चर्बी जलाने के उपायों की खोज रही हैं? लेकिन एक्सरसाइज में बहुत ज्यादा समय खर्च नहीं करना चाहती हैं तो आप सही जगह पर आई हैं।
जी हां, नीचे हम आपके लिए कुछ सबसे प्रभावी एक्सरसाइज लेकर आए हैं, जिन्हें आप कम से कम समय और घर पर आसानी से करके शरीर की चर्बी को जला सकती हैं। इन एक्सरसाइज की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके बारे में हमें एक्सपर्ट बता रहे हैं और इसके लिए आपको जिम जाने की जरूरत नहीं है।
इन एक्सरसाइज की जानकारी हमें योग इंस्ट्रक्टर कविता पंत के इंस्टाग्राम को देखने के बाद मिली है। वह अक्सर अपने फलोअर्स के साथ फिटनेस के वीडियोज शेयर करती रहती हैं। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा,
'हफ्ते में कम से कम 3 बार फैट ब्लास्टर वर्कआउट के लिए इस रूटीन को फॉलो करें।' अगर आप भी पूरे शरीर की चर्बी को एक साथ कम करना चाहती हैं तो इन एक्सरसाइज को रोजाना सिर्फ 5 मिनट जरूर करें।
शरीर की चर्बी कैसे कम करें?
1. स्क्वाट जंप (squat jump)
2. फॉरवर्ड लंज (forward lunge)
3. नी ड्राइव (knee drive)
4. बैकवर्ड लंज (backward lunge)
5. एयर स्क्वाट (air squat)
स्क्वाट जंप (40 सेकंड X 4)
स्क्वाट्स जंप एक ऐसी एक्सरसाइज है जिससे कार्डियो और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग दोनों एक साथ हो जाती है। इसे पूरे शरीर के लिए बेस्ट एक्सरसाइज माना जाता है क्योंकि इससे आपके शरीर की चर्बी तेजी से जलती है।
विधि
- इसे करने के लिए पैरों को कंधों के बराबर दूरी पर फैलाएं।
- अब पैर के पंजों को 30 डिग्री बाहर की ओर लेकर जाएं।
- पेट की मसल्स को टाइट करते हुए शरीर को ऐसे झुकाएं जैसे आप किसी चेयर पर बैठी हों।
- जांघों को फर्श के सामांतर लाकर कुछ देर इसी पोजीशन में बनी रहें।
- फिर पुरानी पोजीशन में वापस आ जाएं।
फॉरवर्ड लंज (40 सेकंड X 4)
इस एक्सरसाइज को करने से आपका शरीर फ्लैक्सिबल बनता है और शरीर का निचला हिस्सा मजबूत होता है।
विधि
- इसे करने के लिए एकदम सीधी खड़ी हो जाएं।
- अपने बाएं पैर को आगे की तरफ रखें।
- दाएं पैर को घुटने से मोड़कर फर्श पर रखें।
- कुछ देर इस पोजीशन में रहें।
- फिर दूसरे पैर से इस एक्सरसाइज को करें।
- इसे करते समय अपने पैरों को सीधी लाइन में ही रखें।
नी ड्राइव (40 सेकंड X 4)
View this post on Instagram
इसे करने से आपके पूरे शरीर को गाति मिलती है जो आपके हार्ट रेट को बढ़ाती है, आपके निचले और ऊपरी शरीर में मसल्स को गर्म करती है और आपको मुश्किल एक्सरसाइज करने में मदद मिलती है।
विधि
- इसे करने के लिए एकदम सीधी खड़ी हो जाएं।
- बैलेंस के लिए अपने बाएं पैर और हाथों को अपने सामने से शुरू करें।
- फिर बाएं घुटने को मोड़ें और दाहिने पैर को अपने पीछे फैलाएं।
- अपने दाहिने घुटने को अपनी चेस्ट की ओर ले जाएं, अपने हाथों को अपने घुटने से मिलाएं।
- अपने दाहिने पैर को अपने पीछे फिर से फैलाएं।
- यह एक रेप्स पूरा करता है।
- फिर साइड स्विच करें।
बैकवर्ड लंज (40 सेकंड X 4)
इस एक्सरसाइज को करने से जांघों के अंदरूनी हिस्से मजबूत होते हैं और शरीर का बैलेंस भी बेहतर होता है। इसके अलावा इससे आपका शरीर फ्लैक्सिबल होता है।
विधि
- सबसे पहले फर्श पर सीधी खड़ी हो जाएं।
- फिर दोनों पैरों के बीच थोड़ी दूरी बना लें।
- बाएं पैर को सीधा रखें।
- दाएं पैर की तरफ पीछे की ओर बैठें।
- फिर दूसरे पैर की मदद से इस एक्सरसाइज को करें।
- आपको अपने घुटनों पर नहीं बल्कि तलवों पर शरीर का भार रखना है।
एयर स्क्वाट (40 सेकंड X 4)
यह एक्सरसाइज भी पूरे शरीर की चर्बी कम करने में मदद करती है। इसे करने से न केवल आपका वजन कम होता है बल्कि बेडौल शरीर शेप में आ जाता है। साथ ही हिप्स और जांघों की चर्बी भी कम होती है।
विधि
- इसे करने के लिए सीधी खड़ी हो जाएं।
- पैरों को कंधों की दूर में अलग और बाजुओं को सीधा करके खड़ी हो जाएं।
- हिप्स को पीछे की तरफ करते हुए नीचे जमीन की ओर आ जाएं।
- आपकी पोजीशन ठीक वैसी ही होनी चाहिए, जैसे आप चेयर पर बैठी हो।
- ध्यान रहे, इस दौरान आपके शरीर का ऊपरी हिस्सा बिल्कुल सीधा होना चाहिए।
- कुछ देर इस पोजीशन में रहें।
- फिर पहली पोजीशन में वापस आ जाएं।
- इस एक्सरसाइज को कई बार दोहराएं।
आप भी इन एक्सरसाइज को करके पूरे शरीर की चर्बी को एकसाथ जलाएं। उम्मीद है कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें, साथ ही कमेंट भी करें। फिटनेस से जुड़े ऐसे ही और आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock & Freepik
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।