अब जब पारा गिरने लगा है और ठंड काफी बढ़ने लगी है, तो ऐसे में लोग खुद को ठंड से बचाए रखने के लिए कई अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। इन्हीं में से एक है रूम हीटर का इस्तेमाल करना। ठंड के मौसम में अमूमन हर घर में रूम हीटर का इस्तेमाल किया जाता है। इतना ही नहीं, अब तो ऑफिस में भी रूम हीटर का इस्तेमाल किया जाने लगा है। यह आपको ठंड से बचाने और गर्मी का अहसास करवाने में बेहद मददगार साबित होते हैं।
लेकिन क्या आपको पता है कि घर में रूम हीटर रखते समय आपको वास्तु के कुछ नियमों का भी ध्यान रखना चाहिए। जी हां, रूम हीटर को रखने के लिए अपनी एक दिशा होती है, जिसके बारे में अधिकतर लोगों को पता ही नहीं होता है। तो चलिए आज इस लेख में वास्तुशास्त्री डॉ आनंद भारद्वाज आपको बता रहे हैं कि घर में रूम हीटर रखते समय आपको वास्तु के किन नियमों का ध्यान रखना चाहिए-
सही दिशा में रखें हीटर
- हीटर को रखते समय उसकी दिशा पर ध्यान देना बेहद जरूरी होता है।
- चूंकि हीटर का संबंध अग्नि तत्व से है, इसलिए इसे दक्षिण-पूर्व दिशा (दक्षिण पूर्व दिशा में न रखें ये चीजें) में रखना काफी अच्छा माना जाता है।
- लेकिन कभी-कभी ऐसा होता है कि हमारा बेड ही साउथ में रखा होता है और इसलिए वहां पर रूम हीटर रखने की जगह नहीं होती है।
- ऐसे में आप उत्तर पश्चिम दिशा में भी रूम हीटर को रख सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: वास्तु शास्त्र में इन 10 दिशाओं को क्यों माना जाता है महत्वपूर्ण? जानें इनके नाम और देवता
उत्तर-पूर्व में रखने से बचें
- अक्सर ऐसा होता है कि लोगों का रूम हीटर बार-बार खराब होता है। कभी उसके एलीमेंट्स जल जाते हैं तो कभी उसके तार या प्लग में भी बार-बार समस्या होती है।
- हो सकता है कि आपके रूम हीटर में यह समस्या बार-बार इसलिए हो रही हों, क्योंकि आपने उसे गलत दिशा में रखा हो।
- ऐसे में रूम हीटर को आप उत्तर-पूर्व दिशा (पूर्व दिशा में न रखे ये चीजें) में रखने से बचें। इसके अलावा, साउथ वेस्ट दिशा में भी रूम हीटर रखने से वह हमेशा खराब ही रहता है।
तत्वों को करें बैलेंस
- वास्तु शास्त्र में हमेशा ऊर्जा के संतुलन पर जोर दिया जाता है।
- इसलिए, अगर आप अपने घर या कमरे में रूम हीटर चला रहे हैं तो इसका अर्थ है कि आपने वहां पर अग्नि तत्व को प्राथमिकता दी है।
- ऐसे में ऊर्जा के संतुलन के लिए आप वहां पर वायु तत्व को भी अवश्य शामिल करें।
- इसके लिए आप अपने कमरे की कोई खिड़की या दरवाजा अवश्य खोलें।
- इसे बेहद आवश्यक माना गया है। कभी भी कमरे को पूरा बंद करके रूम हीटर नहीं चलाना चाहिए।
- विज्ञान में भी इसे उचित नहीं माना गया है, क्योंकि इससे कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है।
इसे जरूर पढ़ें: वास्तु के अनुसार लगाएं वॉल हैंगिंग, जीवन में आएंगी खुशियां
जमीन पर ना रखें हीटर
- कुछ लोग जब हीटर रखते हैं तो उसे सीधे जमीन पर रखकर ही इस्तेमाल करते हैं।
- लेकिन ऐसा करना भी उचित नहीं माना जाता है।
- दरअसल, जब आप सीधे इसे जमीन पर रखते हैं तो यह पृथ्वी तत्व के संपर्क में आता है, जो ठीक नहीं है।
- इसके अलावा, इससे आपका फर्श खराब होने का खतरा भी बना रहता है।
- इसलिए कोशिश करें कि आप इसे स्टैंड पर रखें या फिर जमीन से थोड़ा सा ऊपर रखने का प्रयास करें।
तो अब आप भी रूम हीटर रखते समय वास्तु के इन नियमों को अवश्य ध्यान में रखें। इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: Freepik
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।