सर्दियां शुरू होते ही शायद हमारा टेस्ट पैलेट भी बदलने लगता है, इसलिए तो हम चटपटा, फ्राइड, स्वादिष्ट चीजों की ओर दौड़ते हैं। चाय के साथ समोसे, ब्रेड पकौड़े हो या फिर गाजर, मूंग का हलवा या लड्डू...हाथ तुरंत ऐसी चीजों पर पड़ता है। इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि भारत में हम अपने पसंदीदा मौसमी व्यंजन बनाने के लिए सर्दियों का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
इसी मौसम में अच्छी गाजर, मूली, मटर, मक्का होता है, जिसका स्वाद भी एकदम ताजा ही रहता है। ऐसे में मूली के पराठे, गाजर का हलवा, गोंद के लड्डू खाने के लिए सभी इंतजार करते हैं।बस यही ध्यान में रखते हुए हम आपके लिए आज कुछ ऐसी रेसिपीज लेकर आए हैं जो आपको स्वादिष्ट भी लगेंगी और यह हेल्दी भी होंगी। इन रेसिपीज को बनाना भी बहुत आसान है।
शकरकंदी की चाट
शकरकंद के कई फायदे हैं। सर्दियों में इसे खाना स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह अपने लंबे पाचन समय के कारण शरीर को भीतर से गर्म रखने में मदद करती है। आप इसकी स्वादिष्ट चाय बनाकर उसका मजा ले सकते हैं।
सामग्री-
- 2 शकरकंद
- 1 बड़ा आलू
- तेल
- 1 बड़ा चम्मच मीठी खजूर इमली की चटनी
- 1 बड़ा चम्मच हरी चटनी
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
- 1 छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर
- 1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
- 1 बड़ा चम्मच ताज़ा हरा धनिया बारीक कटा हुआ
- ताज़े अनार के दाने सजाने के लिए
बनाने का तरीका-
- एक कढ़ाही में आवश्यकतानुसार तेल गरम करें। इसमें उबले हुए आलू को डालकर सुनहरा भूरा होने तक तलें। इसे तलकर अब्सॉर्बेंट पेपर पर निकाल लें।
- इसी में शकरकंद के क्यूब्स को डोलकर सुनहरा भूरा होने तक डीप फ्राई करें। इन्हें भी अब्सॉर्बेंट पेपर पर निकाल लें।
- तले हुए आलू और शकरकंद के क्यूब्स को एक बाउल में डालें। उसके ऊपर खजूर-इमली की चटनी, हरी चटनी डालकर मिलाएं।
- इसके बाद इसमें मिर्च पाउडर, चाट मसाला, जीरा पाउडर, हरी मिर्च, नींबू का रस और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह एक बार फिर से मिलाएं।
- आपकी शकरकंदी की चाट तैयार है, इसे सर्विंग बाउल में डालें, धनिया पत्ती और अनार के दाने के साथ सजाकर सर्व करें।
चिकन करी
लंच या डिनर में चिकन करी तैयार की जा सकती है। सर्दियों में गर्मागर्म चिकन करी आपकी भूख को बढ़ाती है। चिकन प्रोटीन का बहुत अच्छा स्रोत है और करी भी दिल के लिए बहुत फायदेमंद होती है। इसे बनाना भी बहुत आसान है।
सामग्री-
- 500 ग्राम चिकन
- 2 बड़े चम्मच दही
- 1 बड़ा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- 2 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1 चम्मच गरम मसाला
- 2 मीडियम प्याज
- 3-4 मीडियम साइज टमाटर
- 2 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 नींबू का रस
- 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया, बारीक कटा हुआ
- 7-8 लौंग
- 4-5 काली मिर्च
- 1 टुकड़ा दालचीनी
- 2 तेजपत्ता
- 1 बड़ी इलायची
- 1 स्टार एनिस
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- आवश्यकतानुसार तेल
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले चिकन को साफ करके और धोकर एक बड़े बाउल में रख लें।
- अब इसमें दही, 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी पाउडर, गरम मसाला, नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। चिकन को मैरिनेट करके 30 मिनट के लिए रख दें।
- एक कढ़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, लौंग, काली मिर्च, दालचीनी, बड़ी इलायची, तेजपत्ता, स्टार एनीस डालकर खुशबू आने तक सॉते करें।
- इसके बाद इसमें बारीक कटा प्याज डालकर भून लें। प्याज को सुनहरा भूरा होने तक भूनने के बाद इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ 2-3 मिनट फिर से भूनें।
- अब इसमें बारीक कटे टमाटर डालकर पका लें। टमाटर जब नरम हो जाएं तो उसमें नमक, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें।
- इसे मसाले को तब तक पकाएं जब तक कि मसाला तेल न छोड़ने लगे। इसके बाद इसमें मैरिनेट किया हुआ चिकन डालें और उसे मिक्स करके ढककर कर 5 मिनट पकाएं।
- फिर एक बार इसे करछी से चलाएं और धीमी आंच पर ढककर 5-7 मिनट के लिए पकाएं।
- जरूरत के हिसाब से पानी डालकर मिलाएं। इसमें गरम मसाला डालें और फिर चिकन को ढककर 10 मिनट पकाएं।
- आखिर में हरा धनिया डालें। आपकी स्वादिष्ट चिकन करी तैयार है, इसे रोटी या चावल के साथ खाएं।
मक्के के कटलेट
मक्का भी सर्दियों में ही अच्छा आता है और तब यह मीठा और फ्लेवरफुल रहता है। अगर आपको शाम के स्नैक्स में कुछ चटपटा खाने का मन करे तो मक्के के कटलेट्स बनाए जा सकते हैं।
सामग्री-
- 1 कप मक्के का आटा
- 1 प्याज कटा हुआ
- ½ शिमला मिर्च कटी हुई
- 1 गाजर कद्दूकस किया हुआ
- ¼ कप पत्ता गोभी कद्दूकस की हुई
- 1 हरी मिर्च कटी हुई
- 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
- 1 छोटा चम्मच कटी हुई धनिया पत्ती
- नमक स्वादानुसार
- ¼ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- डीप फ्राई करने के लिए तेल
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एक परात में मक्के के आटे को छानकर रख लें। इसमें मसाले और तेल छोड़कर सारी सामग्री डालकर मिला लें।
- इसके बाद इसमें नमक और बाकी मसाले डालकर फिर से मिलाएं। अगर जरूरत लगे तो बस बिल्कुल थोड़ा पानी डालकर मिलाएं।
- इसे गूंथकर एक सख्त आटा गूंथ लें और इसे 10 मिनट के लिए सेट करने के लिए रख दें।
- अब इसे हाथों में लेकर छोटी गेंद बनाएं और उसे अपने हिसाब से गोल, चपटी, सिलिंड्रिकल शेप देकर रख लें।
- एक कढ़ाही में तलने के लिए तेल गर्म करें और उसमें मक्के के कटलेट्स तल लें।
- इसे हरी चटनी, या मेयोनेज़ डिप के साथ गर्मागर्म परोसें।
अब आप भी सर्दियों में इन रेसिपीज को बनाकर अपने दिन की प्लानिंग कर सकती हैं। अगर आपको ये रेसिपीज पसंद आईं तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit:vegitarianirvana, bawakitchen & aartimadan
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।