हाल ही में एक मामला सामने आया है। नागपुर के एक व्यक्ति ने शराब के साथ दो वियाग्रा की गोलियां खा लीं। गोलियां खाने के कुछ घंटे बाद उसकी तबियत बिगड़ी। अस्पताल जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मौत की वजह थी वियाग्रा की गोलियों की मात्रा और शराब का सेवन। उसके दिमाग में ब्लड क्लॉट बन गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। वियाग्रा को लेकर तरह-तरह की बातें की जाती हैं और इसे हमेशा सेक्सुअल पावर बढ़ाने की दवा माना जाता है, पर इसके कई उपयोग हैं।
इसे एक मिथक ही माना जा सकता है कि वियाग्रा सिर्फ पुरुषों के लिए होती है। इसका इस्तेमाल महिलाएं भी कर सकती हैं, लेकिन बस तरीका अलग होता है। वियाग्रा से जुड़े फैक्ट्स जानने के लिए हमने आईवीएफ स्पेशलिस्ट, कंसल्टेंट ऑब्स्ट्रीटीशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. अर्चना धवन बजाज से बात की। डॉक्टर अर्चना ने हमें इसके बारे में विस्तार से बताया और साथ ही साथ कुछ मिथकों से भी हमें अवगत करवाया।
क्या है वियाग्रा?
मेडिकल साइंस की भाषा में अगर वियाग्रा के बारे में बात की जाए तो ये शरीर के किसी भी हिस्से में ब्लड सर्कुलेशन को तेज करने के लिए इस्तेमाल होती है। आमतौर पर इसे इरेक्टाइल डिस्फंक्शन के लिए यूज किया जाता है। ये पिनाइल मसल्स की ब्लड सप्लाई भी बढ़ा सकता है।
वियाग्रा वैसे तो सुरक्षित ड्रग माना जाता है, लेकिन इसका डोज 25 मिलीग्राम से 100 मिलीग्राम के बीच होना चाहिए। इससे ज्यादा होने पर वियाग्रा बहुत रिस्की हो सकता है।
इसे जरूर पढ़ें- क्या मास्टरबेशन से होते हैं एक्ने? जानिए इससे जुड़े मिथक
क्या खतरे होते हैं वियाग्रा से?
अगर किसी को पहले से ही हार्ट डिजीज है, हाइपरटेंशन है या फिर किसी और तरह का कार्डियो वैस्कुलर डिसऑर्डर है, तो वियाग्रा लेना खतरनाक हो सकता है। खासतौर पर अगर वियाग्रा अल्कोहल के साथ लिया जाए तो ये कुछ मरीजों में हाइपोटेंशन पैदा कर सकती है जिससे ब्लड प्रेशर तुरंत बहुत गिर जाए। कुछ में हाइपरटेंशन पैदा कर सकती है जिससे ब्लड प्रेशर तुरंत बहुत बढ़ जाए।
हार्ट डिजीज अगर बहुत गंभीर स्थिति में है तो इससे ब्लड सप्लाई पर भी असर पड़ सकता है। इससे कुछ लोगों को सडन हार्ट अटैक या फिर ब्रेन क्लॉट हो सकता है। शायद यही कारण है कि नागपुर के उस इंसान की वियाग्रा के कारण मौत हो गई।
क्या अल्कोहल के साथ वियाग्रा खाई जा सकती है?
अल्कोहल की कम मात्रा हो तो फिर भी वियाग्रा ली जा सकती है। एक या दो यूनिट अल्कोहल के साथ एक वियाग्रा की गोली आमतौर पर परेशान नहीं करती है। पर अगर ये मात्रा बढ़ती है तो बहुत ही सीरियस समस्याएं हो सकती हैं।
क्या महिलाएं कर सकती हैं वियाग्रा का इस्तेमाल?
इस मामले में अर्चना जी ने हमें बताया कि ये एक कॉमन मिथक है कि वियाग्रा सिर्फ पुरुषों के लिए है। वियाग्रा लिबिडो को बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होता है और ये महिलाएं और पुरुष दोनों ही इस्तेमाल कर सकते हैं। महिलाओं को कई बार डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन पर वियाग्रा एंडोमेट्रियल थिकनेस (अंतर्गर्भाशय की लाइनिंग की मोटाई) को बढ़ाने के लिए भी दी जाती है।
इसे जरूर पढ़ें- क्या होता है अगर लंबे समय तक ना बनाए जाएं फिजिकल रिलेशन?
महिलाओं के शरीर में यूट्रस तक ब्लड सप्लाई पहुंचाने के लिए भी वियाग्रा का इस्तेमाल होता है। हां, ये जरूरी है कि आप इसकी खुराक सीमित रखें या फिर डॉक्टर से प्रिस्क्राइब करवाने के बाद ही इसे लें।
वियाग्रा बिना प्रिस्क्रिप्शन के भी आसानी से उपलब्ध होती है। यही कारण है कि इसका गलत इस्तेमाल हो सकता है। वियाग्रा के कारण पैल्पिटेशन जैसी समस्या भी हो सकती है। आपको ये समझने की जरूरत है कि ये एक तरह का ड्रग ही है जिसे सिर्फ प्लेजर के लिए खाना सही नहीं है। इसे खाने से पहले ये पता होना जरूरी है कि आखिर आपके शरीर पर इसका असर कैसा हो सकता है।
अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो वो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।