होली आने को है और इस दौरान होली पार्टीज का चलन भी होता है। जहां अक्सर रंग, भांग और डांस के साथ होली पार्टीज होती हैं वहीं अक्सर बॉलीवुड स्टार्स को हम होली के मौके पर भी सजे-धजे देखते हैं। पर क्या आप जानते हैं कि बॉलीवुड की कुछ ऐसी फेमस होली पार्टीज हुई हैं जिनके बारे में जानकर आप शॉक हो जाएंगे। दरअसल, हम बात कर रहे हैं राज कपूर के जमाने से लेकर 2020 तक हुई कुछ ऐसी होली पार्टीज के बारे में जिन्हें अभी तक याद रखा जाता है।
बॉलीवुड की कुछ होली पार्टीज हर साल खास हो जाती हैं और ऐसा इसलिए क्योंकि उन होली पार्टीज को होस्ट करने वाले लोग अपने-अपने तरीके से हर साल होली को और भी ज्यादा रंगीन बनाते थे। तो चलिए बॉलीवुड की सबसे रंगीन होली पार्टीज की बात करते हैं।
अक्सर इन तस्वीरों को देखकर लोगों को लगता है कि ये शाहरुख खान की होली पार्टी है पर यकीन मानिए ये शाहरुख खान की नहीं बल्कि सुभाष घई की होली पार्टी थी जिसमें शाहरुख और गौरी ने कुछ ऐसे मस्ती की जैसे उन्हें कोई देख ही न रहा हो। ये मुक्ता आर्ट्स की होली पार्टी थी और यहां सुभाष घई की तरफ से शाहरुख का वीडियो शूट भी किया गया था। अभी भी शाहरुख और गौरी का ये वीडियो आप आराम से यूट्यूब पर ढूंढ सकते हैं।
हो सकता है आपने राज कपूर की होली पार्टीज के बारे में सुना हो। राज कपूर के जमाने में आर-के-स्टूडियोज में बहुत ही शानदार होली पार्टीज होती थीं और ये ऐसी पार्टीज थीं जहां पूरा बॉलीवुड मौजूद होता था। भंग के नशे में चूर बॉलीवुड हीरोज को नाचते और ठुमके लगाते हुए आप देख सकते थे। राज कपूर की होली पार्टी में खुद राज कपूर ढोलक भी बजाते थे और नाचते भी थे। आरके स्टूडियोज की ये होली पार्टी लगातार कई सालों तक चली, लेकिन राज कपूर की मौत के बाद इस होली पार्टी को विराम दे दिया गया। ऐसा माना जाता है कि बॉलीवुड में होली पार्टीज का ट्रेंड भी राज कपूर ने ही शुरू किया था।
ऐसा नहीं है कि शाहरुख और गौरी खान सिर्फ अन्य लोगों की होली पार्टीज में ही शिरकत करते थे बल्कि ये दोनों अपने घर पर भी होली पार्टी रखते थे। शुरुआती दौर में किंग खान ने कई होली पार्टीज को होस्ट किया था, लेकिन अब वो ऐसा नहीं करते हैं। शाहरुख की कई होली पार्टीज बहुत ही क्रेजी होती थीं और भांग तो इन पार्टीज की जान होती थी। इसी के साथ, कहा जाता है कि शाहरुख अपने घर की होली पार्टी में मोगरे के गजरे से गेस्ट्स को आमंत्रित किया जाता था।
अमिताभ बच्चन के कई होली से भरपूर गाने हैं जैसे 'होली खेले रघुबीरा, रंग बरसे, होली के दिन दिल मिल जाते हैं' आदि, लेकिन वो सिर्फ फिल्मों में ही नहीं बल्कि असल जिंदगी में भी होली पार्टीज काफी ज्यादा होस्ट करते थे। बच्चन की होली पार्टी हर साल खास होती है और यहां पर सभी गेस्ट्स को टीका लगाकर ही अंदर आने दिया जाता है। इनकी होली पार्टी में भी भांग का असर बहुत ज्यादा होता था, हां पिछले साल बच्चन परिवार ने इंटिमेट होली मनाई थी।
शबाना आजमी और जावेद अख्तर की होली पार्टीज का रिवाज करीब 40 साल पुराना है और शबाना के पिता कैफी आजमी ने इस रिवाज को शुरू किया था। 2016, 2018 और 2020 के अलावा लगातार शबाना और जावेद अख्तर की होली पार्टीज चलती रही हैं और हर साल इस पार्टी का होली फ्लेवर कुछ अलग होता है। 2018 में श्रीदेवी की मौत के कारण होली पार्टी नहीं की गई थी। जावेद और शबाना की पार्टी में अक्सर ढोल नगाड़ों का दौर चलता है।
हर साल होने वाली होली पार्टीज में से एक टीवी की सबसे सफल प्रोड्यूसर-डायरेक्टर एकता कपूर की होली पार्टी भी है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लगभग सभी लोग इस पार्टी में मौजूद रहते हैं और होली के रंग में डूबे अपने फेवरेट टीवी स्टार्स को आप यहां देख सकते हैं। डीजे और लोक गीत गायकों के साथ मिलकर ये होली पार्टीज होती हैं और एकता कपूर इन पार्टीज की शान रहती हैं।
रणबीर सिंह ने भी होली पार्टीज का चलन शुरू कर दिया है। 2018 में उन्होंने अमेरिकन रैपर और ग्रैमी अवॉर्ड विनिंग आर्टिस्ट फैरल विलियम्स के साथ पार्टी की थी। इस पार्टी में ढोल-नगाड़ों के साथ-साथ डीजे और भांग का रंग भी था। बॉलीवुड की कई हस्थियों ने इस पार्टी में शिरकत की थी और उनका अलग ही अंदाज़ देखने को मिला था।
ये तस्वीरें पिछले साल की होली पार्टी की है जिसे ईशा अंबानी ने होस्ट किया था। अब अंबानी परिवार का कोई फंक्शन हो और बॉलीवुड की शिरकत न हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता है न। अंबानी बॉलीवुड होली पार्टी में प्रियंका चोपड़ा, निक जोनस के साथ-साथ बहुत से बॉलीवुड के लोग मौजूद थे। पिछले साल कोरोना लॉकडाउन के पहले हुई इस पार्टी के रंग अभी तक याद हैं।
होली पार्टी और रंगों में खेलने के बीच सनी लियोनी भी कम नहीं थीं। वैसे सनी लियोनी की पार्टी सिर्फ परिवार और दोस्तों के साथ थी, लेकिन उन्होंने होली का पूरा मज़ा लिया और यकीनन होली का रंग चढ़ाया। ढोल-नगाड़ों के साथ सनी लियोनी की होली पार्टी भी कुछ खास ही रही। वैसे भी सनी हर त्योहार को बहुत ही अच्छी तरह से मनाती हैं।
क्या आपने भी ऐसी कोई क्रेजी होली पार्टी अटेंड की है? हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताइएगा। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।