बॉलीवुड के गलियारों में जब भी मोहब्बत की कहानियों का जिक्र होता है, तो मधुबाला और दिलीप कुमार का नाम जरूर लिया जाता है। इन दोनों का इश्क बेशक मुकम्मल नहीं हो सका, लेकिन इन दोनों का रिश्ता हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित प्रेम कहानियों में एक रहा है। साथ काम करते-करते दोनों का प्यार गहरा होने लगा, लेकिन कहा जाता है कि मधुबाला के पिता को वक्त के साथ इस रिश्ते से ऐतराज होने लगा और एक वक्त पर वो इन दोनों के प्यार के दुश्मन बन बैठे। कहा जाता है कि दोनों की सगाई हो गई थी, निकाह के कार्ड छप गए थे, लेकिन फिर इनका रिश्ता टूट गया। एक 'सॉरी' और एक 'जिद' ने इनकी प्रेम कहानी खत्म कर दी, चलिए हमारी खास सीरीज 'फिल्मी गलियारों से' में आज आपको इस दिलचस्प किस्से के बारे में बताते हैं।

जब सॉरी बोलने को राजी नहीं हुए दिलीप कुमार

दिलीप कुमार और मधुबाला के बीच फिल्म 'नए दौर' से जुड़े कोर्ट केस के दौरान दरार आ गई थी, जहां दिलीप कुमार ने उनके पिता के खिलाफ गवाह दी थी, क्योंकि उनके पिता नहीं चाहते थे कि मधुबाला और दिलीप कुमार आउटडोर शूटिंग के लिए जाएं। हालांकि, कहा जाता है कि कोर्ट में भी दिलीप कुमार ने मधुबाला के लिए उनकी मोहब्बत कुबूली थी। बाद में प्रोडक्शन हाउस और मधुबाला के बीच समझौता हो गया था। इस केस के बाद मधुबाला चाहती थीं कि दिलीप कुमार उनके पिता को सॉरी बोल दें और बात खत्म करें। मधुबाला की छोटी बहन ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान इस किस्से का जिक्र किया था और कहा था कि एक दिन दिलीप कुमार ने मधुबाला से कहा कि अब हमें शादी कर लेनी चाहिए। इसके बाद मधुबाला ने कहा, "मैं जरूर शादी करूंगी, लेकिन उससे पहले आप एक बार मेरे पिता को सॉरी बोल दीजिए..." दिलीप कुमार ने ऐसा करने से इंकार कर दिया।

एक जिद ने खत्म कर दिया था रिश्ता

मधुबाला पिता और अपने प्यार के बीच फंस गई थीं। उन्होंने रोते हुए दिलीप कुमार से कहा था, "देखो हमारी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी, ऐसा मत करो।" इस पर दिलीप साहब ने कहा था, "तुम अपनी जिद छोड़ दो, मैं सॉरी नहीं बोलूंगा..." आखिरकार दोनों में से किसी ने अपना फैसला नहीं बदला और यह रिश्ता टूट गया।

दिलीप कुमार की इस बात से खामोश हो गई थीं मधुबाला

दिलीप कुमार और मधुबाला के करियर की सबसे आइकॉनिक फिल्म 'मुगल-ए-आजम' रही। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों का रिश्ता खत्म हो चुका था।कहा जाता था कि एक सीन में सलीम (दिलीप कुमार) को अनारकली (मधुबाला) को थप्पड़ मारना था। उस दौर में इस तरह के सीन नकली तरीके से फिल्माए जाते थे, लेकिन दिलीप कुमार ने असल में मधुबाला को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मधुबाला खामोश हो गई थीं। उनके कई करीबी लोगों ने जिक्र किया था कि उन्हें ऐसा लगा कि एक्टिंग की आड़ में दिलीप कुमार उन पर गुस्सा दिखा रहे हैं और जो शख्स एक वक्त पर उनसे बेपनाह मोहब्बत करता था, वो आज उनके साथ ऐसा कर रहा है। बता दें कि इस किस्से का जिक्र खतीजा अकबर की किताब आई वांट टू लिव: द स्टोरी ऑफ मधुबाला में भी है।

 

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।