साल भर के इंतजार के बाद जब होली का त्यौहार आता है, तो हम खुद को रंग खेलने से रोक नहीं पाते हैं। मगर रंग जब स्किन पर लग जाता है तो उसे रिमूव करना भी एक चुनौती हो जाता है। सबसे बड़ी समस्या है कि रंग जब नाखूनों पर लगता है, तब उसे रिमूव करना वाकई एक मुश्किल कार्य हो जाता है।
कई बार तो यह होली का रंग नाखूनों से महीनों नहीं निकल पाता है और यह देखने में भी बहुत ज्यादा बुरा लगता है। इसलिए आज हम आपको बताएंगे कि होली के रंग को नाखूनों से रिमूव करने के लिए आप घर पर ही किन नुस्खों को अपना सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें- Skin Care Tips: घरेलू नुस्खे अपनाएं, होली के बाद त्वचा को ग्लोइंग बनाएं
नेल रिमूवर
अगर आपके नाखूनों पर थोड़ा बहुत रंग ला हुआ है, तो आपको नेल रिमूवर का प्रयोग करना चाहिए। इस बात का ध्यान रखें कि अगर आपके नाखूनों पर थोड़ा बहुत रंग लगा है तब ही नेल रिमूवर से आपकी समस्या हल होगी। अगर आप रोज नेल रिमूवर से नाखूनों को साफ करने का प्लान कर रही हैं, तो यह भी सही नहीं होगा। नेल रिमूवर के इस्तेमाल के बाद आपको नेल क्रीम का भी प्रयोग करना चाहिए ताकि क्यूटिकल्स सॉफ्ट बने रहें।
बेकिंग सोडा
1 बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा पाउडर लें और पानी में उसे मिक्स कर लें। इसके बाद आपको इस मिश्रण को नाखूनों पर लगाना है और कुछ देर के लिए लगा रहने देना है। इसके बाद आप नाखूनों को वॉश कर लें।
नींबू का पानी
2 नींबू को पानी में निचोड़ लें और फिर इस मिश्रण में 5 से 10 मिनट के लिए नाखूनों को डिप करके रखें। अगर आप नियमित ऐसा करती हैं तो नाखूनों से रंग कुछ वक्त बाद पूरी तरह से निकल जाएगा। इतना ही नहीं, नाखूनों में चमक भी आ जाएगी।
इसे जरूर पढ़ें- Hair Care Tips : होली से पहले और बाद में ऐसे करें अपने बालों की केयर
सेब का सिरका
एक कॉटन बॉल में सेब का सिरका लगाएं और उससे नाखूनों को साफ (नाखून साफ करने के हैक्स) करें। नाखूनों को साफ करने के बाद आपको नारियल का तेल उसमें लगा लेना चाहिए। ऐसा करने से नाखूनों की शाइन बनी रहती है।
अमचूर का पाउडर
अमचूर पाउडर को पानी में मिक्स करें और इससे एक लेप तैयार करें। इसके बाद आप इस लेप को नाखूनों पर रगड़ें। ऐसा करने से भी आपके नाखून साफ हो जाएंगे, मगर इससे नाखूनों की शाइन कम हो सकती है, इसके लिए आप नेल केयर क्रीम का प्रयोग कर सकती हैं।
पैट्रोलियम जेली
पैट्रोलियम जेली में थोड़ा सा नींबू का रस मिक्स करके भी आप नाखूनों पर लगाती हैं तो रंग साफ हो जाता है। ऐसा करने से बेशक तुरंत रंग साफ न हो, मगर 3 से 4 बार इस प्रक्रिया को करने पर आपको अच्छे रिजल्ट्स देखने को मिलेंगे।
नारियल का तेल
नारियल के तेल में नींबू के रस को मिक्स करें और इस मिश्रण में कॉटन बॉल्स को डिप करें और इससे नाखूनों को साफ करें। ऐसा करने पर नाखूनों पर लगा रंग भी साफ होगा और उसमें शाइन भी आएगी।
उम्मीद है कि आपको हमारा ये आर्टिकल पसंद आया होगा। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए आर्टिकल के नीचे आ रहे कमेंट सेक्शन में हमें कमेंट कर जरूर बताएं और जुड़े रहें हमारी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।