हर माता-पिता की यह इच्छा होती है कि वह अपने बच्चे को स्कूल भेजने से पहले उसे इसके लिए तैयार करें। इसके लिए पहले वह बच्चे की दोस्ती किताबी दुनिया से करवाना चाहते हैं और इसी क्रम में वह सबसे पहले बच्चों को अल्फाबेट सिखाना चाहते हैं। हालांकि, इस दौरान पैरेंट्स को यह भी ध्यान रखना होता है कि वह बच्चों के लिए लर्निंग को फन बनाएं, ताकि वह खेल-खेल में काफी कुछ सीख जाएं।
चूंकि, हर बच्चा अलग होता है और इसलिए उनके सीखने की स्पीड व चीजों को समझने का तरीका भी अलग हो सकता है। जहां कुछ बच्चे चीजों को बहुत जल्द याद कर लेते हैं, वहीं कुछ बच्चों को चीजों को समझने में वक्त लगता है। इसी तरह, कुछ बच्चे नई चीजों को देखकर सीखते हैं तो कुछ सुनकर या पढ़कर। इसलिए, यह जरूरी हो जाता है कि पैरेंट्स अपने बच्चे की खासियत को ध्यान में रखते हुए ही उन्हें कुछ सिखाएं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही क्रिएटिव तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप बच्चे को अल्फाबेट सिखा सकते हैं-
वीडियोज का लें सहारा
यह सबसे आसान तरीका है बच्चों को अल्फाबेट सिखाने का। आजकल अधिकतर बच्चे फोन या टीवी में यूट्यूब आदि देखते हैं। ऐसे में आप कोशिश करें कि यूट्यूब में बच्चा अल्फाबेट राइमिंग वीडियोज देखें। इन वीडियोज में बेहद ही क्रिएटिव तरीके से बच्चे को अल्फाबेट को सही तरह से बोलना व उसे पहचानना सिखाया जाता है। इस तरह बच्चे को अहसास भी नहीं होता और वह काफी कुछ सीख जाता है।
इसे भी पढ़ें : बच्चों को स्मार्ट बनाना है तो करवाएं ये स्मार्ट लर्निंग कोर्सेस
खेलें अल्फाबेट गेम्स
बच्चा चाहे छोटा हो या बड़ा, उसे गेम खेलना काफी पसंद होता है। तो क्यों ना आप उसकी लर्निंग को उसके गेम का ही हिस्सा बना दें। आप अल्फाबेट से जुड़े कई गेम्स को उसके साथ खेल सकती हैं। मसलन, आप अलग-अलग पेपर पर अल्फाबेट लिखें और बच्चे को कहें कि वह एक जैसे दिख रहे अल्फाबेट उठाए। इस तरह, वह धीरे-धीरे अल्फाबेट की शेप को समझने लगेगा। इसी तरह, आप उसके साथ कई अन्य गेम्स भी खेल सकती हैं (ऐसे बढ़ाएं बच्चे की Motor Skills)।
अल्फाबेट को बनाएं कुकिंग का हिस्सा
यह भी एक बेहद ही क्रिएटिव तरीका है बच्चे को अल्फाबेट सिखाने का। कुकीज हर बच्चे को पसंद होती है। आजकल बाजार में अल्फाबेट कटर उपलब्ध हैं। ऐसे में आप इन कटर की मदद से बच्चे के लिए कुकीज या उनकी पसंदीदा अन्य फूड आइटम बनाएं। जब आप इसे प्लेट में सर्व करें तो पहले उन्हें उन अल्फाबेट को पहचानने के लिए कहें। आप देखेंगी कि बच्चा धीरे-धीरे बहुत से अल्फाबेट को पहचानने लगेगा।
क्रिएट करें बेड टाइम रूटीन
बच्चा कोई भी चीज एक दिन में नहीं सीखता है। इसके लिए लगातार प्रयासों की जरूरत होती है। इसलिए, यह जरूरी होता है कि जब आप बच्चे को कुछ नया सिखा रहे हैं, तो आपको उसके साथ नियमित रहना पड़ेगा। इसका सबसे अच्छा तरीका है कि आप बच्चे के साथ एक बेडटाइम रूटीन तय करें। चूंकि, अभी बच्चा अल्फाबेट को लेकर परिचित नहीं है, इसलिए आप ही उसे हर रात में बुक पढ़कर सुनाएं। इस तरह आप बच्चे के साथ क्वालिटी टाइम भी बिता पाएंगी और धीरे-धीरे बच्चा उन अक्षरों को पहचानना शुरू कर देगा।
इसे भी पढ़ें : बच्चों की सिर्फ क्रिएटिव थिंकिंग को ही बेहतर नहीं बनाती ड्राइंग, मिलते हैं यह भी फायदे
उच्चारण पर दें ध्यान
यह भी एक जरूरी टिप है, जिस पर पैरेंट्स को ध्यान रखना चाहिए। जब बच्चा अक्षर बोलना सीख रहा है तो यकीनन उससे कई तरह की गलतियां भी होंगी। ऐसे में यह आवश्यक है कि आप बच्चे के उच्चारण का ध्यान रखें। इसके लिए आपको बच्चे को पर्याप्त समय देना होगा। आप चाहें तो अपने घर के काम करते हुए भी बच्चे को अपने साथ रख सकती हैं और उसे काफी कुछ सिखा सकती हैं। हालांकि, इस दौरान आपको बच्चे पर पैनी नजर रखनी चाहिए, ताकि उसे किसी तरह की हानि ना हो (बच्चों में क्रिएटिविटी बढ़ाने के बेस्ट तरीके )।
बस अब आप इन छोटे-छोटे टिप्स को अपनाएं और नए अक्षरों की दुनिया से उसे परिचित करवाएं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकीअपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।