रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' को लेकर फैंस में काफी एक्साइटमेंट है। 4000 करोड़ के मेगाबजट वाली इस फिल्म के निर्माण में एक बड़ी टीम ने काम किया है। फिल्म से जुड़े कई नाम चर्चा में हैं। इनमें नमित मल्होत्रा सबसे ज्यादा सुर्खियों में हैं। नितेश तिवारी के ड्रीम प्रोजेक्ट 'रामायण' को हकीकत बनाने में नमित मल्होत्रा ने बहुत शिद्दत से काम किया है और नितेश तिवारी के विजन को एक भव्य फिल्म में तब्दील किया है। वह इस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। 'रामायण' के ऐलान से पहले भले ही उन्हें कोई न जानता हो, लेकिन अब सभी उनके नाम से वाकिफ हो चुके हैं। हालांकि, उनके सफर और संघर्ष के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। चलिए उनके बारे में बताते हैं।

फिल्मी बैकग्राउंड से हैं नमित मल्होत्रा

नमित मल्होत्रा फिल्मी बैकग्राउंड से हैं। उनका जन्म 2 अप्रैल 1976 को हुआ था। वह सफल भारतीय फिल्म निर्माता नरेश मल्होत्रा के बेटे और छायाकार एम.एन. मल्होत्रा के पोते हैं। उनके दादा साल 1953 में आई भारत की शुरुआती कलर फिल्मों में से एक 'झांसी की रानी' के सिनेमैटोग्राफर थे। यही वजह है कि उन्होंने बचपन से ही फिल्मी दुनिया को करीब से देखा और जाना। उन्होंने कंप्यूटर ग्राफिक्स की पढ़ाई की थी और 18-19 साल की उम्र में अपने पिता के गैराज से 'वीडियो वर्कशॉप' नाम का छोटा सा एडिटिंग स्टूडियो शुरू किया था। इसके बाद साल 1997 में उन्होंने अपने पिता के साथ मिलकर 'प्राइम फोकस' की नींव रखी।

टीवी शो 'बूगी वूगी' के लिए किया था एडिटिंग का काम

नमित ने अपने पिता के गैराज में किए स्टार्टअप में कंप्यूटर ग्राफिक्स स्कूल के अपने कुछ टीचर्स को साथ जोड़ा था। उन्होंने टीवी डांस शो 'बूगी वूगी' के लिए एडिटिंग का काम किया था। अपने काम को बढ़ाने के लिए उन्हें कुछ मशीने खरीदनी थीं, जिसके लिए एक वक्त पर उन्होंने अपना घर भी गिरवी रख दिया था।

ग्लोबल VFX कंपनी DNEG के चेयरमैन हैं नमित मल्होत्रा

'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ग्लोबल VFX कंपनी DNEG के चेयरमैन और सीईओ हैं। यह कोई छोट-मोटी कंपनी नहीं बै, बल्कि उनकी कंपनी कई हॉलीवुड फिल्मों में VFX दे चुकी है। इसमें 'ड्यून' और 'अवतार' जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा 'एवेंजर्स', 'कैप्टन अमेरिका - द फर्स्ट एवेंजर' और 'कैप्टन अमेरिका - सिविल वॉर' जैसी फिल्मों के लिए भी उनकी कंपनी ने VFX का काम किया है। उनकी कंपनी को VFX वर्क के लिए 7 ऑस्कर मिल चुके हैं। बता दें कि नमित मार्वल स्टूडियो की फिल्मों के लिए भी VFX का काम कर चुके हैं।

करोड़ों में है नेटवर्थ

फिल्म 'रामायण' में पानी की तरह पैसा बहाने वाले नमित मल्होत्रा की नेटवर्थ आपको हैरान कर देगी। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक नमित मल्होत्रा की नेट वर्थ 9,204 करोड़ से ज्यादा है। उनके परिवार की नेटवर्थ की बात करें, तो यह करीब 16 हजार करोड़ बताई जाती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नमित मल्होत्रा 'रामायण' के दोनों पार्ट्स के बाद रामायण का पूरा यूनिवर्स प्लान कर रहे हैं।

 

 

 

 

 

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।