By Saudamini Pandey30 Jul 2018, 21:09 IST
महिलाओं को मेकअप करने का काफी शौक होता है। कई महिलाएं मेकअप करने को लेकर इतनी प्रॉम्प्ट होती हैं कि वे पब्लिक स्पेस में भी मेकअप करना शुरू कर देती हैं। मजेदार बात ये है कि मेट्रो, बसों या ट्रेन में जब महिलाएं मेकअप करती नजर आती हैं, तो उन्हें देखकर लोग हैरान रह जाते हैं और तरह-तरह के रिएक्शन भी देते हैं। कई रिएक्शन फनी होते हैं तो कुछ को देखकर मेकअप करने वाली लड़कियां सकुचा जाती हैं। कभी-कभी उन्हें कुछ फनी कमेंट्स भी सुनने को मिलते हैं। कमेंट्स की आदी हो जाने वाली लड़कियां अपने मेकअप में ही मशगूल रहती हैं। उन्हें इस बात की ज्यादा परवाह नहीं होती कि लोग उन्हें देख रहे हैं।
कई लड़कों को लड़कियों का इस तरह से सजना-संवरना रास आता है तो वहीं कुछ उन्हें अजीबोगरीब निगाहों से देखते हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि मेट्रो में मेकअप करने के दौरान मैच्योर लेडीज को यह बात अखरती है। यंग लेडीज की मेकअप के लिए ऐसी दीवानगी उनके सिर के ऊपर से निकल जाती है, वे यही सोचती रह जाती हैं कि लड़कियों में चाहें और कोई गुण हो या ना हो, मेकअप में हमेशा आगे रहती हैं और मेकअप करने के बाद खुद को हूर की परी समझने लगती हैं।
एक फनी बात ये भी है कि मेकअप करते हुए मेट्रो में कई बार झटके भी लग जाते हैं, लेकिन मेकअप करने में मशगूल महिलाएं इस बारे में सोचती ही नहीं। कभी झटके से उनकी लिपस्टिक खराब हो जाती है तो कभी आईलाइनर, इसे देखकर आसपास वाले भी कभी-कभार हंस ही देते हैं। यह बात भी दिलचस्प है कि जो लड़कियां अक्सर ही मेट्रो में मेकअप करते हुए दिखाई दे जाती हैं, उन्हें लोग बहुत ध्यान से देखते हैं और भीड़ में भी आसानी से पहचान लेते हैं। उनके मेकअप करने के अंदाज और लुक्स पर ढेर सारी गॉसिप्स भी सुनने को मिलती हैं।