होली का त्योहार खत्म हो गया है और लोग अपने-अपने घरों की सफाई और सजावट में लग गए होंगे। आखिर चैत्र नवरात्र जो आने वाली है। नवरात्र में पूजा घर को सजाना और 9 दिन सारे विधि विधान से पूजा करना अच्छा माना जाता है तो फिर क्यों न इस पूजा घर को और भी ज्यादा अच्छी तरह से सजाया जाए। हम अक्सर आपको घर सजाने और घर को बेहतर बनाने के टिप्स बताते रहते हैं और आज इसी कड़ी में हम 500 रुपए से कम खर्च वाले पूजा घर मेकओवर आइडियाज लेकर आए हैं।
इसके पहले हम आपको किचन मेकओवर आइडियाज और बाथरूम मेकओवर आइडियाज बता चुके हैं और अब ये 500 रुपए मेकओवर सीरीज काफी प्रचलित हो रही है। तो चलिए आपको बताएं कि किस तरह से आप अपना पूजा घर डेकोरेट कर सकते हैं।
1. वॉलपेपर और स्टिकर्स से सजाएं पूजा घर को
बजट- 500 रुपए
घर के किसी भी कोने का लुक बदलना हो तो वॉलपेपर और स्टिकर्स सबसे अच्छा ऑप्शन साबित हो सकते हैं जो सस्ते, सुंदर और टिकाऊ होते हैं।
स्टीकर्स और वॉलपेपर की कड़ी-
आप 500 रुपए की रेंज में अपने घर पर वॉलपेपर्स और स्टीकर्स सजा सकते हैं। पूजा घर से जुड़े वॉलपेपर्स आपको आसानी से ऑनलाइन मिल जाएंगे। ये स्टिकर्स बहुत ही कम रेंज में मिलते हैं। आप गोल्ड और सिल्वर की थीम पर अपने पूजा घर को सजा सकते हैं। ये थीम आपको बहुत पसंद आएगी और तरह तरह के डिजाइन मिल सकते हैं। अगर घर में कृष्ण भगवान की मूर्ति है तो मोर पंख या फिर शिव की प्रतिमा के लिए ऊं का निशान भी ले सकते हैं।
या फिर इस तरह से आप स्टिकर्स देख सकते हैं जैसे इस तस्वीर में दिए गए हैं। ऐसे में आप बहुत सारे ऑप्शन्स देख सकते हैं। सबसे पहले आप कलर कॉम्बिनेशन डिसाइड करें कि आपको किस तरह की थीम पर अपना पूजा घर सजाना है।
इसे जरूर पढ़ें- 500 रुपए में कर सकती हैं किचन का मेकओवर, रहेगा साफ और स्टाइलिश
2. तोरण और लाइट्स से सजाएं पूजा घर
बजट- 500 रुपए
आप घर में प्लास्टिक तोरण और लाइट्स से पूजा घर को सजा सकते हैं। ये बहुत ही ज्यादा आर्टिस्टिक लुक देंगे।
प्लास्टिक तोरण-
अगर आप पूजा घर में कोई नया लुक ट्राई करना चाहते हैं तो प्लास्टिक के तोरण चुन सकती हैं। ये तोरण बहुत ही अच्छी तरह से घर को सजाने में मदद कर सकते हैं और ये तोरण आपको बहुत ही यूनीक लग सकते हैं। इन तोरण का डिजाइन आप अपने हिसाब से ही चुन सकते हैं इसी के साथ आप इन तोरण का रंग भी चेंज कर सकते हैं। 200-250 रुपए तक की रेंज में ऐसे तोरण ऑनलाइन मिल जाएंगे। आप कई सारे तोरण मिलाकर भी अपने पूजा घर के लुक को बदल सकते हैं।
कलश या ऊं के आकार की फेयरी लाइट्स-
आपको जानकर ये आश्चर्य होगा कि ये लाइट्स काफी सस्ती आती हैं और इस तरह के आकार की लाइट्स को आप अपने हिसाब से कैसे भी सेट कर सकते हैं। आप अगर कलश या फिर ऊं के आकार की फेयरी लाइट्स न लेना चाहें तो भी सिंपल लाइट्स से अपने पूजा घर को डेकोरेट कर सकते हैं।
ये दोनों ही डेकोरेशन आपकी 500 रुपए के बजट में हो जाएंगी।
इसे जरूर पढ़ें- 500 रुपए में करें बाथरूम का मेकओवर, गंदगी और बदबू से मिलेगा छुटकारा
3. वॉल टाइल और बीड्स वाले पर्दे-
बजट- 500 रुपए
अगर आपका पूजा का कमरा अलग से नहीं है तो आप इन दोनों चीज़ों से ही अपने पूजा घर को अलग लुक दे सकते हैं।
टाइल पेपर-
अगर आपको बजट में पूरे पूजा घर का लुक बदलना है तो वालपेपर की जगह टाइट पेपर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। ये ऐसा लगेगा जैसे आपने नए टाइल्स लगवा लिए हों। अगर दीवार का रंग सफेद है तब तो इस तरह के टाइल पेपर्स बहुत ही अच्छे लगेंगे। आप इन्हें मंदिर के आस-पास भी लगा सकते हैं और ये रोल मीटर के हिसाब से आते हैं। आप अपनी जरूरत के हिसाब से इन्हें ले सकते हैं।
बीड्स वाले पर्दे-
अगर पूजा रूम अलग से नहीं है और हॉल या किसी और कमरे का हिस्सा बना रखा है तो आप बीड्स वाले पर्दों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। ये दिखने में बहुत अच्छे हैं और अलग-अलग डिजाइन और डेकोर के हिसाब से इन्हें खरीदा जा सकता है। 200 रुपए से स्टार्टिंग कर ये बहुत ज्यादा रेंज वाले पर्दों तक लिया जा सकता है। आप चाहें तो इन्हें अलग-अलग रंगों में भी ले सकते हैं।
ये सभी तरीके आपके पूजा घर को कुछ अलग लुक देने के काम आएंगे और साथ ही साथ ये बहुत ही ज्यादा किफायती भी होंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।