90 के दशक की टॉप क्लास हिरोइन काजोल का आज जन्मदिन है। जहां तक टैलेंट की बात है तो काजोल कहीं से भी पीछे नहीं हैं और अपनी फिल्मों से साबित कर चुकी हैं कि वो किसी भी उम्र में धमाकेदार कमबैक भी कर सकती हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'तान्हाजी' इसका उदाहरण है। काजोल और अजय देवगन की जोड़ी रील लाइफ और रियल लाइफ में भी बहुत ही अनोखी रही है। आज काजोल के जन्मदिन पर हम आपको दिखा रहे हैं इस खूबसूरत जोड़े की 10 खास तस्वीरें और साथ ही बताने जा रहे हैं कुछ फैक्ट्स।
फिल्म 'हलचल' के सेट पर ये दोनों मिले थे। ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को दिए एक इंटरव्यू में काजोल ने बताया था कि वो शूट के लिए रेडी थीं और अपने हीरो को ढूंढ रही थीं। उन्होंने पूछा 'मेरा हीरो कहां है?' तब किसी ने अजय की ओर इशारा किया जो एक कोने में बैठ कुछ काम कर रहे थे। तो अजय से बात करने के 10 मिनट पहले से ही काजोल ने उनकी बुराई शुरू कर दी थी।
काजोल ने एक इंटरव्यू में अपनी डेटिंग के बारे में बताते हुए कहा था कि अजय उन दिनों जूहू में रहा करते थे और काजोल साउथ बॉम्बे में। तो उनकी आधी रिलेशनशिप कार में ही रही।
काजोल के दोस्तों ने उन्हें आगाह किया था क्योंकि उन दिनों अजय को लेकर कई बातें चलती रहती थीं। यही नहीं जब अजय और काजोल मिले थे तब दोनों ही किसी और के साथ रिलेशनशिप में थे। पर काजोल को अजय के बारे में चल रही बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता था।
एक इंटरव्यू में अजय देवगन ने कहा था कि हमने एक दूसरे को पहले आई लव यू नहीं बोला था। कोई रूटीन प्रपोजल भी नहीं हुआ था। हमने कभी शादी को लेकर बात नहीं की थी, लेकिन ये दोनों को ही पता था कि शादी करनी है।
काजोल को लेकर एक किस्सा बहुत फेमस है। फिल्म 'कुछ-कुछ होता है' के सेट पर वो बेहोश हो गई थीं और जब होश में आईं तो अजय देवगन के अलावा किसी का नाम नहीं लिया। करण जौहर को उसी समय समझ आ गया था कि ये दोनों प्यार में पड़ गए हैं।
एक समय इंडस्ट्री में अजय देवगन को लेकर बहुत सी अफवाहें चलने लगी थीं। अजय देवगन के अफेयर्स की बातें होती रहती थीं। काजोल ने इन्हें लेकर कहा था कि वो किसी भी अफवाह पर यकीन नहीं करतीं क्योंकि उन्हें पता था कि इंडस्ट्री कैसे काम करती है। बिना भरोसे के कोई भी रिश्ता नहीं टिक सकता है। वो ऐसी किसी भी बात को महत्व नहीं देती हैं।
काजोल और अजय देवगन ने साथ में कई फिल्में की हैं। 'प्यार तो होना ही था, इश्क, दिल क्या करे, राजू चाचा, यू मी और हम, तान्हाजी' आदि। इन फिल्मों ने अजय देवगन और काजोल के रिश्ते को और भी ज्यादा मजबूत किया है।
काजोल और अजय देवगन ने एक दूसरे के साथ 4 साल डेटिंग की और उसके बाद शादी का फैसला लिया। हालांकि, जब काजोल ने ये फैसला लिया तो उनके पिता ने उनसे 4 दिनों तक बात नहीं की थी। वो चाहते थे कि काजोल सिर्फ करियर पर ध्यान दें।
काजोल और अजय देवगन की शादी 24 फरवरी 1999 को हुई थी। इसके बाद काजोल का मिसकैरेज भी हुआ और उसके बाद अजय और काजोल के घर दो बच्चों का जन्म भी। ये जोड़ा हर मुश्किल में साथ खड़ा रहा और अपनी खुशियां सबसे बांटता रहा।
काजोल और अजय देवगन का 21 सालों का साथ रहा है और ये जोड़ा कई लोगों के लिए इंस्पिरेशन रहा है। काजोल के जन्मदिन पर उन्हें बहुत बधाई। ऐसी ही अन्य खबरें पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।