तापसी पन्नू आज बॉलीवुड जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक हैं। उनकी जहां कुछ फ़िल्में दर्शकों को आज भी आकर्षित करती हैं, वहीं उनका किरदार कुछ अलग ही नजर आता है। चाहे थप्पड़ फिल्म की अमृता सभरवाल का किरदार ही या फिर हसीं दिलरुबा की रानी। ये सभी किरदार अपने आप में ही कुछ खासियत रखते हैं। वास्तव में तापसी अपनी फिल्मों के चुनाव और बेबाक विचारों के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अक्षय कुमार की तरह लगातार कई फिल्मों में काम करने पर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी। बातचीत के दौरान तापसी ने इंडस्ट्री में फीमेल एक्टर्स की पे पैरिटी, निर्माता बनने के पीछे की सोच और अपने व्यस्त शेड्यूल पर खुलकर बात की। उन्होंने यह भी बताया कि एक फिल्म की रिलीज पर सफलता का जश्न मनाने से पहले ही वह दूसरे प्रोजेक्ट में जुट जाती हैं। साथ ही, उन्होंने वर्तमान में जीने और जीवन में संतुलन बनाने की अपनी कोशिशों का भी जिक्र किया है। आइए आपको बताते हैं तापसी पन्नू से हुई खास बातचीत के कुछ प्रमुख अंश।
आप अक्षय कुमार की ही तरह साल में कई फिल्में शूट कर रही हैं। इसके बारे में कुछ बताएं?
(हंसते हुए) अक्षय सर जैसा पे चेक भी आना चाहिए, तब मुझे वाकई में लगेगा कि मैं उनकी तरह काम कर पा रही हूं। खैर , मज़ाक था, मैं कभी इसकी शिकायत नहीं करती हूं। मेरे पास बहुत सारी चॉइसेज़ होती हैं। मैंने इतनी सारी फिल्में चुनी हैं, हालांकि कई फिल्मों को मना भी किया फिर भी करने के बाद भी इतनी चुन ली हैं। मैं खुद भी नहीं चाहती हूं कि ऐसा काम करूं, जिसमें खुद को रिपीट करूं, क्योंकि ऐसा कर मैं खुद ही बोर हो जाऊंगी। अगर मैं बोर हुई, तो मेरे दर्शक भी बोर हो जाएंगे। मेरे काम में मेरी दिलचस्पी बनी रहे और दर्शक बोर न हो, इसीलिए उसी रोल का चुनाव करती हूं, जो पहले न किया गया हो।
अब तो आप निर्माता भी बन गई हैं। क्या बदलाव की उम्मीद कर रही हैं कि अभिनेत्रियों को भी अच्छी कहानियों और बराबरी के पे चेक मिल सकें?
मैं इसी उम्मीद के साथ निर्माता बनी हूं कि बदलाव आएगा। मैं अकेली कुछ नहीं कर सकती। मुझसे पहले भी लोगों ने बहुत अच्छा काम किया है, जिन्हें देखकर मैं प्रेरित हुई हूं, उनकी वजह से मुझे कुछ कहने का मौका मिला है। कोशिश करूंगी कि आने वाली पीढ़ी के लिए ऐसे मौके बना पाऊं। बदलाव लाने की कोशिश है, लेकिन मेरे रहते हुए वह बराबरी आ पाएगी या नहीं, उसकी गांरटी नहीं है।
आपने कहा था कि मैं अपनी सफलता को एंजॉय नहीं कर पाती हूं, क्योंकि एक प्रोजेक्ट सफल होने के बाद अगला बेंचमार्क सेट करने में लग जाती हूं। कई बार आपको लगता नहीं कि थोड़ा रुककर एंजॉय कर लिया जाए?
कोशिश यही है कि थोड़ा स्लो हुआ जाए। यहां स्लो होने से मतलब प्लैनिंग को लेकर, जिसे बेहतर कर पाऊं, ताकि खुद के लिए समय निकल सके। मैंने पिछले दो वर्षों में कोशिश की थी, लेकिन कोरोना ने आकर सारा प्लैन खराब कर दिया। इस साल फिर से कोशिश करूंगी कि थोड़ा वक्त निकालकर फिल्में करूं। ऐसा करने से फिल्मों को शूट करना और उनकी रिलीज़ दोनों को एंजॉय कर पाऊंगी। अभी यह हो रहा है कि जब एक फिल्म की सफलता का मज़ा लेने का समय होता है, तो मैं किसी और फिल्म की शूटिंग के बीच में होती हूं। कई बार फिर सोच में पड़ जाती हूं कि फिल्म की शूटिंग करूं या पिछली फिल्म की सफलता का भरपूर मज़ा उठाऊं। कोशिश करूंगी कि आगे जाकर इस परिस्थिति को अवॉइड कर पाऊं, लेकिन इसके लिए यह भी होना चाहिए कि हम दोबारा किसी ऐसी मुश्किल में न फंसे, किसी तरह का कोई लॉकडाउन न हो, तब जाकर हमारा जीवन सामान्य हो पाएगा।
फिल्म 'लूप लपेटा में एक संदेश है कि वर्तमान में जिएं। आप इस व्यस्त शेड्यूल में कितना आज में जी पाती हैं?
यह कहना आसान होता है, लेकिन करना मुश्किल। लेकिन हां, मेरे ज़ेहन में हमेशा यह बात रहती है कि वर्तमान में जीना है, जिस पल में हैं, उसका मज़ा लेना है। आगे का वैसे भी कुछ पता नहीं होता है कि कब क्या हो जाए? सारी योजनाएं धरी की धरी ही रह जाती हैं। कई बार आपके नियंत्रण में कुछ नहीं होता। वर्तमान में मेरे लिए क्या सही होगा? उसके मुताबिक निर्णय लेती हूं। मैं ये बातें खुद को याद दिलाती रहती हूं कि आज में जीना है। हालांकि, हर बार ऐसा संभव नहीं हो पाता। कई बार आगे की सोचकर भी प्राथमिकताएं बदल जाती हैं।
मुंबई ब्यूरो से प्रियंका सिंह
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Instagram.com
