औषधीय पौधे आयुर्वेदिक चिकित्सा का अभिन्न अंग हैं। जीवन को बेहतर बनाने में इन पौधों के योगदान के लिए जितना धन्यवाद दिया जाए, उतना कम है। आप बीमारियों को ठीक करने, बीमारियों को रोकने और स्वस्थ शरीर पाने के लिए घर में इन आयुर्वेदिक चिकित्सा के चमत्कारों का उपयोग कर सकते हैं।
घर पर लगे औषधीय पौधे बहुत काम आते हैं। इन पौधों का इस्तेमाल बिना किसी साइड इफेक्ट्स के सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, सिरदर्द, घावों और बालों और त्वचा की सेहत को दुरुस्त रखने के लिए किया जा सकता है। अगर आपको गार्डनिंग का शौक है और घर पर आयुर्वेदिक पौधे लगाने की सोच रहे हैं, तो हम आपको बता रहे हैं कि आप कौन से पौधों को घर पर आसानी से गमलों में लगा सकते हैं।
आयुर्वेद एक्सपर्ट ऐश्वर्या संतोष ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ औषधीय पौधों की जानकारी शेयर की है। उन्होंने 4 आसानी से उगाए जाने वाले आयुर्वेदिक पौधों और उनके फायदों के बारे में बताया है, जिसे आज हम आपके लिए लेकर आए हैं-
तुलसी
आयुर्वेद में तुलसी का इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है। तुलसी का पौधा वातावरण को शुद्ध करता है। साथ ही, इसके ढेर सारे स्वास्थ्य लाभ हैं। एंटी-बैक्टीरियल के साथ-साथ कफ को दूर करने वाले गुणों के कारण तुलसी सर्दी-खांसी को दूर करने में मदद करती है।
इसके अलावा, इसमें विटामिन-सी, कैल्शियम और मिनरल्स, एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेंटरी गुण पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए अच्छे होते हैं। चाय बनाने के लिए उबलते पानी में तुलसी के थोड़े से पत्ते डालें। फिर इसे पिएं। आप स्वाद के लिए शहद की कुछ बूंदें मिला सकते हैं।
तुलसी के फायदे
- तुलसी कफ की समस्या में उपयोगी होती है।
- पेट में कीड़े की परेशानी को ठीक करती है।
- भूख और स्वाद में सुधार करती है।
- किडनी स्टोन में फायदेमंद होती है।
- पाचन में सुधार करती है।
- कीड़े के काटने पर फायदेमंद होती है।
- अस्थमा और सांस संबंधित बीमारियों में राहत पहुंचाती है।
- स्किन संबंधित समस्याओं के लिए फायदेमंद होती है।
- थकान को दूर करने में मददगार होती है।
- नेचुरल इम्यूनिटी बूस्टर है।
नीम
यह पौधा हमारे पूर्वजों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला पहला नेचुरल टूथब्रश है क्योंकि यह दांत के दर्द को दूर करता है और मसूड़ों से संबंधित रोगों को रोकता है। इसका जूस औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है और आयुर्वेद में नियमित रूप से कई प्रकार की बीमारियों के इलाज के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है।
नीम के फायदे
- बॉडी को ठंडा रखता है।
- यूरिन से जुड़ी समस्याओं को दूर करता है।
- त्वचा की कई बीमारियों में फायदेमंद होता है।
- पाचन को बेहतर बनाता है।
- थकान दूर करता है।
- घाव को साफ करने और भरने का काम करता है।
- डायबिटीज में मददगार है।
एलोवेरा
एलोवेरा भले ही एक छोटा-सा पौधा है, लेकिन इसका इस्तेमाल औषधि के रूप में किया जाता है। इसके औषधीय गुणों की बात की जाए, तो इसमें एंटीसेप्टिक, एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और कई अन्य गुण मौजूद होते हैं। साथ ही, इसमें विटामिन-ए और फोलिक एसिड जैसे जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो बीमारियों को दूर करने में मदद करते हैं। त्वचा या बालों से जुड़ी कोई समस्या हो या पेट की, एलोवेरा के बहुत सारे फायदे हैं।
एलोवेरा के फायदे
- जलने होने पर राहत पहुंचाता है।
- कब्ज और एसिडिटी से राहत दिलाता है।
- घाव को ठीक करता है।
- बॉडी को ठंडा रखता है।
- पेट संबंधित परेशानियों में फायदेमंद है।
- पीरियड्स के दर्द में कारगर होता है।
- लिवर के काम में सुधार करता है।
इंडियन बोरेज
इस सुगांधित औषधीय पौधे का इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है। आपके मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने से लेकर अपच का इलाज करने तक, इंडियन बोरेज के बहुत सारे फायदे हैं।
इंडियन बोरेज को मैक्सिकन मिंट के रूप में भी जाना जाता है। इसके कुछ सबसे अच्छे स्वास्थ्य लाभों में त्वचा के स्वास्थ्य में सुधार करना, शरीर को डिटॉक्सिफाई करना, सर्दी से बचाव, अर्थराइटिस के दर्द को कम करना, तनाव और चिंता से राहत देना आदि शामिल हैं।
इसे जरूर पढ़ें:कफ की समस्या दूर करने वाला यह पौधा गार्डन में जरूर लगाएं
इंडियन बोरेज के फायदे
- पाचन को बेहतर बनाता है।
- भूख में सुधार करता है।
- पेट में कीड़े की परेशानी दूर करता है।
- बुखार में फायदेमंद होता है।
- कफ की समस्या में उपयोगी होता है।
- इसे लगाने से सिरदर्द में राहत मिलती है।
- बदहजमी में कारगर होता है।
आप भी ये सारे फायदे पाने के लिए घर में इन 4 आयुर्वेदिक पौधों को जरूर लगाएं। आपको भी हेल्थ से जुड़ी कोई समस्या है, तो हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं और हम अपनी स्टोरीज के जरिए इसका हल करने की कोशिश करेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।