जब वजन कम करने और टोनिंग करने की बात आती है, तो कोर सबसे जिद्दी हिस्से में से एक हो सकता है। यह महिलाओं के लिए विशेष रूप से सच है, क्योंकि उनका शरीर लगातार बदलता रहता है। इसके अलावा, महिलाएं घर और बाहर की जिम्मेदारियों को निभाने में इतना बिजी होती हैं कि जिम रूटीन को बनाए रखना उनके लिए मुमकिन नहीं है और सिक्स-पैक पाने का सपना तो बहुत दूर की बात है।
जी हां, सिक्स-पैक एब्स अब 'मैन थिंग' नहीं हैं। न ही वे एथलीटों, नर्तकियों और सेलेब्स तक ही सीमित हैं। आप भी तराशे हुए एब्स पा सकती हैं। लेकिन, सिक्स-पैक प्राप्त करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है यदि आप सही डाइट और वर्कआउट को फॉलो नहीं करती हैं। लेकिन कुछ टिप्स की मदद से इसे आसानी से पाया जा सकता है। क्या सच में घर पर ही 6 पैक एब्स को पाया जा सकता है? इसे बारे में जानने के लिए हमने डांस टू फिटनेस स्टूडियो की फाउंडर, फिटनेस एक्सपर्ट सोनिया बख्शी जी से बात की। तब उन्होंने हमें इस बारे में विस्तार से बताया। आइए इस बारे में आर्टिकल के माध्यम से जानें।
एक्सपर्ट की राय
सोनिया बख्शी जी का कहना है, 'महिलाओं के लिए यह जानना बहुत जरूरी है कि 6 पैक एब्स बनाने के लिए बॉडी का फैट कम होना बेहद जरूरी है। इसलिए बॉडी फैट को कम करने के लिए आपकी डाइट में कैलोरी 1000 से कम होनी चाहिए। अगर आप 1000 कैलोरी से कम खाती हैं और आपका बॉडी फैट प्रतिशत बहुत ज़्यादा काम हो जाएगा।'
'लेकिन क्या आप जानती हैं कि इसके कारण आपके मेंस्ट्रुअल साइकिल पर असर पड़ेगा और आपका फर्टिलिटी रेट भी काफी कम हो जाएगा। इसलिए महिलाओं के लिए जरूरी है कि मेंस्ट्रुअल साइकिल को ठीक रखने फर्टिलिटी रेट को बनाए रखने के लिए उनका बॉडी फैट 20 प्रतिशत हो। 20 प्रतिशत बॉडी फैट में एब्स फ्लैट जरुर हो सकते है लेकिन 6 पैक एब्स नहीं दिख सकते हैं।'
इसे जरूर पढ़ें:घर पर सिर्फ 5 मिनट एब्स वर्कआउट करें, पेट की चर्बी होगी कम
वर्कआउट
ऐसा वर्कआउट जो आप घर पर कर सकती हैं, जिससे आपके एब्स फ्लैट हो सके और मस्कुलर दिख सके। इसके लिए कार्डियो एक्सरसाइज सबसे ज़्यादा जरूरी है। अगर आपके घर में सीढ़ियां हैं तो आप ऊपर नीचे भाग सकती हैं। अगर आप ऐसा नहीं करना चाहती हैं तो आप एक जगह खड़ी होकर जंपिंग जैक्स कर सकती हैं। ऑन द स्पॉट जॉगिंग कर सकती हैं। जंप कम से कम 10 से 12 मिनट करना चाहिए।
इसके अलावा, आप घर पर लेटने वाली एक्सरसाइजेज कर सकती हैं। इसके लिए आप क्रंचेस और बाइसिकल क्रंचेस कर सकती हैं। क्रंचेस आपके कोर के मध्य भाग या रेक्टस एब्डोमिनिस मसल्स पर काम करते हैं। यदि आप अपने कोर को मजबूत करना चाहती हैं तो शुरुआत में यह एक प्रभावी एक्सरसाइज है। साइकिल क्रंच एब्स बनाने में मदद करते हैं और क्वाड्रिसेप्स और हैमस्ट्रिंग पर भी काम करते हैं।
साथ ही आप सिटअप्स और प्लैंक कर सकती हैं। प्लैंक के बहुत सारे ऑप्शंस हैं, उनमें से आप अपनी पसंद की एक्सरसाइज को चुन सकती हैं। आप लेट के लेग रेसेस भी कर सकती हैं। सिट-अप्स क्रंचेस की तरह होते हैं और रेक्टस एब्डोमिनिस और बाहरी ऑब्लिक पर काम करते हैं। यह महिलाओं के लिए फ्लैट एब्स पाने के बेस्ट तरीकों में से एक है। प्लैंक कोर को मजबूत करने, मुद्रा में सुधार करने और पीठ दर्द को कम करने में मदद करते हैं। वे आपके पेट के उभार को कम करते हैं और रेक्टस एब्डोमिनिस, एब्डोमिनिस, हाथ, कंधे, क्वाड्स, पीठ और हिप्स की मसल्स पर काम करते हैं।
अगर आपके घर में पुल-अप बार लगी है तो आप उसको पकड़ के एब्स कर्ल्स कर सकती हैं जिसको हम हैंगिंग एब्स कर्ल्स कहते हैं। यह आपके एब्स को टोन करने के लिए एक अद्भुत और मजेदार एक्सरसाइज है। यह पेट की मसल्स पर काम करती है।
डाइट का ख्याल रखें
साथ ही डाइट का ख्याल रखना बेहद जरूरी होता है। एक्सपर्ट का कहना है कि एब्स हमेशा किचन में बनते हैं। जब आप सुबह उठती हैं, ठीक 2 घंटे बाद नाश्ता ज़रूर करें। नाश्ते में आप ओट्स ले सकती हैं या अंडे ले सकती हैं।
लंच में आप चिक पीज सलाद, राजमा सलाद, पनीर सलाद, क्विनोआ सलाद ले सकती हैं।
शाम के समय आप ग्रीन टी ले सकती हैं।
डिनर में आप कोई भी सूप जैसे चिकन सूप, वेज सूप ले सकती हैं।
अगर आप एब्स फ्लैट करना चाहती हैं तो ये आपकी डेली की डाइट होनी चाहिए। ये बात याद रखें की रात का खाना लेटने से 3 घंटे पहले होना चाहिए।
Recommended Video
भरपूर पानी पिएं
पानी पीना बहुत ज़्यादा जरूरी है। कई बार हमें ऐसा लगता है कि हमें बहुत ज्यादा भूख लगी है, लेकिन अगर हम पानी पी लेते हैं तो इससे हमारा पेट भर जाता है। इसका मतलब ये हुआ कि हमें प्यास लगी थी, भूख नहीं। एक चीज ये भी देखी गई है कि महिलाएं अक्सर मील्स मिस कर देती हैं। उनको ये लगता है कि अगर वो नाश्ता नहीं करेंगी तो वो बहुत जल्दी पतली हो जाएंगी। यह चीज काफी गलत है क्योंकि सुबह का नाश्ता दिन का बहुत जरूरी मील है।
इसे जरूर पढ़ें:पेट की चर्बी कम करने के लिए घर पर ही करें ये 5 एब्स एक्सरसाइज
एक और बड़ी गलती जो काफी महिलाएं करती हैं वह फैट बर्न करने के लिए दवाएं खाना। ये आपकी पूरी बॉडी को सिर्फ नुकसान पहुंचा सकता है। हर किसी के लिए 7 से 8 घंटे की नींद बेहद जरूरी होती है।
इन सभी चीज़ों का अच्छे से ख्याल रखें फिर फ्लैट एब्स एक सपना नहीं रहेगा। फिटनेस से जुड़ी ऐसी ही और जानकारी पाने के लिए हरजिंदगी से जुड़ी रहें।
Image Credit: Shutterstock & Freepik
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।