हिन्दू धर्म में सभी महीनों का अलग महत्व है और ज्योतिष के अनुसार प्रत्येक माह में कुछ कामों को विशेष रूप से करने की सलाह दी जाती है। इन्ही हिंदी महीनों का आखिरी महीना होता है फाल्गुन। इस मास में कई व्रत और त्योहार होते हैं जिससे इस मास का महत्व और ज्यादा बढ़ जाता है। हिंदू पंचांग का आखिरी महीना होने की वजह से इस महीने में ईश्वर भक्ति विशेष रूप से की जाती है और मोक्ष प्राप्ति के प्रयास किए जाते हैं। इस पूरे महीने में कुछ विशेष काम हैं जिन्हें करने से आपके घर में सुख समृद्धि का वास होता है और माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
इस महीने को हर्षोल्लास का महीना भी कहा जाता है। इस महीने बसंत का आगमन हो चुका होता है और इसी महीने में महाशिवरात्रि और होली जैसे प्रमुख त्योहार होते हैं। इस साल फाल्गुन के महीने की शुरुआत 17 फरवरी से हो रही है और इसका समापन 18 मार्च को होगा। आइए ज्योतिषाचार्य एवं वास्तु विशेषज्ञ डॉ आरती दहिया जी से जानें फाल्गुन के महीने में आपको कौन से काम करने चाहिए जिससे घर में सुख समृद्धि का वास हो।
1भगवान कृष्ण का पूजन

वैसे तो आप पूरे साल कृष्ण जी का पूजन करते होंगे लेकिन फाल्गुन के महीने में विशेष रूप से श्री कृष्ण की पूजा की जाती है। इस महीने कृष्ण जी के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की भक्ति और सेवा से पुण्य फलों की प्राप्ति होती है। इस पूरे महीने लड्डू गोपाल की मुख्य रूप से पूजा अर्चना करने से भक्तों की समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।
2शिवलिंग पर जल चढ़ाएं

फाल्गुन महीने में शिवलिंग पर नियमित रूप से जल चढ़ाएं। फाल्गुन के महीने में शिवलिंग पर जल चढ़ाने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। चूंकि इस महीने शिवरात्रि भी होती है इसलिए शिव पूजन का विशेष महत्व होता है। शिवलिंग पर जल चढ़ाएं (शिवलिंग पर जल चढ़ाने का सही तरीका) और चंदन लगाएं।
3गरीबों को दान दें

फाल्गुन के पूरे महीने में दान पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। यदि आप घर की सुख समृद्धि चाहते हैं तो आपको भी इस महीने अपनी सामर्थ्य अनुसार गरीबों को दान देना चाहिए। गरीबों को दान देने के साथ इस महीने पितरों को तर्पण भी करना चाहिए। गरीबों को अपनी क्षमतानुसार धन, अनाज, कपड़ों का दान देना चाहिए।
4पवित्र नदी में स्नान करें

फाल्गुन के महीने में प्रातः जल्दी उठकर स्नान करना चाहिए और इस महीने गंगा जैसी पवित्र नदी में स्नान करने का विशेष महत्व है। शास्त्रों के अनुसार जो व्यक्ति इस महीने पवित्र नदी में स्नान करता है उसकी सभी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।
5लक्ष्मी जी का पूजन है फलदायी

फाल्गुन के महीने में लक्ष्मी पूजन का भी विशेष महत्व है। ऐसा माना जाता है कि इस पूरे महीने में लक्ष्मी जी का पूजन करने से उनकी विशेष कृपा दृष्टि प्राप्त होती है और घर में कभी भी धन की हानि नहीं होती है। माता लक्ष्मी के पूजन के समय उन्हें कमल का पुष्प अर्पित करें और भोग में खीर चढ़ाएं।
इसे जरूर पढ़ें:माघ पूर्णिमा 2022: जानें कब है माघ पूर्णिमा, पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व
6गरीबों को भोजन कराएं

फाल्गुन के महीने में यदि संभव हो तो गरीबों को भोजन अवश्य कराएं। गरीबों को भोजन कराने से मुख्य रूप से भगवान विष्णु की कृपा दृष्टि प्राप्त होती है और समस्त पापों से मुक्ति मिलती है।
7मंदिर दर्शन करें

पुराणों में फाल्गुन के महीने में मंदिरों के दर्शन का विशेष महत्व बताया गया है। ऐसा माना जाता है कि जो व्यक्ति इस महीने मुख्य रूप से कृष्ण मंदिर के दर्शन (भारत में भी मौजूद है कई प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर) हेतु जाता है उसकी समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
8सात्विक भोजन करें

फाल्गुन का महीना बहुत ही पवित्र महीना माना है और यह हिंदू पंचांग का आखिरी महीना है। इसलिए इस महीने आप जो भी करते हैं उसका सीधा प्रभाव आपके आने वाले समय में पड़ता है। इसलिए इस महीने भूलकर भी तामसिक भोजन और मांस मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए। इस पूरे महीने सात्विक भोजन का ही भोग करें।
9बुजुर्गों का सम्मान करें

फाल्गुन के महीने में बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। इस महीने में बड़ों का सम्मान और बुजुर्गों की मदद करने से कई जन्मों के पुण्यों के समान फल प्राप्त होता है। इस महीने भूलकर भी अपने से बड़ों का अपमान न करें और लड़ाई झगड़ा न करें।
इसे जरूर पढ़ें:माघ पूर्णिमा 2022: माता लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए माघ पूर्णिमा के दिन भूलकर भी न करें ये 6 काम
10तुलसी का पौधा लगाएं

फाल्गुन के महीने में आपको घर में तुलसी का पौधा जरूर लगाना चाहिए और तुलसी में नियमित रूप से जल देना चाहिए और पूजन करना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि तुलसी का पौधा भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इसलिए फाल्गुन मास में तुलसी पूजन से मनोकामनाओं की पूर्ति होने के साथ सभी पापों से मुक्ति मिलती है।
फाल्गुन का महीना हिन्दुओं का एक पवित्र महीना है इसलिए घर की सुख समृद्धि के लिए इस महीने में यहां बताए काम जरूर करें। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik, unsplash and pixabay