क्या डिलीवरी के बाद आपका वजन कम होने का नाम नहीं ले रहा है? तो चिंता मत कीजिए। आज हम आपको 5 ऐसी जादुई चीजों के बारे में बताएंगे, जो वजन कम करने और हार्मोन को संतुलित करने में मदद करेंगी। डिलीवरी के बाद बढ़े हुए वजन को तेजी से कम करने वाली चीजों के बारे में हमें मैटरनल और चाइल्ड न्यूट्रिशनिस्ट डॉक्टर रमिता कौर बता रही हैं। ये सारी चीजें आपको किचन में आसानी से मिल जाएंगी।
नींबू करता है कमाल
पाचन को बढ़ावा देने वाले विटामिन-सी और एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होने के कारण नींबू वजन कम करने में मदद करता है। इसमें यूरिन को बढ़ाने वाले गुण होते हैं, जो शरीर को डिटॉक्स करते हैं और फैट बर्न करने में मदद करते हैं।
साथ ही, यह जादुई औषधि शरीर के मेटाबॉलिज्म को काफी हद तक बढ़ा सकती है। इससे भी वजन कम करने में मदद मिलती है।
टिप: मिड मॉर्निंग मील में 1 चम्मच भीगे हुए चिया सीड्स के साथ नींबू पानी लें।
इसे जरूर पढ़ें: मोटापे से छुटकारा दिलाते हैं ये 4 टिप्स, 1 महीने में दिखेगा बदलाव
मेथी के बीज हैं जबदरस्त
किचन में मौजूद बहुत सारी चीजें वजन कम करने में मदद करती हैं। मेथी दाना उनमें से एक है। मेथी के बीजों का इस्तेमाल सदियों से इसके चिकित्सकीय और औषधीय गुणों के लिए किया जाता रहा है। ये छोटे बीज फाइबर, आयरन, विटामिन-ए और डी से भरपूर होते हैं। अगर इनका सेवन सही तरीके से किया जाए, तो ये वेट लॉस में भी मदद करते हैं।
मेथी के बीज में अधिक मात्रा में अघुलनशील फाइबर होता है, जो अच्छे पाचन के लिए जरूरी है और शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। साथ ही, एक सुपरफूड के रूप में, ये भूख कम करते हैं, तृप्ति का अहसास देते हैं, कैलोरी की मात्रा कम करते हैं और ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल में रखते हैं।
टिप: मेथी दाना (1 चम्मच) रात को पानी में भीगो दें। फिर सुबह खाली पेट लें।
सौंफ है बेमिसाल
सौंफ कंजेशन, अस्थमा, पेट की गैस और अन्य पाचन संबंधी समस्याओं सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं को ठीक करने में मदद करती है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि सौंफ का इस्तेमाल वजन को कम करने लिए भी किया जा सकता है।
सौंफ मेटाबोलिज्म को बढ़ाती है, वाटर रिटेंशन को रोकती है और भूख को कम करती है। इसमें कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व जैसे फाइबर, एंटी-ऑक्सीडेंट और मिनरल्स होते हैं, जो वेट लॉस को बढ़ावा देते हैं।
टिप: लंच और डिनर के बाद 1 चम्मच सौंफ चबाकर खाएं।
हल्दी और अदरक करती हैं जादू
हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो शरीर में सूजन को कम करने में मदद करते हैं। यह मोटापे के कारणों में से एक है। साथ ही इसमें करक्यूमिन, होता है, जो एक एंटीऑक्सीडेंट है। यह फैट को कम करने में मदद करता है।
टफ्ट्स यूनिवर्सिटी में किए गए अध्ययन के अनुसार, करक्यूमिन फैट टिश्यू को बढ़ने से रोकता है। इसके अलावा, हल्दी शुगर लेवल को कंट्रोल करके वजन कम करने में मदद करती है। इससे शरीर में ज्यादा फैट जमा नहीं होता है।
साथ ही, जिंजरोल, अदरक में एक ऐसा तत्व है, जिसमें शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। जिंजरोल ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करता है और वजन कम करने में मदद करता है। इसके अलावा, अदरक पाचन में सुधार करने के साथ सूजन और भूख को कम करती है।
इसे जरूर पढ़ें:तेजी से वजन कैसे घटाएं? मन में है सवाल तो ये 3 टिप्स आएंगे काम
टिप: सोने से पहले हल्दी वाला दूध लें (लो फैट वाला दूध)। इसमें एक चुटकी काली मिर्च जरूर डालें। सुबह या शाम की चाय में अदरक (छोटा 1 इंच ) डालें।
नई मां बच्चे की बेहतरी के लिए कितना त्याग करती हैं, लेकिन खुद का ध्यान रखना भूल जाती हैं। मां के लिए यह भी जरूरी है कि वह अपने स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दें। हेल्दी डाइट और फिजिकल एक्टिविटी के लिए समय निकालने के अलावा पर्याप्त आराम करना और हाइड्रेटेड रहना बेहद जरूरी है। इसके अलावा, परिवार या दोस्तों से मदद लेने से डरे नहीं।
आप भी इन चीजों की मदद से डिलीवरी के बाद बढ़े हुए वजन को आसानी से कम कर सकते हैं। अगर आप भी वजन कम करने के टिप्स के बारे में जानना चाहते हैं, तो हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।