जब बात रिलेशनशिप की आती है तो हम हमेशा बॉलीवुड सेलिब्रिटी कपल्स की मिसाल देते हैं। मगर क्रिकेट जगत में भी कुछ सेलिब्रिटी कपल्स हैं, जिनके बीच की बॉन्डिंग देख आम कपल्स को काफी कुछ सीखने को मिल सकता है। इनमें से एक हैं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और उनकी वाइफ साक्षी धोनी।
दोनों की शादी को इस साल 11 वर्ष पूरे हो जाएंगे। शादी के इतने साल बीतने के बाद भी दोनों आज भी जब साथ में नजर आते हैं तो उनके प्यार में नयापन झलकता है। आपको बता दें कि एमएस धोनी का जन्मदिन 7 जुलाई को होता है। इस अवसर पर हम आपको एमएस धोनी और साक्षी धोनी की कुछ ऐसी तस्वीरें दिखाएंगे, जिन्हें देख कर आपको उनके रिश्ते की मजबूती का अंदाजा हो जाएगा और खुद के लिए कपल गोल्स सेट करने में भी आसानी होगी।
All Image Credit: Ms.Dhoni/Instagram. Sakshi Singh Dhoni/Instagram
1एमएस धोनी और साक्षी धोनी की शादी

एमएस धोनी की लव लाइफ के बारे में लगभग सभी लोगों को पता है। एमएस धोनी का पहला प्यार उनकी वाइफ साक्षी धोनी नहीं थीं। पहले एमएस धोनी किसी और लड़की से प्यार करते थे, मगर एक हादसे में उन्होंने अपनी पहली मोहब्बत को हमेशा-हमेशा के लिए खो दिया था। जिस वक्त यह हादसा हुआ था उस वक्त धोनी के करियर का शुरुआती दौर था। हालांकि, धोनी ने इस हादसे के बाद भी खुद को मजबूत बनाए रखा। साक्षी के रूप में धोनी की लाइफ में एक बार फिर से इश्क ने दस्तक दी थी और इस बार धोनी ने देर नहीं की। 2 साल साक्षी को डेट करने के बाद धोनी ने 4 जुलाई 2010 में शादी कर ली। यह तस्वीर एमएस धोनी और साक्षी धोनी की शादी की है।
2बेटी का जन्म

शादी के लगभग 5 साल बाद एमएस धोनी और साक्षी के घर बेटी जीवा का जन्म 2 फरवरी 2015 को हुआ था। धोनी अपनी बेटी जीवा से बहुत जुड़े हुए हैं। एक खबर के मुताबिक, जब जीवा का जन्म हुआ था तब धोनी मैच प्रैक्टिस कर रहे थे। धोनी प्रैक्टिस के दौरान अपने पास फोन नहीं रखते थे और इसलिए साक्षी को धोनी से पहले यह खबर उनके साथी सुरेश रैना को बतानी पड़ी थी।
3धोनी करते हैं वाइफ साक्षी की बहुत केयर

एमएस धोनी कितने महान खिलाड़ी हैं, उतने ही सुलझे हुए इंसान भी हैं। धोनी और उनकी वाइफ की कई ऐसी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल होते हुए देखा गया है, जिनमें कहीं धोनी साक्षी के जूते की लेस बांध रहे हैं तो कहीं उनके कपड़ों को ठीक कर रहे हैं। इस पर धोनी और साक्षी को काफी ट्रोल भी किया गया है। मगर जब प्यार सच्चा हो तो इन सब बातों का फर्क नहीं पड़ता है। इस तस्वीर में यह बात साफ झलक रही है।
4वाइफ के साथ फन मोमेंट्स

क्रिकेट के अलावा धोनी को वीडियो गेम खेलने का भी बहुत शौक है। इस तस्वीर में इस बात का खुलासा खुद साक्षी ने किया है। वह लिखती हैं, 'बीवी से ज्यादा कभी-कभी वीडियो गेम जरूरी हो जाता है।' मगर बेस्ट बात तो यह है कि साक्षी ने यहां भी फन मोमेंट तलाश लिया है।
5अपने परिवार के साथ ऐसे वक्त बिताते हैं धोनी

अपनी वाइफ साक्षी और बेटी जीवा के साथ वक्त बिताने का धोनी एक भी मौका नहीं छोड़ते हैं। उन्हें जब भी मौका मिलता है वह फैमिली के साथ आउटिंग पर बाहर जरूर जाते हैं।
6साक्षी के साथ सेल्फी में खूब नजर आते हैं धोनी

आमतौर पर देखा गया है कि पतियों को बहुत अधिक सेल्फी लेने का शौक नहीं होता है। वहीं महिलाएं सेल्फी की दीवानी होती हैं। साक्षी भी सेल्फी क्वीन हैं और उनका इंस्टाग्राम पेज सेल्फी से भरा हुआ है। मगर इन सेल्फीज में साक्षी के साथ आप कई तस्वीरों में धोनी को फनी फेस बनाए देख सकते हैं। उनमें से एक तस्वीर यह भी है।
7बेटी जीवा का काम मिल कर करते हैं धोनी और साक्षी

साक्षी हाउसवाइफ हैं और घर की सारी जिम्मेदारी उन्हीं के ऊपर हैं। मगर बात जब बेटी जीवा के काम की आती है तो साक्षी और धोनी के काम बंटे हुए हैं। जी हां, धोनी और साक्षी मिल कर जीवा का इंस्टाग्राम अकाउंट मैनेज करते हैं और इस अकाउंट पर बहुत सारी तस्वीरें हैं, जिनमें धोनी को कहीं जीवा के बालों की मालिश करते हुए तो कहीं स्विमिंग सिखाते हुए देखा जा सकता है।
8धोनी-साक्षी साथ मिलकर करते हैं ये काम

धोनी क्रिकेट से लगभग संन्यास ले चुके हैं और अब वो पूरा टाइम उन कामों को करने में लगाते हैं, जो वह पहले नहीं कर पाए। इनमें से एक है फार्मिंग धोनी और साक्षी रांची स्थित अपने आलिशान फार्म हाउस में रहते हैं। इस फार्म हाउस का ध्यान दोनों साथ मिल कर रखते हैं। धोनी के पास कई पालतू जानवर भी हैं। साक्षी उनकी तस्वीरें हमेशा ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करती रहती हैं। जिनमें दोनों को साथ मिलकर काम करते हुए देखा जा सकता है।
9साक्षी को नहीं है क्रिकेट में ज्यादा इंटरेस्ट

आपको बता दें कि एमएस धोनी से जब साक्षी की पहली मुलाकात हुई थी, तब वह उन्हें जानती भी नहीं थीं क्योंकि उन्हें क्रिकेट में कोई इंटरेस्ट नहीं था। आज भी साक्षी को क्रिकेट में इतना इंटरेस्ट नहीं है, मगर साक्षी पति धोनी को सपोर्ट करने के लिए हमेशा उनके साथ ही नजर आती हैं। वहीं कई क्रिकेटर्स की पत्नियों से साक्षी की बहुत ही गहरी दोस्ती भी है, जिनमें से एक हैं सुरेश रैना की वाइफ प्रियंका रैना।
10साक्षी का इमोशनल लेटर

15 अगस्त 2020 को जब एमएस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था, तब दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को दुख पहुंचा था। इस घड़ी में पति धोनी का हौसला बढ़ाते हुए साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक बहुत ही इमोशनल नोट लिखा था। जिसमें उन्होंने कहा था, ' मुझे आपकी उपलब्धियों और बतौर इंसान आप पर गर्व है।'
धोनी और साक्षी का एक दूसरे को इस तरह से सपोर्ट करना और एक दूसरे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना वाकई आम कपल्स के लिए एक मिसाल है।