बॉलीवुड की जो चकाचौंध हमें स्‍क्रीन पर नजर आती है, असल में पर्दे के पीछे का सच कुछ और ही होता है। इस सच से कुछ सितारों की कड़वी यादें भी जुड़ी होती है। ऐसे ही एक बुरे पल की याद एक्‍ट्रेस नेहा धूपिया के मन में भी बसी हुई है।

इंडस्‍ट्री में 2 दशकों से भी अधिक समय बिता लेने के बाद भी नेहा धूपिया उस दिन को नहीं भूल पाती हैं, जब एक कास्टिंग डायरेक्‍टर ने उनकी बॉडी शेमिंग की थी।

क्‍यों वर्षों तक खुल कर हंसना छोड़ दिया था नेहा धूपिया नें?

नेहा धूपिया ने अपने शो 'डबल डेट' में इस बात का खुलासा किया। अपनी गेस्‍ट एक्‍ट्रेस हुमा कुरैशी से बॉडी शेमिंग के विषय पर बातचीत के दौरान, खुद के साथ हुई एक घटना को याद करते हुए बताया, "मुझे इंडस्‍ट्री में आए ज्‍यादा वक्‍त नहीं हुआ था। मुझे भी न्‍यूकमर्स की तरह कई कास्टिंग डायरेक्‍टर्स के ऑफिस के धक्‍के खाने पड़ते थे। मैं एक ऐसे कास्टिंग डायरेक्‍टर से मिली,‍ जिसने मेरे कॉन्फिडेंस की धज्जियां उड़ा दीं। उसने मुझसे कहा कि मैं जब हंसती हूं तो बहुत ज्‍यादा खराब लगती हूं। इस घटना के बाद मैं लगभग 10 साल तक खुलकर लोगों के बीच हंस नहीं पती थी, क्‍योंकि मैंने मान लिया था कि मैं हंसते हुए बहुत बुरी लगती हूं।"

मिस इंडिया पेजेंट जीतने पर भी नहीं मुस्‍कुराई थीं नेहा

इस घटना का असर नेहा धूपिया पर कुछ ऐसा हुआ था कि जब उन्‍होंने मिल इंडिया का खिताब जीता था, तब भी वह खुलकर मुस्‍कुरा नहीं पाईं। वह बताती हैं, "उस कास्टिंग डायरेक्‍टर ने मुझसे कहा था कि जब मैं नहीं मुस्‍कुराती हूं तब ज्‍यादा पावरफुल नजर आती हूं। मैंने उसकी इस बात को दिल में बैठा लिया था। इसके बाद जब मैंने मिस इंडिया का खिताब जीता, तब भी मेरी तस्‍वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मैं खुलकर नहीं मुस्‍कुरा पा रही हूं। उसकी बात से मेरा आत्‍मविश्‍वास पूरा हिल गया था। मुझे लगने लगा था कि मैं हंसुंगी तो मेरा काम बिगड़ जाएगा। "

नेहा धूपिया के साथ हुई इस घटना से साफ पता चलता है कि सिल्‍वर स्‍क्रीन पर चमकने वाले सितारों को खुद को तराशने के लिए भी बहुत कुछ झेलना पड़ता है। पहले के समय में तो एक्‍ट्रेसेस बॉडी शेमिंग पर कुछ बोल भी नहीं पाती थीं, मगर अब वक्‍त बदल चुका हैं और एक्‍ट्रेसेस खुलकर बॉडी शेमिंग करने वालों को जवाब भी देती हैं। यह जानकारी आपको अच्‍छी लगी हो तो इस लेख को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी एंटरटेनमेंट से जुड़ी स्‍टोरीज पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।