शादी दो लोगों के साथ-साथ दो परिवारों का मिलन होता है। इसलिए दुनियाभर में इस शुभ कार्य से जुड़े कई रीति-रिवाजों को फॉलो किया जाता है। लेकिन कुछ रिवाज ऐसे होते हैं, जिन्हें देख हंसी आने लगती है और दिमाग चकरा जाता है। हम यह सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि क्या सच में लोग इन सब चीजों को मानते हैं? हालांकि, रीति-रिवाज के पीछे कारण छिपे होते हैं।
भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों में ये अजीबो-गरीब रिवाज निभाए जाते हैं। जैसे फ्रांस में दूल्हा-दु्ल्हन को उनके रिश्तेदारों द्वारा बेहद परेशान किया जाता है। मॉरिटानिया देश में शादी के लिए केवल मोटी लड़कियों को ही पसंद किया जाता है। इसके कारण उन्हें जबरदस्ती खाना खिलाया जाता है, साथ ही उन्हें माता-पिता द्वारा 'फैट कैम्प्स' में भी भेजा जाता है, ताकि वह मोटी हो जाए और उनकी आसानी से शादी हो जाए। आपने यह तो सुना होगा कि नजर न लगे इसके लिए काला टीका लगाया जाता है, लेकिन स्कॉटलैंड में दूल्हा-दुल्हन के चेहरे पर कालिख पोती जाती है।
ऐसे में आज हम आपको इंडोनेशिया के एक ऐसे समुदाय के बारे में बताएंगे जहां शादी से जुड़ा बेहद ही अजीब रिवाज निभाया जाता है। सोचिए अगर आपको कोई टॉयलेट जाने न दे? वो भी तीन दिन के लिए? फिर आप क्या करेंगे? आपको शायद यह सुनकर गुस्सा आ रहा होगा, लेकिन यह सच है। चलिए जानते हैं इंडोनेशिया में क्यों नए जोड़े को 3 दिन तक नहीं जाने देते टॉयलेट।
टीडॉन्ग समुदाय में निभाया जाता है ये रिवाज
टीडॉन्ग लोग इंडोनेशिया और मलेशिया के बीच की सीमा के पास बोर्नियो के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के निवासी हैं। यहां के समुदाय के लोगों के बीच शादी से जुड़ी बेहद ही अजीब परंपरा निभाई जा रही है। इस समुदाय में दूल्हा-दुल्हन को शादी के बाद करीब 3 दिन तक टॉयलेट नहीं जाने दिया जाता है। आपको यह सुनकर बेहद अजीब लग रहा होगा, शायद हंसी भी आ रही होगी, लेकिन यह रिवाज इन लोगों के लिए कोई बड़ी बात नहीं है। यहां इस रिवाज को निभाना जरूरी होता है।
शादीशुदा जीवन में आ सकती है समस्या
टीडॉन्ग समुदाय में यह माना जाता है कि अगर जोड़ा शादी के बाद टॉयलेट का इस्तेमाल कर लेता है तो उसके वैवाहिक जीवन में समस्याएं आ सकती हैं। यहां तक कि शादी लंबे समय तक चलेगी भी नहीं। यही नहीं, माना जाता है कि ऐसा करने से किसी की मौत भी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: आइए जानते हैं भारत के 9 विचित्र रीति-रिवाजों के बारे में
कम दिया जाता है खाना
अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसे कैसे हो सकता है कि कोई व्यक्ति टॉयलेट न जाए? लेकिन इसके लिए यहां के लोग दूल्हा-दुल्हन को 3 दिन तक कम खाना देते हैं। साथ ही वह टॉयलेट न जा सके इसके लिए घर के बुर्जुग पहरा भी देते हैं। करीब 3 दिन बाद दूल्हा-दुल्हन नहाते हैं और अपने वैवाहिक जीवन के सफर की शुरुआत करते हैं। (सात जन्म,सात फेरे का क्या है शादी से संबंध?)
इसे भी पढ़ें: Universal Day of Culture: देश-विदेश में हैं शादी से जुड़े ये 5 अजीबो-गरीब रिवाज
वैवाहिक जीवन में रहेगी खुशहाली
माना जाता है कि जो कपल यह चुनौती को पार करने में सफल होता है, वह एक खुशहाल जिंदगी जीता है। उनकी जिंदगी में किसी तरह की कोई समस्या नहीं होती है। यही कारण है कि यहां के ज्यादातर कपल अपने सुखी जीवन के लिए ऐसा करते हैं। (हिंदू धर्म में नथ का महत्व जानें)
उम्मीद है कि आपको हमारा ये आर्टिकल पसंद आया होगा। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए हमें कमेंट कर जरूर बताएं और जुड़े रहें हमारी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik & Shutterstock
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।