क्या आपने कभी उत्तपम टेस्ट किया है? यह मेरी तो फेवरेट डिश है। अगर आपको साउथ इंडियन खाना पसंद है तो यकीनन आपको उत्तपम भी पसंद होगा। यह डिश प्याज और टमाटर के मिक्सचर से बनाई जाती है। उत्तमप के स्वाद को बढ़ाने का काम चटनी और सांभर करती है। यकीन मानिए अगर उत्तपम के साथ चटनी मजेदार नहीं होगी तो खाने का मजा किरकिरा हो जाएगा, क्योंकि सांभर बनाना हर बार संभव नहीं होता है।
ऐसे में आज हम आपको दो तरीके से उत्तपम के लिए चटनी बनाना सिखाएंगे। यह रेसिपीज इतनी आसान होगी कि आपको बनाने से लेकर खाने तक में अच्छा लगेगा। क्या आप जानना चाहती हैं कैसे बनाएं यह चटनी तो इस आर्टिकल को अंत तक जरूर पढ़ें।
टमाटर और प्याज की चटनी
प्याज और टमाटर का कॉम्बिनेशन एकदम बढ़िया होता है। इसलिए इन दोनों का इस्तेमाल चटनी बनाने के लिए किया जाता है। उत्तपम के लिए भी आप इन दोनों चीजों को मिलाकर चटनी बना सकती हैं।
क्या चाहिए?
- 4 टमाटर
- 3-4 प्याज
- ½ चम्मच सरसों के बीज
- 2 चम्मत तेल
- थोड़ी सी चीनी
- एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वाद अनुसार नमक
कैसे बनाएं चटनी?
- स्वादिष्ट चटनी बनाने के लिए आपको सबसे पहले चार टमाटर को धोना होगा। कभी भी सब्जियों को धोए बगैर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि सब्जियों पर धूल जमी होती है।
- अब टमाटर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
- प्याज और अदरक को भी छीलकर बारीक काट लें।
- अब मिक्सी में दोनों चीजों को अच्छे से पीस लें।
- पैन में 2 चम्मच तेल गर्म करने रखें और इसमें ½ चम्मच सरसों के बीज डालें।
- बीज जब फूटने लगे तब तेल में टमाटर और प्याज का पेस्ट डालें।
- अब इसमें स्वाद अनुसार नमक,थोड़ी चीनी और लाल मिर्च पाउडर डालें। (नारियल चटनी की रेसिपी)
- पेस्ट को कुछ देर धीमी आंच पर पकाएं।
- थोड़ी देर में चटनी में से तेल अलग होने लगेगा तब समझ लीजिए कि चटनी बन चुकी है।
- गैस बंद करें और चटनी को ठंडी होने के लिए रख दें।
- उत्तपम के साथ आप इस चटनी को सर्व कर सकती हैं।
टमाटर की चटनी
टमाटर की सिंपल चटनी भी बेहद लाजवाब होती है। खास बात यह है कि इस तरह की चटनी बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी।
क्या चाहिए?
- 4-5 टमाटर
- ½ चम्मच उड़द डाल
- 1 चम्मच तिल का तेल
- 1 टहनी करी पत्ता
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 1 चम्मच इमली का गूदा
चटनी बनाने का तरीका
- सबसे पहले टमाटर को धोकर पानी में उबालने के लिए रख दें।
- कुछ देर में टमाटर फटने लगेंगे यानी छिलका निकलने लगेगा। इसका मतलब है कि टमाटर अब पक गए हैं। (लहसुन चटनी रेसिपी)
- आप चाहें तो चाकू की मदद से भी यह पता लगा सकती हैं।
- अब टमाटर का छिलका उतार लें और इन्हें ठंडा होने के लिए रख दें।
- कुछ देर बाद टमाटर को हाथों से मैश कर लें। साथ ही इमली को भी पानी में भिगोने के लिए रखें।
- अब एक चम्मच तिल के तेल को पैन में गर्म करने के लिए रखें।
- अब इसमें ½ चम्मच उड़द डाल डालें और मैश किए हुए टमाटर को मिला लें।
- अब इसमें स्वाद अनुसार नमक और इमली का गूदा मिला लें और कुछ देर पकाएं।
- लीजिए तैयार है आपकी उत्तपम के लिए चटनी।
- गर्म-गर्म उत्तपम के साथ सर्व करें।
उम्मीद है कि आपको हमारा ये आर्टिकल पसंद आया होगा। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए आर्टिकल के नीचे आ रहे कमेंट सेक्शन में हमें कमेंट कर जरूर बताएं और जुड़े रहें हमारी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ। Image Credit:freepik