएं। हैंडल पर तेल लगने से आपके हाथ से चाकू बार-बार फिसल सकता है।
2. एक ही हाथ में लगाएं तेल
कई लोग कटहल काटते समय दोनों हाथों पर तेल लगा लेते हैं, लेकिन यह सही तरीका नहीं है। जब दोनों हाथों में तेल लगा होता है तो कटहल काटने पर चाकू भी हाथ से फिसलने लगती है। इसलिए जिस हाथ से कटहल को पकड़ना है, उसी पर तेल लगाए। जिस हाथ से चाकू पकड़ना है, उसे सूखा रखें। इससे दूध जैसा सफेद रस हाथ पर भी कम चिपकेगा और आपकी पकड़ भी चाकू पर बनी रहेगी।
3. एक साथ न काटें पूरा कटहल
अगर आप पहली बार कटहल काट रही हैं तो उसे पूरा का पूरा एक साथ काटने की कोशिश न करें। इससे चिपचिपा रस ज्यादा जगहों पर फैल सकता है। इसलिए कोशिश करें कि कटहल को पहले दो छोटे-छोटे हिस्साें में काट लें। अब फिर इन्हें 4 हिस्सों में काटें। इसी तरह उन हिस्सों को भी छोटा करती जाएं। कोशिश करें कि अंदर का जो मोटा सा सफेद हिस्सा होता है, उसे जल्दी निकाल दें, क्योंकि इसी में चिपचिपा रस ज्यादा रहता है।
4. कटिंग बोर्ड के नीचे बिछा दें सेफ्टी लेयर
कटहल काटते समय सिर्फ हाथ और चाकू ही चिपचिपे नहीं होते हैं। इसका रस कटिंग बोर्ड और बाकी चीजों पर भी लग जाता है। इसलिए कटहल को काटना शुरू करने से पहले ही नीचे पुराना अखबार या ऐसी शीट बिछा दें जिसे काम खत्म होने के बाद इसे हटा दें और गंदगी भी न फैले।
5. चिपचिपे हाथों पर तुरंत पानी न डालें
यही शायद सबसे काम की ट्रिक है। क्योंकि कई लोग कटहल काटने के बाद तुरंत हाथों को धो लेते हैं। यहां आपको पानी से हाथों को धोने से पहले थोड़ा कुकिंग ऑयल और लेकर चिपचिपी जगह पर मलना होगा। इससे चिपचिपाहट को साफ करना थोड़ा आसान हाे जाता है। तेल से मलने के बाद हाथ को किसी कपड़े या पेपर टॉवल से पोंछ लें और फिर साबुन से हाथ को अच्छी तरह साफ करें।
कटहल काटते समय इन बातों का भी रखें ध्यान
अगर आप पहली बार कटहल काट रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रख सकती हैं। जैसे-
- कटहल को मजबूत कटिंग बोर्ड पर ही काटें।
- चाकू के ब्लेड की धार तेज होनी चाहिए।
- चाकू के हैंडल पर तेल न लगाएं।
- कटहल को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर ही काटें।
- चाकू पर रस ज्यादा चिपकने लगे तो उसे साफ करके दोबारा तेल लगाकर इस्तेमाल करें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
